अच्छे कर्म के अच्छे परिणाम : विशाल मुनि
जागरण संवाद केंद्र, पानीपत : जैन संत डॉ. विशाल मुनि ने कहा कि इंसान अपने कृत कर्मो का फल अवश्य ही प्राप्त करता है, अगर अच्छे कार्य करें तो अच्छे फल और बुरे कर्म करे तो बुरा फल अवश्य प्राप्त होता है। मुनि विशाल गांधी मंडी स्थित जैन स्थानक में चातुर्मास के छटे दिन प्रवचन कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इंसान पाप के कार्य तो हंस कर करता है किंतु जब उदय में कर्म आते हैं तो फिर उसे रोना पड़ता है। अत जीवन में हमेशा सदकार्य करते रहना चाहिए। समय हम कितना लगा रहे हैं, इसका महत्व नहीं महत्व है हमारे विचार कितने पवित्र हैं। ज्ञानी जन कहते हैं अगर एक घड़ी भी सही कार्य करते हैं, प्रभु का नाम स्मरण करते हैं तो जन्म-जन्म के अशुभ कर्म नष्ट हो जाते हैं। इंसान को कम से कम इतना समय तो सत्संग में व्यतीत करना ही चाहिए। इससे पूर्व भरतमुनि महाराज ने अपने प्रवचन में कहा कि इंसान को प्रकृति से प्रेम करना चाहिए। शक्ल से इंसान होना पर्याप्त नहीं आचरण से भी इंसान बनने का प्रयास करना मानव जीवन की सार्थकता है। इस अवसर पर मौजूद पुनीत मुनि ने समय का सदुपयोग करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि जो समय एक बार गुजर जाता है वह लौटकर वापस नहीं आता। अत मिले हुए समय का हमेशा सदुपयोग करना चाहिए। गांधी मंडी स्थित जैन स्थानक में ठाणे नौ के संत मौजूद है। संतों के दर्शन करने के लिए रविवार को अन्य प्रदेशों से भी श्रावक पहुंचे। इस अवसर पर मुख्य रूप से रोशन लाल जैन, महावीर जैन, जगदीश चंद्र जैन, मास्टर बदलू राम जैन, डा. एपी जैन, डॉ. ईश्वर जैन, राजेंद्र जैन, रविंद्र जैन आदि मौजूद थे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।