विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'पुराने चेक बाउंस केस के चलते समझौते के चेक पर नहीं हो सकता नया मुकदमा', पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट का अहम फैसला

Published: Thu, 26 Nov 2026 12:40 PM (IST)

पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट ने फैसला सुनाया है कि यदि शिकायतकर्ता पुराने चेक बाउंस मामलों को वापस नहीं लेता है, तो वह उसी देनदारी के लिए समझौते के तहत मिले चेक बाउंस होने पर नया मुकदमा दर्ज नहीं करा सकता। 

पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट फाइल फोटो

पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट फाइल फोटो

HighLights

  1. पुराने चेक बाउंस केस जारी तो नया मुकदमा नहीं

  2. एक ही देनदारी के लिए दो मुकदमे नहीं चल सकते

  3. समझौते के चेक पर नया केस रद्द किया गया

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट ने चेक बाउंस के मामले में अहम फैसला सुनाते हुए कहा है कि शिकायतकर्ता एक ही देनदारी के लिए दो अलग-अलग आपराधिक मुकदमे नहीं चला सकता।

यदि उसने पुराने चेक बाउंस मामलों को वापस लेने के बजाय उनकी सुनवाई जारी रखी और उन्हें फैसले तक पहुंचाया तो बाद में समझौते के तहत मिले चेक बाउंस होने पर नया मुकदमा दर्ज नहीं करा सकता। हाईकोर्ट ने इस आधार पर पिता-पुत्र के खिलाफ दर्ज नई शिकायत और उन्हें अदालत में पेश होने के लिए जारी समन रद कर दिए।

पलवल के डीडी ट्रैवल्स के मालिक देवी सिंह ने कमल किशोर के खिलाफ 18 लाख रुपये के कथित कर्ज को लेकर तीन चेक बाउंस शिकायतें दर्ज कराई थीं। इनमें 16 लाख रुपये और एक-एक लाख रुपये के दो चेक शामिल थे।

मामले की सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ। इसके तहत कमल किशोर के बेटे परवेश लाकड़ा ने देवी सिंह को पांच-पांच लाख रुपये के दो चेक दिए। दोनों चेक खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण बाउंस हो गए।

कानूनी नोटिस भेजकर दर्ज कराई शिकायत

इसके बाद देवी सिंह ने पिता-पुत्र को कानूनी नोटिस भेजकर नई शिकायत दर्ज करा दी। हालांकि, उन्होंने पुराने तीनों मामले वापस नहीं लिए और उनकी सुनवाई जारी रखी। निचली अदालत ने एक जून 2017 को पिता-पुत्र को तलब करने का आदेश दिया था।

हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर पिता-पुत्र ने कहा कि समझौते के तहत दिए गए चेक उसी 18 लाख रुपये की पुरानी देनदारी से जुड़े थे। इसलिए एक ही कर्ज के लिए दो बार मुकदमा नहीं चलाया जा सकता।

सुनवाई के दौरान यह भी सामने आया कि कमल किशोर को पुराने तीन मामलों में से दो में दोषी ठहराया गया था और कुल 34 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया गया था। जस्टिस मनीषा बत्रा ने कहा कि शिकायतकर्ता के पास दो रास्ते थे।

कमल किशोर के खिलाफ नई शिकायत बनती है: हाई कोर्ट

वह पुराने मामलों की सुनवाई जारी रख सकता था या समझौते को स्वीकार कर उसके अनुसार कार्रवाई कर सकता था। अदालत ने यह भी कहा कि कमल किशोर के खिलाफ नई शिकायत नहीं बनती, क्योंकि समझौते के दोनों चेक उसके बेटे ने जारी किए थे।

पिता न तो चेक का हस्ताक्षरकर्ता था और न ही उसे जारी करने वाला। केवल यह भरोसा दिलाने से कि चेक का भुगतान हो जाएगा, पिता को चेक बाउंस के मामले में जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।

यह भी पढ़ें- 'देखते हैं अगला नंबर किसका', रोहतक में 4 लोगों की हत्या की भाऊ रिटोलिया गैंग ने ली जिम्मेदारी; अगली वारदात की दी चेतावनी

यह भी पढ़ें- हरियाणा के मंत्री राजेश नागर की बेटी मेलबर्न में पढ़ी, राजस्थानी गबरू की बनी दुल्हन; शादी में विदेशी शेफ ने बनाए पकवान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।