Year Ender 2024: राजनीति और खेल में जीत-हार, शंभू बॉर्डर पर किसानों से तकरार; पढ़ें कैसा रहा ये साल
हरियाणा में साल 2024 (Year Ender 2024) कई यादगार पलों का गवाह बना। राजनीति में उतार-चढ़ाव देखने को मिले। खेल जगत में विनेश फोगाट का पदक से चूकना यादगार रहा। कुछ आपराधिक घटनाओं ने भी राज्य को झकझोरा। पीएम मोदी ने पानीपत से बीमा सखी योजना शुरू की। पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के निधन से राज्य ने एक बड़े नेता को खो दिया।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। Year Ender 2024 कल हम 21वीं सदी के 25वें वर्ष में प्रवेश कर जाएंगे। वर्ष 2024 कई यादें और अनुभव छोड़कर विदाई ले लेगा। राजनीति में खट्टे-मीठे अनुभव मिले। लोकसभा चुनाव में हरियाणा में भाजपा और कांग्रेस ने बराबर का दम दिखाया, लेकिन विधानसभा चुनाव में जीत की दावेदारी जता रही कांग्रेस को निराशा मिली।
राजनीति के साथ-साथ खेल जगत में जीत की खुशी और हार का गम यादों में जुड़ जाएंगे। पेरिस ओलिंपिक में मनु भाकर की जीत और विनेश का पदक से चूकना, स्मृति के पटल पर ताउम्र रहेगा। विकास की बात करें तो दिल्ली-कटरा एक्सप्रेस वे ने सफर को आसान किया। इन सब के साथ कई घटनाएं हमें झकझोर गईं।
इनेलो प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी की हत्या समेत कुछ आपराधिक घटनाएं भी घटी, जिनकी गूंज पूरे हरियाणा में सुनाई दी। पांच बार सीएम रहे ओमप्रकाश चौटाला के निधन से प्रदेश ने राजनीति का एक मजबूत स्तंभ खो दिया।
महिला सशक्तीकरण
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नौ दिसंबर को पानीपत से बीमा सखी योजना का शुभारंभ किया था। इस योजना से एलआईसी को तीन साल में दो लाख बीमा सखी बनाने का लक्ष्य है। इनमें 18 हजार बीमा सखी हरियाणा से होंगी।
बता दें कि प्रधानमंत्री का पानीपत में यह दूसरा बड़ा कार्यक्रम था। इससे पहले इसी मैदान से 22 जनवरी 2015 को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान का शुभारंभ किया था।
एक्सप्रेसवे से आवागमन आसान
नवंबर में दिल्ली के साथ लगते बहादुरगढ़ के गांव निलौठी से लेकर कैथल के खरक पांडवा तक करीब 117 किमी लंबे एक्सप्रेस वे को वाहनों के लिए खोला गया। कटरा तक विस्तार दिया जाना है। अभी दिल्ली, बहादुरगढ़, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, जींद, कैथल आदि जिलों के लोगों का चंडीगढ़ व पंजाब में आवागमन आसान हो गया है।
विधानसभा चुनाव में नायब ने दिखाया नायाब दम
विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 48 सीटों पर जीत दर्ज कर हरियाणा में लगातार तीसरी बार सरकार बनाई। तस्वीर चुनाव नतीजों के बाद की है, जब नायब सैनी जीत से उत्साहित दिखे।
विधानसभा चुनाव हारे तो हुड्डा ने पकड़ा माथा
लोकसभा चुनाव में 10 में से पांच सीटें जीतकर कांग्रेस में उत्साह था। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत उनका खेमा विधानसभा चुनाव में भी जीत की दावेदारी जता रहा था। जब विधानसभा चुनाव के नतीजे आए तो कांग्रेस को 37 सीटें ही मिली। इसके बाद भूपेंद्र हुड्डा मायूस नजर आए थे। उनको खुद या बेटे को सीएम बनाने का सपना चकनाचूर हो गया था।
हाथ मिले तो लिखी जीत की इबारत...
