Haryana News: सरकारी अस्पतालों में अब एक कॉल पर उपलब्ध होंगे स्पेशलिस्ट डॉक्टर, गंभीर मरीजों को समय पर मिल सकेगा इलाज
हरियाणा सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों को ऑन-कॉल उपलब्ध कराने का फैसला किया है। यह सेवा पायलट प्रोजेक्ट के रूप में पांच जिलों में शुरू की गई है जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में भी विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा मिलेगी। इस योजना के सफल होने पर इसे पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर एवं सुलभ बनाने की दिशा में प्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ डाक्टर 'ऑन-कॉल' प्रणाली के तहत उपलब्ध होंगे। इससे गंभीर रोगियों को समय पर इलाज मिल सकेगा।
पायलट प्रोजेक्ट के रूप में यह सेवा प्रारंभिक चरण में पांच जिलों हिसार, जींद, मेवात, सोनीपत और कैथल में शुरू कर दी गई है। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों के लिए पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल के तहत नो-नोड फॉर्मूला लागू किया जा रहा है।
इस पहल से ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में भी विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाई जा सकेंगी। अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टर ऑन-कॉल मरीजों की जांच करेंगे। स्त्री एवं बाल रोगों सहित एनेस्थीसिया, सर्जरी और रेडियोलॉजी जैसे मामलों के लिए स्पेशलिस्ट डॉक्टर उपलब्ध होंगे।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि पायलट प्रोजेक्ट सफल रहने पर इसे पूरे प्रदेश में विस्तारित किया जाएगा। इस योजना से न केवल मरीजों को उच्च गुणवत्ता की चिकित्सा सुविधा प्राप्त होगी, बल्कि जिला स्तर पर रेफरल सिस्टम की आवश्यकता भी कम होगी। प्रदेश सरकार का उद्देश्य हर नागरिक को समय पर गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना है।
यह नई पहल उसी दिशा में एक मजबूत और सकारात्मक प्रयास है। यह पहल प्रौद्योगिकी, विकेंद्रीकरण और नवाचार के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के व्यापक प्रयासों का हिस्सा है। यह केवल एक नीतिगत बदलाव नहीं है, बल्कि यह लोगों पर केंद्रित सुधार है जिसका उद्देश्य जीवन बचाना और स्वास्थ्य परिणामों में सुधार करना है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।