Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    क्या है हरियाणा की 'डिनर डिप्लोमेसी', विज भी जाने को थे तैयार; अब CM सैनी ने राव इंद्रजीत के घर किया रात्रिभोज

    Updated: Mon, 14 Jul 2025 01:17 PM (IST)

    चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत ने एक साथ रात्रिभोज किया जिससे उन अटकलों पर विराम लग गया जो पहले लगाए जा रहे थे। राव इंद्रजीत की बेटी आरती सिंह राव के आवास पर हुए इस भोजन में कई विधायक शामिल हुए थे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपनी पत्नी के साथ इस रात्रिभोज में भाग लिया जिससे पार्टी में सकारात्मक संदेश गया।

    Hero Image
    CM सैनी पत्नी सुमन सैनी के साथ चंडीगढ़ में केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत के साथ रात्रिभोज के बाद।

    राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत ने रविवार की रात चंडीगढ़ में एक साथ रात्रिभोज कर उन तमाम कयासों पर विराम लगा दिया, जो जून में एक दर्जन विधायकों के राव के साथ भोजन करने पर लगाए जाने लगे थे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    राव इंद्रजीत की बेटी आरती सिंह राव के चंडीगढ़ स्थित सेक्टर सात में आवास पर विधायकों का रात्रिभोज हुआ था, जिसमें नांगल चौधरी की कांग्रेस विधायक मंजू चौधरी भी शामिल हुई थीं। मंजू के अलावा 11 भाजपा विधायक राव इंद्रजीत के साथ रात्रिभोज में शामिल हुए थे। इनमें से छह उनके खेमे के नहीं थे, लेकिन उनकी जीत में कहीं न कहीं राव इंद्रजीत के राजनीतिक प्रभाव का असर रहा है।

    स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के निवास पर हुए विधायकों के भोज के बाद यह भी अफवाह चली कि राव इंद्रजीत के कट्टर समर्थक विधायकों को छोड़कर बाकी विधायकों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर इस रात्रिभोज पर सफाई दी थी।

    डिनर के बाद जमकर चली थी अफवाह

    बाद में राव इंद्रजीत ने कहा था कि उन्होंने विधायकों को रात्रिभोज पर बुलाकर कोई गलत काम नहीं किया है। उनकी बेटी का चंडीगढ़ में मंत्री के नाते आवास है और वहां पर विधायक भोजन के लिए इकट्ठा होते हैं तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है।

    बिजली मंत्री अनिल विज ने तो यहां तक कह दिया था कि यदि आरती राव उन्हें बुलाएंगी तो वे अवश्य भोजन करने उनके आवास पर पहुंचेंगे। भाजपा में राव इंद्रजीत को क्रांतिकारी व अपने अलग ही मिजाज का नेता माना जाता है। उनके द्वारा एक दर्जन विधायकों को भोजन कराने के बाद भाजपा के राजनीतिक गलियारों में अलग ही संदेश जाने लगा था।

    किसी भी तरह की गलतफहमी को दूर करने तथा पार्टी में यह संदेश देने के लिए कि राव इंद्रजीत तो क्या, कोई भी पार्टी नेता विधायकों, सांसदों व मंत्रियों के साथ भोजन कर सकता है, मुख्यमंत्री नायब सैनी चंडीगढ़ में आरती राव के निवास पर पहुंचे और राव इंद्रजीत के साथ भोजन किया।

    अब सीएम सैनी अपनी पत्नी के साथ किया डिनर

    हरियाणा के पर्यटन व सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा भी इस रात्रिभोज का हिस्सा बने। बाकी किसी विधायक अथवा मंत्री के इस भोज में शामिल होने की सूचना नहीं है। भाजपा सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पूरा मन बनाकर इस भोज में शामिल हुए।

    उनकी पत्नी सुमन सैनी भी रात्रिभोज में शामिल हुईं। इस भोज के बाद राव इंद्रजीत की पूर्व की डिनर डिप्लोमेसी को विराम लग सकेगा।

    यह भी पढ़ें- 9 विधायकों के साथ बगावत की खबरों पर राव इंद्रजीत सिंह ने दिया बयान, जानें सोशल मीडिया पर क्या कहा