पूरे देश में चलेगा अब हरियाणवी स्टाइल, इस दिशा में बढ़ेगा कदम
महिलाओं अौर बच्चियों से अपराध की घटनाआें से निपटने में पूरा देयश हरियाणवी स्टाइल अपनाएगा। केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने हरियाणा के तरीके को पूरे देश में अपनाने की वकालत की है।
जेएनएन, चंडीगढ़। बाल अधिकार एवं महिलाओं से घरेलू हिंसा को रोकने के लिए अब देश में हरियाणवी स्टाठल चलेगा। इस संबंध में कई ठोस कदम उठाने वाला हरियाणा अब दूसरे राज्यों को राह दिखाएगा। महिलाओं विशेषकर बालिकाओं को यौन हिंसा के मामलों में तेजी से न्याय मिले, इसके लिए केंद्र ने सभी राज्यों को हरियाणा के मास्टर प्लान के मुताबिक काम करने की नसीहत दी है।
बाल अधिकार एवं महिलाओं से घरेलू हिंसा को रोकने में कारगर हरियाणा सरकार के तरीके
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने हरियाणा में थाना स्तर पर संरक्षण एवं प्रतिषेध अधिकारी, दुष्कर्म मामले मेें साक्ष्यों को फुलप्रूफ सिस्टम से लैब तक पहुंचाने के लिए रेप किट जैसे उपायों को पूरे देश में लागू करने की वकालत की है। महिला, बाल सुरक्षा, पोषण अभियान, प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना समेत आधा दर्जन केंद्रीय योजनाओं पर हरियाणा का प्रदर्शन शानदार रहा है।
सभी राज्यों में थाना स्तर पर संरक्षण एवं प्रतिषेध अधिकारियों की नियुक्ति तथा रेप किट देने की वकालत
नाबालिगों से दुष्कर्म व सामूहिक दुष्कर्म के दोषियों को कड़ी सजा तथा 12 साल से कम आयु की बच्चियों से घिनौने अपराध पर फांसी की सिफारिश करने वाला हरियाणा उत्तर भारत में पहला राज्य है। आधी आबादी को आत्म सम्मान दिलाने तथा गलत हरकतें सहन करने की बजाय उन्हें दोषियों पर कड़ी कार्रवाई कराने के लिए आगे आने काे प्रेरित किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: काफी मशक्कत के बाद मिला मां का डेथ सर्टिफिकेट, फिर देखकर बेटे के उड़े होश
सरकार का कहना है कि महिलाओं के प्रति अपराध को किसी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों को बाकायदा रेप किट दी गई है। इसमें जांच अधिकारी मौके पर जाकर किट के मापदंड के अनुसार निर्धारित सैंपल और साक्ष्य जुटाते हैं। फिर इस किट को पूरी तरह से बंद कर फारेंसिक साइंस लैब में भिजवाया जाता है ताकि साक्ष्यों से छेड़छाड़ की संभावना को खत्म किया जा सके।
--------
फॉरेंसिक एविडेंस मैनेजमेंट सिस्टम जल्द
प्रदेश में जल्द ही फारेंसिक एविडेंस मैनेजमेंट सिस्टम शुरू होने जा रहा है। इस व्यवस्था में बारकोड लगने के बाद यह पता लगाना नामुमकिन होगा कि यह साक्ष्य किस थाने, आरोपी, जिले या वारदात से संबंधित है। इससे पीडि़तों को जल्द न्याय दिलाना संभव हो जाएगा। इसके अलावा जिला स्तर पर महिलाओं से मिले फीडबैक के आधार पर यौन हिंसा के आरोपितों को सरकारी योजनाओं का लाभ (राशन छोड़कर) निलंबित करने का खाका तैयार हो चुका। महिलाओं विशेषकर बेटियों की सुरक्षा दुर्गा शक्ति ऐप सुनिश्चित करेगा।
यह भी पढें: चंडीगढ़ की कुड़ियों को भा रही नाइट लाइफ, हो रहीं इन चीजों की दीवानी
------
हरियाणा की पहल बनी मिसाल : कविता जैन
'' बाल एवं महिला अपराध से निपटने के हरियाणा के प्रयासों की तारीफ करते हुए केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने दूसरे राज्यों को अनुसरण करने का निर्देश दिया है। थाना स्तर पर संरक्षण एवं प्रतिषेध अधिकारी नियुक्त करने, दुष्कर्म मामलों में जांच अधिकारी को रेप किट मुहैया कराने तथा कड़े कानून बनाने की इच्छाशक्ति को केंद्रीय मंत्री ने मिसाल बताया है। महिला पुलिस केंद्रों के लिए दुर्गा वाहिनी बटालियन और दुष्कर्म पीडि़ता को न्याय के लिए निजी वकील करने के लिए 22 हजार रुपये की मदद की व्यवस्था की गई है।
- कविता जैन, महिला एवं बाल विकास मंत्री, हरियाणा।