दो दूल्हों के बीच फंसी बेचारी दुल्हन, बरात न आई और रह गई बिन ब्याही
पानीपत में एक दुल्हन दो दूल्हों के बीच में फंस कर बिन ब्याही रह गई। दुल्हन और उसका परिवार इंतजार करते रह गए, लेकिन बरात नहीं आई। अब मामला पुलिस में पहुंच गया है।
जेएनएन, पानीपत। यहां एक दुल्हन दो दूल्हों के बीच फंस कर रह गई है। उसकी शादी जिससे तय हुई वह किसी महिला को लेकर भाग गया। ऐसे दूल्हे के छोटे भाई से शादी तय की गई और युवती भी इसके लिए राजी हो गई। बरात आने से पहले बड़ा भाई लौट आया और खुद शादी करने पर अड़ गया, लेकिन दुल्हन ने इससे इन्कार कर दिया। इस कश्मकश में बरात नहीं आई और दुल्हन हाथों में मेहंदी रचाए दूल्हे का इंतजार करती रह गई।
जिससे रिश्ता तय हुआ वह तीन बच्चों की मां को लेकर फरार हो गया
मामला शहर की कश्यप कॉलोनी की है। वर पक्ष द्वारा बरात लाने से इन्कार के बाद दुल्हन के परिवार ने असंध पुलिस थाने में शिकायत दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली के गांव नूरपुर निवासी एक व्यक्ति यहां परिवार के साथ कई साल से कश्यप कॉलोनी में रह रहा है। युवती के पिता ने बताया कि दो महीने पहले उसकी बड़ी बेटी का रिश्ता सौंधापुर चौक के शाहिद पुत्र नासिर से तय हुआ था। बृहस्पतिवार को निकाह होना था।
छोटे भाई से रिश्ता तय किया तो बड़ा भी लौट आया और शादी करने पर अड़ा
पिेछले सोमवार को शाहिद का जीजा अखलाक शादी तय करने में बिचौलिये यासीन के पास पहुंचा और कहा कि शाहिद अपने माता-पिता से मारपीट कर तीन बच्चों की मां को भगा ले गया है। इसलिए वे शाहिद के छोटे भाई साहिल से निकाह करा देंगे। इस रिश्ते पर सहमति बन गई। इसी बीच मंगलवार को शाहिद घर लौट आया और खुद निकाह पर अड़ गया, लेकिन लड़की ने इन्कार कर दिया। हालांकि वह साहिल से निकाह करने पर सहमत थी।
यह भी पढ़ें: पूरे देश में चलेगा अब हरियाणवी स्टाइल, इस दिशा में बढ़ेगा कदम
दूसरी ओर, नासिर बड़े बेटे शाहिद की ही शादी करना चाहता था। उेसने शाहिद से शादी न होने की सूरत में इससे इन्कार कर दिया। इस पर युवती के पिता बुधवार आधी रात के बाद दो बजे असंध नाका चौकी पहुंचा और नासिर, शाहिद, अखलाक, यासीन और साहिल के खिलाफ शिकायत दे दी। पुलिस ने बृहस्पतिवार सुबह सात बजे दोनों पक्षों को चौकी बुलाया और शादी करने की बात कही। दूल्हा पक्ष इसके लिए राजी हो गया।
यह भी पढ़ें: रिजर्व बैंक की रिपोर्ट में खुलासा, कर्ज माफ करने से किसानों को नहीं हुआ कोई लाभ
इसके बावजूद बरात नहीं आई। पंचायती तौर पर लोगों ने 20 हजार रुपये में समझौता कराने का प्रयास किया, लेकिन दुल्हन के पिता ने इससे इन्कार कर दिया। बृहस्पतिवार को काफी इंतजार के बावजूद साहिल बरात लेकर नहीं पहुंचा। फोन करने पर अखलाक ने बताया कि साहिल बरात नहीं लाएगा। यह सुन दुल्हन बेहोश हो गई।
दुल्हन के पिता ने बताया कि वह एक फैक्टरी में काम कर परिवार का भरण पोषण कर रहा है। उसने बेटियों की शादी के लिए गांव का प्लॉट बेच दिया। फैक्टरी से ३.५० लाख रुपये का लोन भी लिया है। शादी के लिए उसने साढ़े छह लाख रुपये खर्च किए। उसके व उसकी बेटी के साथ शाहिद व उसके परिजनों ने धोखा किया है। उनके खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई करे।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें