बिना FIR कार जब्त करने और न लौटाने पर पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट नाराज, मजिस्ट्रेट का आदेश रद; तत्काल वाहन सौंपने का निर्देश
पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट ने बिना FIR कार जब्त करने और मजिस्ट्रेट द्वारा उसे मालिक को लौटाने से इनकार करने पर पुलिस व मजिस्ट्रेट पर कड़ी नाराजगी जताई है।

पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट (फाइल फोटो)
HighLights
पुलिस ने बिना एफआईआर कार जब्त की थी।
मजिस्ट्रेट ने कार मालिक को लौटाने से इनकार किया।
हाईकोर्ट ने मजिस्ट्रेट का आदेश रद्द कर दिया।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। किसी एफआईआर में शामिल नहीं होने के बावजूद पुलिस की ओर से कार जब्त करने और फिर मजिस्ट्रेट की ओर से उसे मालिक को लौटाने से इनकार करने पर पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट ने कड़ी नाराजगी जताई है।
हाईकोर्ट ने कहा कि हैरानी की बात है कि पुलिस ने बिना किसी एफआईआर के वाहन अपने कब्जे में लिया और मजिस्ट्रेट ने भी यह दर्ज करने के बावजूद कि कार किसी मामले में शामिल नहीं है, उसे छोड़ने से इनकार कर दिया।
जस्टिस विक्रम अग्रवाल ने जगाधरी के अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट का 26 अगस्त का आदेश रद करते हुए कार तत्काल उसके पंजीकृत मालिक को लौटाने का निर्देश दिया।याचिका के अनुसार, कार के पंजीकृत मालिक और एक अन्य व्यक्ति के बीच वित्तीय विवाद था।
इसी विवाद के चलते पुलिस ने कार को अपने कब्जे में ले लिया। हालांकि, वाहन के संबंध में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई थी। कार वापस लेने के लिए मालिक ने जगाधरी की अदालत में सुपुर्दगी की अर्जी दाखिल की।
कार किसी प्राथमिकी में शामिल नहीं
सुनवाई के दौरान अदालत के समक्ष पेश रिपोर्ट में भी स्पष्ट किया गया कि कार किसी प्राथमिकी में शामिल नहीं है। पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार, विवाद केवल पंजीकृत मालिक और दूसरे व्यक्ति के बीच वित्तीय लेनदेन से जुड़ा था।
इसके बावजूद अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने 26 अगस्त को कार मालिक की अर्जी खारिज कर दी। अदालत ने अपने आदेश में यह भी लिखा था कि कार किसी प्राथमिकी से संबंधित नहीं है और मामला वित्तीय विवाद का है।
मालिक ने मजिस्ट्रेट के आदेश को हाई कोर्ट में चुनौती दी। जस्टिस विक्रम अग्रवाल ने सुनवाई के दौरान पुलिस की कार्रवाई और मजिस्ट्रेट के फैसले पर कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि हम इस बात से हैरान है कि पुलिस ने ऐसे वाहन को अपने कब्जे में कैसे ले लिया, जो किसी एफआइआर में शामिल ही नहीं था।
कार वापस देने से किया इनकार
इससे भी अधिक हैरानी इस बात पर है कि मजिस्ट्रेट ने वित्तीय विवाद और एफआईआर दर्ज न होने की स्थिति को स्वीकार करने के बाद भी कार की सुपुर्दगी देने से इनकार कर दिया।
सुनवाई के दौरान हरियाणा सरकार की ओर से पेश वकील ने भी स्वीकार किया कि जब कार किसी एफआईआर से जुड़ी नहीं है तो उसे मालिक को सुपुर्दगी पर लौटा दिया जाना चाहिए था। हाई कोर्ट ने याचिका स्वीकार करते हुए मजिस्ट्रेट का आदेश रद्द कर दिया और कार तत्काल याचिकाकर्ता को लौटाने का निर्देश दिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।