राहुल गांधी के चंडीगढ़ आने से पहले बीके हरिप्रसाद संभालेंगे मोर्चा, संगठन पर रहेगा पूरा फोकस; कल पहुंचेंगे हुड्डा-उदयभान
हरियाणा कांग्रेस को फिर से खड़ा करने के लिए राहुल गांधी 4 जून को चंडीगढ़ में बैठक करेंगे। इस बैठक में संगठन को मजबूत करने और नेताओं के बीच गुटबाजी खत्म करने पर चर्चा होगी। कांग्रेस प्रभारी बीके हरिप्रसाद पहले ही चंडीगढ़ पहुंचकर तैयारियों में जुट गए हैं। इस बैठक में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पर्यवेक्षक शामिल होंगे जहाँ संगठनात्मक गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में करीब 11 साल से सत्ता व संगठन के क्षेत्र में हाशिए पर चल रही कांग्रेस को दोबारा खड़ा करने की अंतिम कवायद सोमवार से शुरू होने जा रही है। प्रदेश में कांग्रेस का संगठन खड़ा करने तथा नेताओं की आपसी गुटबाजी को खत्म करने के लिए राहुल गांधी स्वयं मैदान में उतर रहे हैं।
राहुल गांधी चार जून को चंडीगढ़ में आएंगे, लेकिन उनके आने से पहले ही हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी बीके हरिप्रसाद सोमवार को चंडीगढ़ में पहुंचकर व्यवस्थाओं का मोर्चा संभाल लेंगे।
हरियाणा में कांग्रेस का संगठन बनाना बीके हरिप्रसाद के लिए भी किसी चुनौती से कम नहीं है। उनको कांग्रेस का प्रभार सौंपने से पहले सिर्फ एक ही टास्क दिया गया था और वह राज्य में कांग्रेस का संगठन बनाने का है, जिसमें वे पिछले चार माह से लगे हैं।
राहुल गांधी के आगमन से पहले सोमवार को पार्टी प्रभारी बीके हरिप्रसाद के चंडीगढ़ पहुंचते ही अगले दिन मंगलवार को पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेशाध्यक्ष चौधरी उदयभान व सांसद चंडीगढ़ पहुंच जाएंगे। मंगलवार और बुधवार को हरियाणा विधानसभा की विभिन्न कमेटियों की बैठक होती है। इसलिए इन दोनों दिनों में अधिकतर कांग्रेसी नेता चंडीगढ़ में ही होते हैं। ऐसे में कांग्रेस के अधिकतर विधायकों के मंगलवार को ही चंडीगढ़ पहुंच जाने की संभावना है।
राहुल गांधी चार जून को कांग्रेस के उन सभी केंद्रीय पर्यवेक्षकों की बैठक लेंगे, जिन्हें जिलों का संगठन तैयार करने को हाल ही में नियुक्त किया गया है। उसी दिन हरियाणा कांग्रेस कमेटी के उन पर्यवेक्षकों की बैठक होगी, जिन्हें केंद्रीय पर्यवेक्षकों के साथ नियुक्त किया जाना है।
हालांकि हरियाणा कांग्रेस कमेटी की ओर से अभी तक राज्य स्तरीय पर्यवेक्षकों की नियुक्तियां नहीं की गई हैं। संभावना है कि इन पर्यवेक्षकों की लिस्ट मंगलवार को जारी हो सकती है। उसी लिस्ट के आधार पर इन राज्य स्तरीय पर्यवेक्षकों को बुधवार को राहुल गांधी के साथ होने वाली बैठक के लिए बुलाया जाएगा।
हरियाणा में पिछले करीब 11 वर्षों में कांग्रेस कई प्रभारी व प्रदेश अध्यक्ष बदल चुकी है लेकिन अभी तक शीर्ष नेताओं की आपसी खींचतान के चलते धरातल पर संगठन नहीं बन पाया है। इस अवधि के दौरान हुए लगभग सभी चुनाव कांग्रेस हार चुकी है।
हालांकि विधानसभा चुनाव में सिर्फ एक प्रतिशत वोट अधिक लेकर भाजपा ने अपनी सरकार बनाई है। राहुल गांधी की बैठक के लिए हुड्डा विरोधी खेमे में शामिल कुमारी सैलजा, रणदीप सुरजेवाला, बीरेंद्र सिंह और कैप्टन अजय यादव को भी बुलाया गया है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि लंबे समय के बाद अब संगठन बनने की संभावना जगी है। राहुल गांधी की हरियाणा कांग्रेस के नेताओं के साथ चंडीगढ़ में चार जून को होने वाली बैठक पूरी तरह से संगठनात्मक गतिविधियों और जिलाध्यक्षों के चुनाव पर आधारित होगी। चंडीगढ़ स्थित यूटी गेस्ट हाउस में हरियाणा कांग्रेस कमेटी की ओर से पांच कमरे बुक करवाए गए हैं।
एक कमरा पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नाम पर बुक है। चार कमरे पार्टी के सांसदों दीपेंद्र सिंह हुड्डा, जयप्रकाश जेपी, वरुण चौधरी मुलाना व सतपाल ब्रह्मचारी के नाम पर बुक करवाए गए हैं। कांग्रेस प्रभारी बीके हरिप्रसाद सोमवार दोपहर चंडीगढ़ पहुंचने के बाद यूटी गेस्ट हाउस में ही रुकेंगे। हरिप्रसाद यहां बैठक की तैयारियों के प्रबंधों का जायजा लेंगे।
इस तरह से रहेगा राहुल गांधी का चंडीगढ़ दौरा
- चार जून को सुबह 11.10 बजे राहुल गांधी एयर इंडिया की फ्लाइट से दिल्ली से चंडीगढ़ पहुंचेंगे।
- दोपहर करीब 12 बजे हरियाणा कांग्रेस कमेटी के चंडीगढ़ कार्यालय में उनका आगमन होगा। इस स्थान को बदला भी जा सकता है।
- सवा 12 बजे से दोपहर एक बजे तक पहले चरण में हरियाणा कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ राहुल गांधी की मीटिंग होगी।
- सवा एक बजे से सवा दो बजे तक अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से नियुक्त केंद्रीय पर्यवेक्षकों और हरियाणा कांग्रेस कमेटी की ओर से नियुक्त राज्य स्तरीय पर्यवेक्षकों के साथ राहुल गांधी चर्चा करेंगे।
- दोपहर बाद करीब पौने तीन बजे चंडीगढ़ कार्यालय से राहुल गांधी चंडीगढ़ एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।