पानीपत में मां के साथ सो रही 6 साल की बच्ची को किडनैप कर किया रेप, खून से लथपथ हालत में घर पहुंची पीड़िता
पानीपत में एक 6 वर्षीय बच्ची का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने 45 वर्षीय आरोपी आदित्य को गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची अपनी मां के साथ सो रही थी जब आरोपी उसे रात में उठाकर ले गया। बच्ची के पिता ने दो लोगों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है जबकि पुलिस का कहना है कि दुष्कर्म एक ही व्यक्ति ने किया।

जागरण संवाददाता, पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले के तहसील कैंप पुलिस थाना क्षेत्र के अंर्तगत एक कॉलोनी में घर में मां के साथ सो रही छह साल की बच्ची का घर से अपहरण कर दुष्कर्म किया। कॉलोनी का ही 45 वर्षीय व्यक्ति घर में घुसकर बच्ची को सोमवार रात करीब डेढ़ बजे उठाकर ले गया था। पिता का दावा है कि बच्ची के साथ दो लोगों ने दुष्कर्म किया। बच्ची दो लोगों के बारे में बता रही है।
पुलिस एक व्यक्ति की ओर से दुष्कर्म करने की बात कह रही है। पुलिस ने बच्ची से आरोपित आदित्य की पहचान करवाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। बच्ची का जिला नागरिक अस्पताल में इलाज चल रहा है। बच्ची के पिता ने बताया कि वह नूरवाला में वेस्ट गोदाम में काम करता है। दो बेटी व एक बेटे का पिता है। मंझली बेटी छह साल की है।
सोमवार रात को पत्नी तीनों बच्चों के साथ बेड पर सो रही थी। वह आंगन में सो रहा था। बेटी ने पत्नी को रात सवा दो बजे जगाया और बताया कि पेट में दर्द है। पत्नी को लगा बेटी को शौचालय जाना है। वह शौचालय के पास लेकर गई। बच्ची रो रही थी, खून से सनी हुई थी और कपड़ों पर मिट्टी लगी थी। मां ने इस बारे में पूछा तो बच्ची ने बताया एक अंकल उसका मुंह दबाकर उठाकर ले गया था और सामने टूटे मकान में ले जाकर उसको पीटा और गलत काम किया। वहां दो लोग थे।
पत्नी ने उसे जगाया और बच्ची की हालत दिखाई। उसने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस बुलाई और वह बच्ची को लेकर जिला नागरिक अस्पताल में आए। यहां सुबह चार बजे डॉ. प्रीति ने मेडिकल किया। इसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई। आरोपित नशे की हालत में था, बच्ची को पकड़ते वक्त गिरा बच्ची ने बताया कि दो लोगों ने उसको डंडे से पीटा था। एक ने उसका मुंह दबोच लिया था।
जब वह उनसे छूटकर भागी तो उसे एक ने पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह शराब के नशे में वहीं गिर गया। वह दौड़कर घर में घुस गई थी। आरोपित ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह दीवार फांदकर बच्ची के मकान में घुसा था। वह बच्ची को उठाकर ले गया था। तहसील कैंप पुलिस थाना प्रभारी लाइन हाजिर एसपी भूपेंद्र सिंह ने तहसील कैंप थाना प्रभारी राजीव कुमार को लाइन हाजिर कर दिया है।
थाना प्रभारी को इस वारदात के बारे में सोमवार रात ढाई बजे पता चल गया था, लेकिन उन्होंने इसकी सूचना एसपी को नहीं दी। ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर उन्हें लाइन हाजिर कर दिया है। मुकेश कुमार को यहां का प्रभार दिया है। बच्ची का जिला नागरिक अस्पताल में इलाज चल रहा है। मेडिकल परीक्षण कराकर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित से पूछताछ की जा रही है। बच्ची के साथ एक व्यक्ति ने दुष्कर्म किया है।- मुकेश कुमार, एसएचओ, तहसील कैंप पुलिस थाना
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।