सिर्फ एक क्लिक से 50 लाख से अधिक बुजुर्गों-किसानों समेत कई लाभार्थियों के खिले चेहरे, CM नायब ने खाते में डाले 1634 करोड़
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 50.46 लाख बुजुर्गों, महिलाओं, किसानों और गरीबों के खातों में 1634 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता हस्तांतरित की।
-1791654165374_m.webp)
50 लाख से अधिक लाभार्थियों के खाते में आए पैसे। फोटो जागरण
HighLights
50.46 लाख लाभार्थियों को 1634 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए गए।
नए राशन डिपो और पुस्तक सेतु पोर्टल का शुभारंभ हुआ।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन, दयालु योजना में बड़ी राशि दी गई।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में विभिन्न योजनाओं के तहत शनिवार को 50.46 लाख बुजुर्गों, महिलाओं, किसानों और गरीबों के खातों में 1634 करोड़ रुपये डाल दिए गए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने खुद यह राशि स्थानांतरित करने की बजाय तीन महिला व एक किसान लाभार्थी से बटन दबवाकर सहायता राशि को जारी कराया।
कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेश में उचित मूल्य की 2651 नई राशन दुकानों (राशन डिपो) के आवंटन के लिए आनलाइन पंजीकरण पोर्टल का शुभारंभ किया। नए राशन डिपो में से 33 प्रतिशत डिपो महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।
‘पुस्तक सेतु पोर्टल’ का भी शुभारंभ
मुख्यमंत्री ने गांवों के अटल पुस्तकालयों के लिए ‘पुस्तक सेतु पोर्टल’ का भी शुभारंभ किया। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं, विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को अध्ययन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। प्रदेश में अब तक 996 अटल पुस्तकालय खोले जा चुके हैं। इन सभी को पुस्तक सेतु पोर्टल से जोड़ा गया है।
प्रत्येक अटल पुस्तकालय में फर्नीचर, पुस्तकों का प्रारंभिक सेट तथा भारतनेट कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई गई है। जल्द ही 650 और पुस्तकालय खोले जाएंगे, जिनमें से 500 नए पुस्तकालय 25 दिसंबर तक स्थापित किए जाएंगे। पुस्तक सेतु पोर्टल के माध्यम से कोई भी व्यक्ति अपने गांव के अटल पुस्तकालय को निशुल्क पुस्तकें दान कर सकेगा।
15 श्रेणियों में 1131 करोड़ की सामाजिक सुरक्षा पेंशन
वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, दिव्यांग भत्ता सहित विभिन्न 15 सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 35 लाख 13 हजार 295 लाभार्थियों के खातों में 1131 करोड़ रुपये डाले गए हैं। हर घर-हर गृहिणी योजना के तहत गैस सिलिंडर रिफिल करवाने वाली पांच लाख 14 हजार महिलाओं के बैंक खातों में अगस्त की 20 करोड़ 39 लाख रुपये की सब्सिडी हस्तांतरित की गई।
दयालु योजना में 4222 परिवारों को मिले 158.80 करोड़
दयालु योजना के तहत 4222 परिवारों को 158 करोड़ 80 लाख रुपये की आर्थिक सहायता बैंकों में भिजवाई गई। भावांतर भरपाई योजना के तहत आलू और फूलगोभी उत्पादक 3384 किसानों को 34 करोड़ 79 लाख रुपये की भावांतर राशि जारी की गई।
आलू की भावांतर राशि अंबाला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर और सिरसा तथा फूलगोभी की राशि कुरुक्षेत्र और यमुनानगर के सब्जी उत्पादक किसानों को जारी की गई है।
अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग की चौपालों के लिए 77 करोड़ रुपये
अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग की चौपालों की मरम्मत और नवीनीकरण के लिए 21 जिलों में 1723 कार्यों हेतु 77 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इससे पहले 2930 कार्यों के लिए 118 करोड़ 47 लाख रुपये जारी किए जा चुके हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।