दशहरा और दीपावली के बीच होगा सूरजकुंड क्राफ्ट मेला, अरावली में नहीं रखे जाएंगे खतरनाक वन्य प्राणी
हरियाणा में अंतर्राष्ट्रीय सूरजकुंड क्राफ्ट्स मेला दशहरा और दीपावली के बीच आयोजित होगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सीवरेज प्रबंधन और बजट घोषणाओं के समय पर क्रियान्वयन पर जोर दिया। अरावली जंगल सफारी में मानवता के लिए हानिकारक जानवर नहीं होंगे। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 100 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। भ्रष्टाचार के आरोप में सिरसा के तहसीलदार निलंबित।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड क्राफ्ट्स मेले का आयोजन इस बार दूसरी बार दशहरा और दीपावली पर्व के बीच किया जाएगा। इससे हस्तशिल्प कारीगरों को सशक्त मंच मिलने के साथ ही आमजन भी सांस्कृतिक महोत्सव का भरपूर आनंद उठा सकेंगे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को बजट घोषणाओं की समीक्षा बैठक में कहा कि प्रदेश में कहीं भी अनुपचारित सीवरेज या औद्योगिक अपशिष्ट जल ड्रेन में प्रवाहित न हो।
संबंधित विभागों द्वारा ऐसे सभी स्थानों की पहचान कर प्रभावी उपाय किए जाएं ताकि गंदे पानी को ड्रेनों में गिरने से पूरी तरह रोका जा सके। प्रारंभिक चरण में अंबाला, कुरुक्षेत्र एवं यमुनानगर जिलों में यह काम होगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते दिया कि बजट घोषणाओं में किए गए सभी वादों को समय पर पूरा किया जाए ताकि प्रदेशवासियों को जल्द से जल्द इनका लाभ मिल सके। अरावली क्षेत्र में बनने वाली जंगल सफारी की प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वहां ऐसे जानवर रखें जाएं, जो मानवता के लिए हानिकारक न हों।
जंगल सफारी केंद्रीय जू अथारिटी के नियमों के तहत स्थापित की जाए। साथ ही मानसून सीजन को ध्यान में रखते हुए वहां ऐसे पौधों के बीज डाले जाएं जो प्राकृतिक रूप से फलें-फूलें।
पर्यटन एवं विरासत विभाग की घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में तीज-त्योहार, मेले और उत्सवों पर जनभागीदारी बढ़ाने के लिए इस वर्ष बजट में 100 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
पर्यटन एवं विरासत विभाग तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के साथ समन्वय कर ऐसे सभी मेलों का आयोजन सुनिश्चित करे, ताकि प्रदेश के सभी वर्गों में उत्साह एवं उल्लास की भावना का संचार हो सके।
पिंजौर के यादवेंद्र गार्डन की विरासत को संजोते हुए इसे और अधिक सुंदर बनाया जाए ताकि देशभर के पर्यटक यहां आकर आनंद ले सकें। केंद्र सरकार ने यादवेंद्र गार्डन और टिक्करताल, मोरनी के पुनर्विकास के लिए 90 करोड़ से अधिक की राशि मंजूर की है।
मुख्यमंत्री ने खेल विभाग के लिए की गई बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्हें समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए।
भ्रष्टाचार का आरोपित तहसीलदार निलंबित
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भ्रष्टाचार पर बड़ा एक्शन लेते हुए सिरसा जिले के तहसीलदार भवनेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान भुवनेश कुमार का हेडक्वार्टर भूमि रिकॉर्ड निदेशक कार्यालय होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी सूरत में किसी स्तर पर कोई भी भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस की नीति को सख्ती से लागू किया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।