Move to Jagran APP

गीता के श्‍लोक और शंखनाद से गूंजा ब्रिटिश संसद भवन, भारतीय धर्म व संस्‍कृति हुई मुखरित

भारतीय धर्म और संस्‍कृति की ब्रिटेन में मुखरित हो रही है। लंदन में अंतरराष्‍ट्रीय गीता जयंती महोत्‍सव के दौराना ब्रिटिश संसद भवन परिसर में गीता के श्‍लोक गूंजे।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Published: Sat, 10 Aug 2019 09:15 AM (IST)Updated: Sat, 10 Aug 2019 09:15 AM (IST)
गीता के श्‍लोक और शंखनाद से गूंजा ब्रिटिश संसद भवन, भारतीय धर्म व संस्‍कृति हुई मुखरित
गीता के श्‍लोक और शंखनाद से गूंजा ब्रिटिश संसद भवन, भारतीय धर्म व संस्‍कृति हुई मुखरित

लंदन, [बिजेंद्र बंसल]। ब्रिटेन का संसद भवन हाउस ऑफ कॉमन्स का परिसर भारतीय धर्म और संस्‍कृति से मुखरित हो उठा। हाउस ऑफ कॉमन्स का सभागार गीता के श्‍लोकों और शंखनाद से गुंजायमान हो गया। यहां अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव का आगाज हुआ।

loksabha election banner

शुक्रवार को यूनाइटेड किंगडम(यूके) के हाउस ऑफ कॉमन्स परिसर स्थित सभागार में भगवत गीता के श्लोकोच्चारण व शंखनाद के बीच लंदन में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आगाज हुआ। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में यूके की सत्तारूढ़ कंजरवेटिव पार्टी के वाइस चेयरमैन पॉल स्कल्ली और विशेष अतिथि हरियाणा के उद्योगमंत्री विपुल गोयल मौजूद थे।

हाउस ऑफ कॉमन्स के सभागार में विद्वानों ने अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव पर दिया कर्म का संदेश

इस दौरान गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज ने कहा कि गीता शांति और सद्भाव की प्रेरणा देने वाला धर्म और कर्म ग्रंथ है। अहं और महत्वाकांक्षा के त्याग में शांति व सद्भाव है। गीता केवल हिंदुओं का पवित्र ग्रंथ ही नहीं है बल्कि यह विश्व के सभी धर्म संप्रदाय के लोगों के लिए है। गीता जीवन शास्त्र को समझने वाला ग्रंथ है। कर्तव्य पथ से कोई विचलित न हो यह संदेश भागवत गीता से मिलता है। महोत्सव का आयोजन हरियाणा सरकार, कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड, हिंदू काउंसिल यूके, इंडो, ब्रिटिश ऑल पार्टी पार्लियामेट्री गुप सहित जीयो गीता के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।

सभागार में श्लोकोच्चारण व शंखनाद के बीच हुआ लंदन में तीन दिवसीय गीता महोत्सव

महोत्सव की शुरुआत में भारत की पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर उपस्थित लोगों ने एक मिनट का मौन रखकर शोक जताया। उद्योगमंत्री विपुल गोयल और मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, हरियाणा के राज्यपाल के सचिव विजय दहिया ने यूके के हाउस ऑफ कॉमन्स परिसर में श्रद्धापूर्वक स्थापित करने के लिए यूके के संसद सदस्य वीरेंद्र शर्मा को भागवत गीता की प्रति सौंपी। महोत्सव की शुरुआत में भागवत गीता को पुष्पाजंलि अर्पित कर की गई।

लंदन के क्राउन प्‍लाजा में गीता जयंती महोत्‍सव का आगाज करते हुए स्‍वामी ज्ञानानंद महाराज।

कार्यक्रम में लंदन साउथ ऑल से एमपी नरेंद्र शर्मा, स्वामी धर्म देव जी महाराज, भारतीय उच्चायुक्त रूचि घनश्याम, बांग्लादेश की राजदूत सइदा मुना तसनीम, मारीशस के राजदूत गिरीश नानक, बाबा भूपेंद्र सिंह, लंदन में नेपाल के राजदूत दुर्गा बहादुर, उद्योग विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव देवेंद्र सिंह, पानीपत की उपायुक्त सुमेधा कटारिया, करनाल की महापौर रेनूबाला, एचएसआइआइडीसी के प्रबंध निदेशक नरसिंह बांगड, सीएम हरियाणा के ओएसडी कैप्टन अमरेंद्र सिंह, लंदन में रह रहे भारतीय मूल के जय शर्मा मौजूद थे

---------

'' यह तारीख भारत और ब्रिटिश संसद के इतिहास के पन्नों में दर्ज होगी। कुरुक्षेत्र और गीता की बात किए बिना भारत की पहचान नहीं बताई जा सकती। गीता भारत का गर्व और गौरव है।

                                                                           - विजय दहिया, आइएएस, सचिव, हरियाणा राज्यपाल।

---------

'' गीता जीने की कला है। जीयो संस्था ने गीता को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप में लाकर एक विशेष कार्य किया है।

                                                                                                - सुमेधा कटारिया, उपायुक्त, पानीपत।

 -------

इससे पहले लंदन के क्राउन प्‍लाजा होटल में गीता मनीषी स्‍वामी ज्ञानानंद महाराज के प्रवचन दिया। क्राउन प्लाज़ा होटल में गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद  महाराज के प्रवचनों से अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव का आगाज हुआ। इस अवसर पर कई अन्‍य गीता मनीषी और काफी संख्‍या में भारतीय व विदेशी मूल के लोग मौजूद थे।

समारोह में स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने कहा कि गीता भारत या भारत के मंदिरों तक सीमित न रहे, इसलिए अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती की परिकल्पना की गई। पिछले वर्ष मॉरिशस में गीता जयंती महोत्सव मनाया गया। इस बार लंदन में अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीयों के लिए गीता गर्व और गौरव की बात है। लेकिन, हकीकत यह है कि भारतीय अपने गर्व और गौरव की पहचान सही समय पर नहीं कर पाए। अब अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव के माध्यम से गीता का संदेश विश्‍व के कोने कोने तक पहुंचेगा।

कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के पदाधिकारियों सहित उद्योग मंत्री विपुल गोयल इस महोत्सव में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के प्रतिनिधि के रूप में हिस्सा लेने लंदन पहुंचे हैं। राज्यपाल सत्य नारायण आर्य के प्रतिनिधि के रूप में उनके सचिव विजय दहिया और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों एवं दिल्ली, एनसीआर, हरियाणा से 174 गणमान्य नागरिकों का एक प्रतिनिधिमंडल भी इस महोत्सव का साक्षी बने हैं। प्रतिनिधिमंडल में सीएम के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, ओएसडी अमरेंद्र सिंह, करनाल की महापौर रेणूबाला गुप्ता, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव विनोद भ्याना भी शामिल हैं।

लंदन के क्राउन प्‍लाजा में गीता जयंती महोत्‍सव में शामिल लोग।

अंतरराष्‍ट्रीय गीता जयंती महोत्‍सव के तहत शनिवार को यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन के लॉगन हाल में भी गीता पर व्याख्यान होगा। रविवार को लंदन के साउथ आल में श्रीराम मंदिर में पहले सुबह यज्ञ होगा और इसके बाद गीता सद्भावना शोभायात्रा निकाली जाएगी। महोत्सव में ब्रिटेन के प्रमुख गणमान्य नागरिकों सहित कई देशों के राजदूत, लंदन के दोनों सदनों के सदस्यों सहित बड़े उद्यमियों व शिक्षाविदों को भी आमंत्रित किया गया है।

अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.