पिंजौर में दिल दहला देने वाली वारदात, महिला को ब्लैकमेल करने के लिए आठ माह के बच्चे की हत्या
पंचकूला के पिंजौर में एक दर्दनाक घटना घटी जहां नशे में धुत तीन लोगों ने एक आठ महीने के बच्चे का अपहरण कर लिया। उनका इरादा बच्चे की मां को ब्लैकमेल करना था। बच्चे के रोने पर उन्होंने उसके मुंह में सेब ठूंस कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।

जागरण संवाददाता, पंचकूला। पिंजौर की एक कॉलोनी से नशे में धुत तीन लोगों ने एक आठ माह के बच्चे का अपहरण कर लिया। वह बच्चे की मां को ब्लैकमेल कर उसके साथ दुष्कर्म करना चाहते थे। रात के समय बच्चा रोने लगा। नशे की हालत में उन्होंने चुप कराने के लिए बच्चे के मुंह में सेब ठूंसकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद बच्चे को जंगल में दफना दिया। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपित मूल रूप से यूपी के बदायूं निवासी जतिंदर उर्फ कल्लू को गिरफ्तार कर लिया है। उसको अदालत में पेश कर छह दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। आरोपित के अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कल्लू और उसके दो अन्य साथी पिंजौर की एक कालोनी में शुक्रवार रात को शराब पी रहे थे। नशे की हालत में वह तेज आवाज में अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे थे। पड़ोस के कमरे में रहने वाली महिला ने उनको ऐसा नहीं करने के लिए कहा। साथ ही चेतावनी दी कि अगर नहीं माने तो वह पुलिस बुला लेगी। वह तीनों वहां से चले गए और उन्होंने महिला को सबक सिखाने के लिए उसके साथ दुष्कर्म करने की योजना बनाई।
बाद में उन्हें फंसने का डर लगा तो उन्होंने आठ माह के बच्चे को चुराने का फैसला किया। बच्चे के नाम पर महिला को ब्लैकमेल कर उसके साथ दुष्कर्म करने का फैसला किया। महिला के कमरे में कुंडी नहीं थी। रात को करीब एक से दो बजे के बीच तीनों उसके कमरे में घुसे और आठ माह के बच्चे को वहां से उठा ले गए।
बच्चा भूख से रोने लगा तो मुंह में ठूंस दिए सेब
बच्चे का अपहरण करने के बाद तीनों ने फिर से शराब पी। इस दौरान बच्चा भूख के मारे रोने लगा। उसको चुप कराने के लिए कल्लू और उसके साथियों ने बच्चे के मुंह में सेब ठूंस दिए। इससे बच्चा सांस नहीं ले पाया और उसकी मौत हो गई। किसी को इस बारे में पता न चल जाए इसलिए उन्होंने बच्चे को जंगल में शिवलोतियां मंदिर के समीप पहाड़ी पर दफनाया दिया। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही के आधार पर बच्चे का शव जमीन से बरामद कर लिया। नागरिक अस्पताल में उसका पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।