Hisar News: हरियाणा में बाढ़ का कहर, जलभराव के कारण कई स्कूल बंद; शिक्षा व्यवस्था चरमराई
हरियाणा में बाढ़ के कारण शिक्षा क्षेत्र को भारी नुकसान हुआ है। कई जिलों में स्कूल जलभराव के कारण बंद रहे। भिवानी में 19 स्कूल अभी भी जलमग्न हैं। सिरसा के शक्करमंदोरी गांव में कक्षाएं मंदिर में लग रही हैं। कुरुक्षेत्र के पिहोवा में 8 स्कूलों में अवकाश है जबकि रोहतक में कुछ स्कूलों को दूसरी इमारतों में शिफ्ट किया गया है।

जागरण टीम, हिसार/ पानीपत। बाढ़ग्रस्त प्रदेश में कृषि क्षेत्र के साथ सबसे अधिक नुकसान पहुंचा है तो वो शिक्षा का क्षेत्र है। इन हालात में कई जिलों में शिक्षण संस्थान कई दिन तक बंद करने पड़े। अब भी काफी संख्या में ऐसे स्कूल हैं जिनके परिसर में जलभराव है। इन स्कूलों में कक्षाएं बंद हैं। कुछ दूसरी इमारत में शिफ्ट किए हैं।
भिवानी जिले में 19 ऐसे स्कूल हैं जो अभी तक जलभराव के कारण शिक्षण कार्य नहीं करा पा रहे हैं। कुछ ही ऐसे हैं जिनकी कक्षाएं दूसरे स्कूलों में लगाई जा रही हैं। सिरसा के शक्करमंदोरी गांव के स्कूल में भी जलभराव हुआ है, जिसके कारण बच्चों की कक्षाएं मंदिर में लगाई जा रही हैं। झज्जर जिले में अभी इस स्थिति से राहत मिल गई है। 26 स्कूलों में जलभराव हुआ था।
कुरुक्षेत्र जिले में खंड शाहाबाद और पिहोवा में 27 सरकारी स्कूलों में जलभराव हुआ था। पानी उतरने के बाद शाहाबाद के सभी स्कूलों को तो खोल दिया गया है, जबकि पिहोवा में आठ स्कूलों में अभी भी पानी पूरी तरह से नहीं उतरा है। इन स्कूलों में अवकाश घोषित है। ऐसा ही हालत रोहतक जिले में है। यहां महम और कालनौर क्षेत्र के 11 सरकारी स्कूलों में जलभराव की स्थिति थी। हालांकि, इनमें से कुछ स्कूलों को गांव के दूसरे स्कूलों में शिफ्ट कर पढ़ाई करवाई जा रही है।
रोहतक के जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मलिक ने बताया कि अब कहीं पढ़ाई बंद नहीं है, केवल कुछ स्कूलों को दूसरी इमारतों में शिफ्ट किया गया है।
जिलावार जाने स्कूल में कैसे बने हैं हालात
यमुनानगर: 20 से अधिक स्कूलों में जलभराव हुआ था, अब सभी स्कूलों में पढ़ाई शुरू हो चुकी है। जींद: चार की कक्षाएं दूसरी जगह लग रही।
रोहतक: 11 सरकारी स्कूलों में जलभराव हुआ था, अभी 5 स्कूलों के ग्राउंड में पानी है और इन्हें दूसरे स्कूलों में शिफ्ट किया गया है।
सिरसा: शक्करमंदोरी गांव के स्कूल में जलभराव हुआ है और कक्षाएं मंदिर में लग रही हैं। कई आज से खुलेंगे। झज्जर: जिले में अभी कोई स्कूल बंद नहीं है। पिछले दिनों छह दिन अवकाश घोषित करना पड़ा था। कुछ जगह स्कूल के रास्तों में जलभराव की समस्या है।
अंबाला: तीन सरकारी स्कूलों में जलभराव हुआ था, अब पानी निकल चुका है और पढ़ाई शुरू हो गई है।
कैथल: जिले में किसी भी स्कूल में पानी नहीं भरा था।
फतेहाबाद: 12 सरकारी स्कूलों में जलभराव हुआ था, अब सभी जगह कक्षाएं लग रही हैं। करनाल: सभी सरकारी स्कूल सुचारू रूप से चल रहे हैं, किसी भी स्कूल में छुट्टी नहीं की गई है।
कुरुक्षेत्र: 27 सरकारी स्कूलों में जलभराव हुआ था, शाहाबाद के स्कूलों में पढ़ाई शुरू हो गई है, पिहोवा में 8 स्कूलों में अभी भी अवकाश है।
हिसार: 20 गांवों के 46 सरकारी स्कूलों में अभी भी जलभराव की स्थिति है और अधिकारी समस्या का समाधान करने में जुटे हैं।
डीईओ-बीईओ की टीम कर रही दौरा, पंचायतें करेंगी मदद
प्रदेश के 11 जिलो में बाढ़ के कारण स्कूल परिसर में जलभराव समस्या अभी तक दूर नहीं हुई है। शिक्षा िवभाग की ओर से डीईओ-बीईओ की टीमें इन स्कूलों का दौरा कर रही हैं। पंचायतों से जलभराव पर सहयोग मांगा जा रहा है। प्रदेश मुख्यालय की ओर से सभी स्कूलों से फोटो समेत हालात की रिपोर्ट तलब की गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।