सीएम मनोहरलाल ने पानीपत में बताया, इसलिए बना रहे नए कार्यालय, सुनाया शाह का किस्सा
पानीपत के सेक्टर 13-17 में भाजपा के नए कार्यालय का शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने हवन में आहूति डाली। सीएम ने कहा अमित शाह ने कहा था हर जिले में होना चाहिए अपना कार्यालय। सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं।
पानीपत, जेएनएन - प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने पानीपत में भारतीय जनता पार्टी के नए बनने वाले कार्यालय के लिए भूमि पूजन किया। हवन में आहूति डाली। इसके साथ ही उन्होंने वो किस्सा भी बताया, जब अमित शाह ने पार्टी के नए कार्यालय बनाने के लिए बैठक की थी। तब अमित शाह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे।
मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने कहा कि जब अमित शाह अध्यक्ष थे, तब उन्होंने सभी प्रमुख कार्यकर्ताओं, प्रदेश के मुख्यमंत्रियों को बैठक के लिए बुलाया। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में पार्टी का बड़ा कार्यालय होना चाहिए। समाज को लगना चाहिए कि ये हमारी पार्टी है। पार्टी घरों से नहीं चलनी चाहिए। तब ये तय हुआ था देशभर के सभी जिलों में 650 कार्यालय बनाए जाएंगे। उसी योजना को मूर्त रूप दिया जा रहा है। हरियाणा की बात करें तो सात जिलों में तो नए कार्यालय का उद्घाटन हो चुका है। छह का शिलान्यास हो चुका है। सात निर्माणाधीन हैं। फरीदाबाद और सिरसा में भूमि का आवंटन नहीं हुआ है। जल्द ही वहां भी काम शुरू हो जाएगा। यह पार्टी की बड़ी उपलब्धि है।
नाम लेकर बताया, क्यों होना चाहिए पार्टी कार्यालय
सीएम ने कहा कि जब पार्टी घरों से चलती है तो वहां पर नेता अपने नाम का बोर्ड लग लेता है। चाहे सांसद संजय भाटिया हों, अर्चना गुप्ता हों, विधायक महिपाल ढांडा, प्रमोद विज और मेयर अवनीत कौर हों। इनके अपने कार्यालय हो सकते हैं। सच्चे मन से पार्टी का काम भी करते हैं लेकिन राजनीति में कोई न कोई विरोधी मिल ही जाता है। कई बार विरोधी इतनी गांठ बांध लेता है कि वो नेता के कार्यालय जाता ही नहीं। समाज में कठोर टिप्पणी करता है। लेकिन जब पार्टी का अपना कार्यालय होता है तो वो सांझा हो जाता है। वहां किसी नेता का लेबल नहीं लगता। अगर एक नेता का बोर्ड लगता भी है तो लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुसार तीन साल बाद बदलाव भी होता है। नए नेता, नए पदाधिकार आ जाते हैं।
राहुल गांधी के दायें हाथ पर कसा तंज
मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने रणदीप सुरजेवाला का नाम लिए बिना कहा कि राहुल गांधी के एक दायें हाथ हैं। जींद उपचुनाव में विधायक बनने आ गए थे। जमानत ही बहुत मुश्किल से बची। इसके बाद कैथल से भी उनकी छुट्टी हो गई। मेयर के चुनाव में हमने सभी सीटों पर बड़े अंतर से जीत दर्ज की। विधानसभा चुनाव में सीटें जरूर कम हुईं लेकिन वोट प्रतिशत 33 से 36 फीसद हो गया। हम लगातार अपना काम कर रहे हैं। जनता के बीच हमारी स्वीकार्यता बढ़ रही है।
शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा पर फोकस
सीएम ने कहा कि हमारी सरकार का फोकस शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा पर है। पंचायत चुनाव के लिए हमने महिलाओं को पचास फीसद आरक्षण देकर समानता की बात की है। पिछड़े वर्ग को कारोबार में आगे बढ़ाने के लिए रियायत दी है। परिवार पहचानपत्र के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा देने की जिम्मेदारी निभाएंगे। किसी भी परिवार की तकलीफ हमारी अपनी तकलीफ होगी। माडल संस्कृति स्कूलों की संख्या 18 से बढ़ाकर 125 कर दी है। एक हजार प्लेवे स्कूल खोलेंगे, जहां निजी स्कूलों से भी बेहतर शिक्षा और माहौल मिलेगा।
यह भी पढ़ें: पंजाब के अबोहर में युवती को सहेली से हुआ प्यार, मिलने से मना किया तो सरे बाजार काटी नस
यह भी पढ़ें: परिवार के खिलाफ जाकर की कोर्ट मैरिज, अब पत्नी भी छोड़ गई साथ, नवजात को लेकर भटक रहा पिता
यह भी पढ़ें: पंजाब की दो महिलाएं बनीं मिसाल, साबित किया मानवता सबसे बड़ा धर्म, दो को दिया जीवनदान
यह भी पढ़ें: पंजाब सरकार और रेलवे की खींचतान में फंसी मालगाडिय़ां, नहीं शुरू हुआ परिचालन
यह भी पढ़ें: पंजाब के शौर्य चक्र विजेता बलविंदर हत्याकांड में पिस्टल व अन्य हथियार बरामद, चार और गिरफ्तार
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें