हरियाणा कांग्रेस के जिलाध्यक्षों की लिस्ट 30 जुलाई से पहले हो जाएगी जारी, बस राहुल गांधी के मोहर का इंतजार
हरियाणा कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए जिला अध्यक्षों की नियुक्ति प्रक्रिया अंतिम चरण में है। प्रभारी बीके हरिप्रसाद के अनुसार 30 जुलाई से पहले नामों की घोषणा हो जाएगी। राहुल गांधी मल्लिकार्जुन खरगे सहित शीर्ष नेता नामों की लिस्ट पर विचार करेंगे। राहुल गांधी ने संगठन को भाजपा से मजबूत बनाने का आह्वान किया था।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में कांग्रेस की संगठन सृजन प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। 30 जुलाई के पहले कांग्रेस के संगठनात्मक जिलों के अध्यक्षों के नाम की घोषणा कर दी जाएगी। यह दावा कांग्रेस के हरियाणा प्रभारी बीके हरिप्रसाद की ओर से किया गया है।
नामों की लिस्ट पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा अन्य शीर्ष नेताओं के साथ शुक्रवार की शाम बैठक होना तय हुआ है। उसके बाद ही लिस्ट जारी की जानी है।
प्रदेश में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए राहुल गांधी ने करीब डेढ़ माह पहले चंडीगढ़ में बैठक की थी। जिसमें उन्होंने कहा था कि हमें प्रदेश में पार्टी को भाजपा से भी मजबूत बनाना है। जिस तरह से गुजरात में संगठन सृजन मुहिम की प्रक्रिया आरंभ कर जिलाध्यक्षों का चयन किया गया, उसी तरह हरियाणा में भी हो।
जिसके बाद से पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व की ओर से प्रदेश के लिए नौ केंद्रीय पर्यवेक्षक भेजे गए। सभी ने अपने-अपने प्रभार वाले जिले में कार्यकर्ताओं के साथ कई दौर की बैठक करने के बाद हर जिले के लिए छह नाम वाला पैनल बनाकर केंद्रीय शीर्ष नेतृत्व को भेजा। इससे पहले दावेदारों से भी वन टू-वन बात की गई। दो दिन पहले ही पार्टी के दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय में प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं को भी बुलाकर उनसे वन-टू-वन बात करने के बाद सहमति ली गई।
उन्हें इसलिए बुलाया गया कि पार्टी में गुटबाजी नहीं रहे। शीर्ष नेतृत्व का मानना है कि पिछले विधानसभा में गुटबाजी और टिकट बांटने में पक्षपात करने की वजह से ही हरियाणा में कांग्रेस की सरकार नहीं बन पाई थी। विफलता की दूसरी वजह 11 साल से जिला कार्यकारिणी का चुनाव भी नहीं होना माना गया।
राहुल तथा पार्टी अध्यक्ष की मंशा है कि जिला अध्यक्ष को पावरफुल बनाया जाए, जिससे पार्टी मजबूत हो। इसी के तहत संगठन सृजन की प्रक्रिया शुरू की गई थी। प्रदेश प्रभारी बीके हरिप्रसाद ने कहा है कि तीस जुलाई से पहले जिला कार्यकारिणी की घोषणा कर दी जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।