रोते हुए हरीश शर्मा की बेटी अंजली बोली, विज अंकल, न्याय न मिला तो आंदोलन करुंगी
पिता हरीश शर्मा के सही सलामत लौट आने की दुआ करती पार्षद अंजली के आंसू थमने के नाम नहीं ले रहे थे। वहीं रोती हुए अंजली ने कहा कि विज अंकल! न्याय न मिला तो आंदोलन करने से पीछे नहीं हटूंगी।
पानीपत, जेएनएन। भाजपा की पार्षद अंजली शर्मा की एकटक निगाहें बाहर लगी रहती हैं। उम्मीद है कि पिता हरीश शर्मा सही सलामत लौट आएंगे। अनहोनी की आशंका में आंखों से आंसू बह जाते हैं। शुक्रवार शाम को विधायक प्रमोद विज पार्षदों के साथ उनके घर पहुंचे। जैसे ही सिर पर हाथ रखा, ढाढस बंधाया तो आंसू रोके नहीं रुके। पापा को ढूंढ लाने की बात कहते हुए कहा, विज अंकल। हमें न्याय न मिला तो पापा के लिए आंदोलन करने से पीछे नहीं हटूंगी। मेरे साथ पूरा वार्ड है। वे भी न्याय का इंतजार कर रहे हैं। जिन पुलिसकर्मियों की वजह से पापा दबाव में आए, उनको सजा मिले। टर्मिनेट किए जाएं। उनकी यही मांग है। पार्षद रवींद्र भाटिया, लोकेश नांगरू, दुष्यंत भट्ट के साथ विधायक प्रमोद विज शाम करीब साढ़े चार बजे हरीश शर्मा के घर पहुंचे। स्वजनों को बताया कि गोताखोर कहां-कहां पर तलाश कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से आरोपितों पर कार्रवाई की जा रही है। यहीं पर हरीश के भाई सतीश शर्मा ने बताया कि पुलिस के कुछ लोग सीसीटीवी फुटेज की रिकार्डिंग लेकर गए हैं। ये रिकार्डिंग तो एसआइटी को लेनी चाहिए थी।
बड़े सवाल और उनके जो मिले जवाब
1- हरीश और अंजली शर्मा 17 नवंबर को प्रदेश के गृहमंत्री अनिल विज से मिलने गए थे। तब अनिल विज ने आश्वासन दिया था कि पुलिस परेशान नहीं करेगी। अंजली ने बताया कि उनके सामने ही अनिल विज ने एसपी को फोन किया था। इसके बावजूद उन्हें प्रताडि़त किया गया।
जवाब : अनिल विज कह चुके हैं कि इस मामले में किसी को बख्शा नहीं जाएगा। जब एसपी को उन्होंने खुद फोन कर दिया, तब भी हरीश शर्मा के परिवार को क्यों प्रताडि़त किया गया। विज इसी वजह से उच्चस्तरीय जांच शुरू करा चुके हैं।
2- विधायक प्रमोद विज खुद हरीश शर्मा के घर पहुंचे, तब भी क्यों पुलिस ने प्रताडि़त किया
जवाब : प्रमोद विज का कहना है कि उन्होंने हरीश शर्मा के घर में जाकर आश्वासन दिया था कि किसी से घबराने की जरूरत नहीं है। फोन पर भी कहा था कि जरूरत है तो मेरे घर आ जाएं। पुलिस ने गलत किया है। कार्रवाई जरूर होगी।
3- अंजली का कहना है कि क्या हम आतंकवादी थे। पुलिस कहती रही कि हरीश शर्मा सुसाइड कर लो, नहीं तो तुम्हारे परिवार को जान से मार देंगे। पापा ने इसी तनाव में नहर में छलांग लगा दी।
जवाब : विधायक प्रमोद विज का कहना है कि पूरे मामले की जांच हो रही है। सख्त कदम उठाया जाएगा। दो पुलिसकर्मी सस्पेंड किए ही जा चुके हैं।