सांसद धर्मबीर सिंह और राज्यसभा सदस्य किरण चौधरी कभी धुर विरोधी थे। धर्मबीर ने हमेशा बंसीलाल परिवार के खिलाफ राजनीति की। कांग्रेस को छोड़ किरण भाजपा में शामिल हुई तो राजनीति के मंच पर धर्मबीर ने भी हाथ मिला लिया। दोनों ने जीत की इबारत लिखी।
...जब वादा निभाने करनाल पहुंचे राहुल गांधी
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने सितंबर में अमेरिका दौरे के दौरान टेक्सास शहर में उपचाराधीन अमित मान से अस्पताल में मुलाकात की थी। अमित से वादा किया था कि उसके गांव करनाल के गोगड़ीपुर जाकर स्वजन से मुलाकात करेंगे। 20 सितंबर की अलसुबह वह अपने काफिले के साथ अमित के घर पहुंचे और स्वजन का हालचाल जाना।
इनेलो ने पहले अध्यक्ष फिर सुप्रीमो खोया
इनेलो ने पहले अध्यक्ष और फिर सुप्रीमो खोया इनेलो के लिए यह साल बड़े झटकों वाला रहा। राजनीतिक तौर पर इनेलो 2005 के बाद से ही सत्ता से दूर है। इस साल बहादुरगढ़ में पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी।
साल के आखिरी दिनों में इनेलो ने अपने सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला को भी खो दिया। ‘सरकार आपके द्वार’ जैसे कार्यक्रम के जनक रहे चौटाला की गिनती कड़क प्रशासकों में होती थी। वे ऐसे मुख्यमंत्री थे, जो सरकारी खजाने को लेकर सबसे सजग रहे। सत्ता में रहते हुए अधिकतर सरप्लस बजट पेश करने वाले चौटाला सभी वर्करों को नाम से पुकारा करते थे।
शंभू बॉर्डर पर किसानों और पुलिस में सालभर से टकराव की स्थिति
न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) समेत अन्य मांगों को लेकर 13 फरवरी से पंजाब के किसान अंबाला के पास शंभू बॉर्डर पर धरना देकर बैठे हैं। जींद से लगते खनौरी बार्डर पर भी किसानों का धरना जारी है। यहां किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल 26 नवंबर से आमरण अनशन पर बैठे हैं।
किसान दिल्ली जाने की जिद पर अड़े हैं, लेकिन हरियाणा सरकार आगे नहीं बढ़ने दे रही। किसानों को रोकने के लिए हरियाणा पुलिस की ओर बैरिकेडिंग की गई है। सुरक्षा बल के जवान भी तैनात हैं। कई बार पुलिस और किसानों के बीच झड़प भी हो चुकी है। जब भी किसान आगे बढ़ने का प्रयास करते हैं तो पुलिस आंसू गैस के गोले और वाटर कैनन से पानी की बौछारें कर रोक देती है। इस दौरान एक-दो बार किसानों की ओर से भी पत्थरबाजी की गई है। दूसरी तहत हाईवे बंद होने से आमजन भी परेशान हैं। कारोबारियों को भी नुकसान हो रहा है।
विनेश खेल में निराश राजनीति में पास
पेरिस ओलिंपिक में पहलवान विनेश फोगाट फाइनल के लिए क्वालीफाई कर गई, लेकिन मात्र 100 ग्राम वजन अधिक होने से स्वर्ण पदक के लिए हुए मुकाबले में डिसक्वालीफाई कर दिया गया। देश वापसी पर विनेश ने खुद को संभाला और कांग्रेस की टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा। जींद की जुलाना विधानसभा सीट पर जीत दर्ज की।
जब पेरिस में मनु ने रचा इतिहास
टोक्यो में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद मनु भाकर ने गीता पढ़कर ध्यान लगाया। इसी के दम पर पेरिस ओलिंपिक में देश की झोली में दो पदक डाले। एक व्यक्तिगत और एक टीम इवेंट में। एक ओलिंपिक में दो पदक जीतने वाली देश की एकमात्र निशानेबाज बनीं।
क्रिकेट के रण में अंशुल ने दिखाया 10 का दम
रणजी मैच में करनाल के अंशुल कांबोज ने इतिहास रचा। 14 नवंबर को रोहतक के लाहली के मैदान में हरियाणा की तरफ से खेलते हुए अंशुल ने एक पारी में केरल के 10 बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया। इसी उपलब्धि के बूते उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स ने अपना हिस्सा बनाया है।
शेफाली ने टेस्ट में लगाया सबसे तेज दोहरा शतक
भारतीय महिला क्रिकेट टीम और साउथ अफ्रीका की टीम के बीच चेन्नई के चैपक स्टेडियम में टेस्ट मैच में भारत की सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने कमाल कर दिया। शेफाली वर्मा रोहतक की निवासी हैं, इससे पहले भी वह कई कीर्तिमान स्थापित कर चुकी हैं। अपना 5वां टेस्ट मैच खेल रही शेफाली वर्मा ने महिला टेस्ट क्रिकेट के इतिहास का सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।