हरियाणा के सफाई कर्मियों के लिए बड़ी खबर, नगर परिषद में पक्के पदों पर समायोजित होंगे पेरोल कर्मी
हरियाणा सरकार ने सफाई कर्मियों को बड़ी राहत दी है। नगर परिषद में पक्के पदों पर पेरोल सफाई कर्मी समायोजित किए जाएंगे। निदेशालय की तरफ से नगर निगम परिषद और पालिकाओं के लिए स्वीकृत किए थे 2139 पद। इससे कर्मियों में खुशी है।

कैथल, जागरण संवाददाता। हरियाणा के सफाई कर्मचारियों की पुरानी मांग अब जल्द ही पूरी होने जा रही है। करीब एक महीना पहले निदेशालय की तरफ से नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाओं के लिए 2139 पक्के पद स्वीकृत किए गए थे। इन पदों पर पेरोल के कर्मचारियों को समायोजित किया जाना है। इनमें नगर निगम में 972, नगर परिषद में 838 और नगर पालिकाओं में 329 पद स्वीकृत किए गए हैं। कैथल नगर परिषद में पहले पक्के सफाई कर्मचारियों के 207 पद स्वीकृत थे और अब 99 पद नए स्वीकृत किए गए हैं। अब पक्के कर्मचारियों के लिए 306 पद हो गए हैं। इस समय नप में करीब 160 पक्के कर्मचारी हैं और करीब 150 कर्मचारी पेरोल पर लगे हुए हैं।
खाली पदों पर पेरोल के कर्मचारियों को समायोजित करने की प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। कर्मचारियों की कागजातों की जांच शुरू हो चुकी है। नप लेखा अधिकारी मनोज चहल, लेखाकार अधिकारी साहब राम, कर्मचारी अजय कुमार, विक्की टांक कागजातों की जांच कर रहे हैं। एक सप्ताह में पेरोल के कर्मचारियों को पक्के पदों पर समायोजित कर दिया जाएगा। हालांकि समायोजित होने के बाद भी पेरोल के कर्मचारियों को कोई अतिरिक्त लाभ नहीं मिलेगा, लेकिन स्वीकृत हुए पक्के पदों पर नई भर्ती नहीं हो पाएगी।
नगर पालिका में भी स्वीकृत हुए पद
नगर परिषद के अलावा नगर पालिका कलायत और चीका में भी सफाई कर्मचारियों के पक्के पद स्वीकृत किए गए हैं। नपा कलायत में पक्के कर्मचारियों के 23 पद स्वीकृत थे और 23 पद नए स्वीकृत किए गए हैं। नपा चीका में 40 पद स्वीकृत थे और अब 22 नए पद स्वीकृत किए गए हैं। इन पदों पर अब पेरोल के सफाई कर्मचारी समायोजित किए जाएंगे।
निदेशालय की तरफ से नगर परिषद के लिए 99, नपा कलायत के लिए 23 और नपा चीका के लिए 22 पक्के पद स्वीकृत किए गए थे। इन पदों पर पेरोल के कर्मचारी समायोजित किए जाने हैं। इस कार्य को लेकर कागजातों की जांच का कार्य शुरू किया जा चुका है।
- कुलधीर सिंह, जिला पालिका आयुक्त।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।