Updated: Thu, 19 Jun 2025 10:34 PM (IST)
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हरियाणा में कांग्रेस जिलाध्यक्षों की चयन प्रक्रिया की समीक्षा के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षकों को दिल्ली बुलाया है। उन्होंने पर्यवेक्षकों से जिलों में आने वाली समस्याओं और गुटबाजी पर चर्चा की। बीके हरिप्रसाद ने पर्यवेक्षकों को 30 जून तक नामों के पैनल तैयार करने के निर्देश दिए हैं। पर्यवेक्षकों के दौरों में अनुशासनहीनता और गुटबाजी देखने को मिली है।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में 11 साल बाद कांग्रेस संगठन के निर्माण की प्रक्रिया में जुटे केंद्रीय पर्यवेक्षकों को शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली तलब किया है। राहुल गांधी ने कांग्रेस जिलाध्यक्षों की चयन प्रक्रिया पूरी करने के लिए हर जिले में एक केंद्रीय पर्यवेक्षक को जिम्मेदारी सौंप रखी है।
विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
हरियाणा कांग्रेस कमेटी की ओर से केंद्रीय पर्यवेक्षकों के साथ तीन-तीन राज्य पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। हालांकि इन राज्य स्तरीय पर्यवेक्षकों की कांग्रेस जिलाध्यक्षों के पैनल तैयार कराने में कोई खास भूमिका नहीं है, लेकिन जिलों में केंद्रीय पर्यवेक्षकों के साथ मौजूद रहकर राज्य पर्यवेक्षक अपने आकाओं को पूरी रिपोर्ट दे रहे हैं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यवेक्षकों के साथ बैठक करेंगे और उनसे अभी तक पूरी हो चुकी कांग्रेस जिलाध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगे। राज्य के सभी 22 जिलों के लिए नियुक्त केंद्रीय पर्यवेक्षक अपने-अपने कार्यक्षेत्र वाले जिलों में एक-एक बार दौरा कर चुके हैं। राहुल गांधी के साथ मीटिंग के बाद उनके दूसरे दौर के दौरे चालू होंगे।
हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी बीके हरिप्रसाद ने सभी केंद्रीय पर्यवेक्षकों को 30 जून तक जिलाध्यक्षों के लिए छह-छह नामों के पैनल तैयार करने के निर्देश दे रखे हैं। यह पैनल न तो प्रभारी को सौंपे जाएंगे और न ही कांग्रेस के किसी केंद्रीय नेता को मिलेंगे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्रीय पर्यवेक्षकों को सभी पैनल अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की एक विशेष मेल पर भेजने के निर्देश दे रखे हैं।
राहुल गांधी शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यवेक्षकों से उनके जिलों में आने वाली समस्याओं, कांग्रेस की गुटबाजी तथा जिलाध्यक्ष बनने के दावेदारों के उत्साह पर चर्चा करेंगे। साथ ही राज्य पर्यवेक्षकों की कार्यप्रणाली पर बातचीत की जाएगी। केंद्रीय पर्यवेक्षकों से पूछा जाएगा कि उन पर हरियाणा कांग्रेस के किसी नेता ने कोई दबाव तो नहीं बनाया है।
केंद्रीय पर्यवेक्षकों के दौरों के दौरान कई जिलों में अनुशासनहीनता और गुटबाजी देखने को मिली है, जिस पर राहुल गांधी को जरूरी फीडबैक दिया जाएगा। हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी बीके हरिप्रसाद ने राहुल गांधी के साथ केंद्रीय पर्यवेक्षकों की शुक्रवार को होने वाली बैठक की पुष्टि की है।
प्रभारी स्वयं भी राज्य के दौरे पर निकले हुए हैं। मानीटरिंग की दृष्टि से राज्य के 12 जिलों की कमान सह प्रभारी जितेंद्र बघेल के पास है, जबकि 10 जिलों की मानीटरिंग का काम दूसरे सह प्रभारी प्रफुल्ल गुडधे संभाले हुए हैं।
इसके बावजूद प्रभारी सात जिलों नूंह, महेंद्रगढ़-नारनौल, यमुनानगर, जींद, रोहतक, हिसार व पंचकूला का दौरा कर चुके हैं। आधा दर्जन से अधिक जिलों में प्रभारी के दौरे 26 से 30 जून के बीच होंगे। उनका कहना है कि कांग्रेस में इस बार बनने वाले पार्टी के जिलाध्यक्ष संगठनात्मक और चुनाव की दृष्टि से काफी पावरफुल होंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।