विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 21, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Basmati Paddy: कुरुक्षेत्र की अनाज मंडियों में घटी बासमती धान की आवक, दाम बढ़े

By Rajesh KumarEdited By:
Published: Sun, 21 Nov 2021 02:34 PM (IST)

Basmati Paddy कुरुक्षेत्र की अनाज मंडियों में बासमती धान की आवक कम होने से उसके दामों में बढ़ोतरी हुई है। ...और पढ़ें

कुरुक्षेत्र में शनिवार को 4300 के पार पहुंचे बासमती के दाम।
कुरुक्षेत्र में शनिवार को 4300 के पार पहुंचे बासमती के दाम।

कुरुक्षेत्र, जागरण संवाददाता। कुरुक्षेत्र की अनाज मंडियों में बासमती धान की आवक कम होते ही अब इसके दामों में उछाल आ गया है। पिछले 20 दिनों से बासमती के दाम 3400 से 3900 रुपये तक चल रहे थे। अब शुक्रवार और शनिवार को इसके दामों में एकाएक 200 से 300 रुपये तक का उछाल आ गया है। बासमती के दामों में उछाल आने पर सोमवार को इसकी आवक में कुछ तेजी आने का अनुमान जताया जा रहा है। हालांकि इस साल जिला भर में बासमती का रकबा गत वर्ष के मुकाबल 35 फीसद के करीब कम रहा है।

बासमती का रकबा घटा

गौरतलब है कि जिला भर में एक लाख 12 हजार हेक्टेयर में धान की फसल लगाई जाती है। गत वर्ष धान के कुल रकबे में से करीब 37 फीसद में बासमती धान लगाई गई थी। इस बार बासमती का रकबा घटकर 10 फीसद के करीब रहने का अनुमान लगाया जा रहा है। परमल किस्म की धान की कटाई होने के बाद अक्टूबर माह के अंतिम दिनों में बासमती की कटाई शुरू हो गई थी। नवंबर के शुरुआती दिनों में बासमती के दाम 3400 से 3800 रुपये प्रति क्विंटल के करीब रहे। दीपावली के बाद कुछ आवक में सुधार होने पर बासमती के दामों में भी सुधार दिखा। पिछले करीब 15 दिनों से कंबाइन से कटवाई बासमती के 3300 से 3500 रुपये तक और हाथ कटाई की बासमती 3700 से 3900 रुपये तक बिक रही थी। अब इसके दामों में एकाएक उछाल आया है।

कम होने लगी आवक

थानेसर अनाज मंडी के आढ़ती राजबीर पिंडारसी ने बताया कि पिछले बार के मुकाबले इस बार जिला भर में पहले ही बासमती कम है। पिछले कई दिनों से बासमती की आवक कम होने लगी थी। गत वर्ष पैदावार कम रहने पर इस बार किसानों ने बासमती लगाने से परहेज किया था।

दो दिनों से बढ़े दाम

आढ़ती पवन चौधरी ने बताया कि पिछले दो दिनों से बासमती के दाम बढ़ने लगे हैं। शनिवार को हाथ की कटाई बासमती के दाम 4380 रुपये प्रति क्विंटल तक रहे हैं। अब आवक कम होने लगी है। शनिवार को अनाज मंडी में करीब एक हजार क्विंटल की बासमती पहुंची थी। शनिवार को दाम अच्छे रहने पर सोमवार को आवक में कुछ तेजी आ सकती है।