हरियाणा कांग्रेस को पटरी पर लाने की कोशिश करेंगे राहुल और खरगे, नेताओं की गुटबाजी खत्म करना बड़ी चुनौती
राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) हरियाणा कांग्रेस (Haryana Congress) को फिर से मजबूत करने के लिए एक और बैठक करने जा रहे हैं। यह बैठक आज (5 मार्च) कांग्रेस मुख्यालय नई दिल्ली में होगी। बैठक में हरियाणा के प्रमुख कांग्रेस नेताओं के साथ राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा होगी। राहुल गांधी कांग्रेस के प्रदर्शन से काफी नाराज हैं।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र (Haryana Assembly Budget Session) से दो दिन पहले बुधवार को नई दिल्ली में होने वाली कांग्रेस की बैठक काफी महत्वपूर्ण रहेगी। पहले यह बैठक कांग्रेस के नव नियुक्त प्रभारी बीके हरिप्रसाद लेने वाले थे, मगर अब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) भी हरियाणा के प्रमुख कांग्रेस नेताओं के साथ राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा करेंगे। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे हरियाणा के कांग्रेस नेताओं के साथ दूसरी बार बैठने वाले हैं।
कांग्रेस के प्रदर्शन से नाराज हैं राहुल
हरियाणा में कांग्रेस (Haryana Congress) के चुनावी प्रदर्शन से राहुल गांधी काफी नाराज हैं। काफी दिनों तक उन्होंने हरियाणा के राजनीतिक मामलों से दूरी बनाए रखी, लेकिन जिस तरह कांग्रेस का निरंतर नुकसान हो रहा है।
उसे देखकर राहुल गांधी ने एक बार फिर हरियाणा के कांग्रेसियों को एकजुट करने के प्रयास आरंभ कर दिए हैं। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस भले ही अपनी हार का ठीकरा ईवीएम पर फोड़ रही है, लेकिन हरियाणा के कांग्रेस नेताओं की आपसी गुटबाजी तथा टिकटों का सही ढंग से वितरण नहीं होने की वजह से भी कांग्रेस की हार हुई है।
निकाय चुनाव हल्के ढंग से लड़ी है कांग्रेस
शहरी निकाय चुनाव में भी कांग्रेस के हक में अच्छे नतीजे आने की बिल्कुल संभावना नहीं है। कांग्रेसियों ने शहरी निकाय चुनाव बहुत ही हल्के ढंग से लड़ा।
कांग्रेस के सह प्रभारी जितेंद्र बघेल, पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष चौधरी उदयभान, कार्यकारी प्रदेश प्रधान जितेंद्र भारद्वाज और पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल जरूर शहरी निकाय चुनाव में कांग्रेस के लिए वोट मांगते नजर आए, लेकिन बाकी नेताओं ने वोट मांगने की औपचारिकता निभाई है।
11 साल से नहीं बना है संगठन
कांग्रेस हाईकमान के पास यह रिपोर्ट पहुंच चुकी है, जिसमें स्पष्ट इशारा किया गया है कि शहरी निकाय चुनाव में भाजपा की दमदार जीत और कांग्रेस की निराशाजनक हार होने वाली है।
हरियाणा में कांग्रेस इसलिए भी प्रभावित हो रही है, क्योंकि यहां पिछले 11 साल से संगठन नहीं बन पाया है। विधानसभा में विपक्ष के नेता का चयन भी अभी तक कांग्रेस नहीं कर पाई है।
कांग्रेस मुख्यालय में होगी बैठक
राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे पांच मार्च को नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में होने वाली बैठक में हरियाणा के प्रमुख 50 नेताओं के साथ संगठन बनाने, नये अध्यक्ष के लिए जातीय समीकरण और विपक्ष के नेता के नाम पर सहमति को लेकर बातचीत करने वाले हैं। उम्मीद की जा रही है कि छह मार्च को कांग्रेस विधायक दल के नेता का नाम तय कर दिया जाएगा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।