मामा के घर आई किशोरी से रेप, गर्भवती हुई तो मां और नानी ने करवा दिया गर्भपात, नवजात बच्ची का शव नाले से बरामद
हरियाणा के पानीपत में नानी के घर आई किशोरी से दो बच्चों के पिता ने कई बार दुष्कर्म किया। जिसके बाद पीड़िता नौ महीने की गर्भवती हो गई। जब ये बात घरवालों को पता चली तो पीड़िता की नानी और मां ने किशोरी का गर्भपात कराकर नवजात बच्ची की हत्या कर शव को गांव के नाले में फेंक दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जागरण संवाददाता, पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले के मतलौडा खंड के एक गांव में दो बच्चों के पिता ने नानी के घर आई जींद की किशोरी से कई बार दुष्कर्म किया। किशोरी नौ माह की गर्भवती हो गई, तो पांच अगस्त को मां व नानी ने राजौंद में किशोरी का गर्भपात किया। नवजात बच्ची की हत्या कर शव गांव में नाले में फेंक दिया।
सात अगस्त को ग्रामीणों ने कुत्तों को बच्ची का शव नोंचते देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच की तो इस घटना का राजफाश हुआ। राजौंद थाना पुलिस ने बच्ची की हत्या करने पर किशोरी, उसकी मां और नानी पर केस दर्ज किया। मतलौडा थाना पुलिस ने किशोरी के पिता के बयान पर दुष्कर्म के आरोपित दिनेश उर्फ दीनू पर केस दर्ज किया है।
जींद के एक गांव की 17 वर्षीय किशोरी 19 अक्टूबर 2024 को मतलौडा के एक गांव में नानी के घर आई थी। 21 अक्टूबर 2024 को पड़ोस में रहने वाले दिनेश ने किशोरी को अपने घर बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। किसी को इस बारे में बताने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। किशोरी यहां कई दिन रही। आरोपित उसके साथ दुष्कर्म करता रहा।
चार अगस्त 2025 को किशोरी दोबारा नानी के घर आई थी। पांच अगस्त को पेट में दर्द हुआ। जिसके बाद निजी अस्पताल में जांच कराई तो वह नौ माह की गर्भवती मिली। नानी व मां उसे उसके मामा के घर राजौंद ले गए। वहां रात को नानी व मां ने गर्भपात कर दिया। नवजात बच्ची की हत्या कर दी और रात को ही शव नाले में फेंक दिया।
सात अगस्त की सुबह मां अपनी किशोरी बेटी को लेकर जींद में अपने गांव चली गई। जब ग्रामीणों ने बच्ची के शव को देखा उन्होंने इसकी सूचना राजौंद थाना पुलिस को दी। कुत्ते शव की टांग व कमर खा चुके थे। पुलिस व ग्रामीणों ने गांव की गर्भवती महिलाओं के घर दबिश दी, लेकिन सुराग नहीं लगा। फिर एक महिला ने अपने मामा के घर आई गर्भवती किशोरी के बारे में पुलिस को बताया।
पुलिस ने वहां दबिश देकर पूछताछ की। फिर पता चला कि एक वृद्धा और महिला यहां गर्भपात के लिए किशोरी को लेकर आई थी। राजौंद पुलिस ने मतलौडा के गांव में वृद्धा से पूछताछ की। उसने अपनी नातिन का गर्भपात और बच्ची की हत्या की वारदात का कबूलनामा किया।
पुलिस किशोरी के घर पहुंची और उससे भी पूछताछ की। किशोरी ने पुलिस को अपने साथ हुए दुष्कर्म के बारे में बताया। पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपित दिनेश उर्फ दीनू पर केस दर्ज किया। किशोरी, उसकी मां व नानी पर भी कानूनी कार्रवाई की गई।
बच्ची का शव राजौंद में मिला। वहीं, गर्भपात किया था। इस मामले की जांच राजौंद पुलिस कर रही है। हमारे क्षेत्र में दुष्कर्म हुआ है। हमने आरोपित पर केस दर्ज किया है। उसकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। -पवन कुमार, प्रभारी, मतलौडा थाना
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।