विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पलवल में खनन माफिया का आतंक, यमुना से अवैध रेत निकाल रहे; रोकने पर टीम को ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश

Published: Thu, 26 Nov 2026 11:48 AM (IST)

पलवल जिले में यमुना नदी के किनारे अवैध रेत खनन बेखौफ जारी है, जिससे सरकारी राजस्व और पर्यावरण को नुकसान हो रहा है। 

सड़क पर काम करती अर्थमूवर मशीन। जागरण

सड़क पर काम करती अर्थमूवर मशीन। जागरण

HighLights

  1. अवैध रेत खनन से यमुना का प्राकृतिक स्वरूप हो रहा क्षतिग्रस्त।

  2. खनन माफिया द्वारा पुलिस व विभाग की टीमों पर लगातार हमले।

  3. ओवरलोड वाहनों से सड़कें क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों की जान को खतरा।

कुलवीर चौहान, पलवल। जिले में करीब 45 किलोमीटर के दायरे में बहने वाली यमुना नदी के खादर क्षेत्र में अवैध रेत खनन का खेल बेखौफ जारी है। रात के अंधेरे में ट्रैक्टर-ट्रालियों और भारी वाहनों के जरिए यमुना की रेती निकालकर बेची जा रही है।

खनन माफिया के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि कार्रवाई करने पहुंचने वाली खनन विभाग व पुलिस की टीमों पर भी हमला करने से नहीं चूकते। वहीं, बार-बार शिकायतें सामने आने और लगातार कार्रवाई के दावों के बावजूद अवैध खनन पर प्रभावी रोक नहीं लग पाना खनन विभाग और पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।

जिले में खनन का वैध पट्टा केवल सुल्तानपुर गांव में होने के बावजूद यमुना किनारे बसे कई गांवों में अवैध खनन की शिकायतें सामने आ रही हैं। इससे सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचने के साथ यमुना के प्राकृतिक स्वरूप को भी नुकसान हो रहा है।

सड़कों को क्षतिग्रस्त कर रहे ओवरलोड वाहन

रेती से लदे ओवरलोड वाहन ग्रामीण सड़कों को क्षतिग्रस्त कर रहे हैं और संकरी गलियों से गुजरने के कारण हादसों का खतरा बना हुआ है। सबसे चिंताजनक स्थिति यह है कि अवैध खनन रोकने पहुंचने वाली टीमों को ही अपनी सुरक्षा की चिंता करनी पड़ रही है।

खनन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, चांदहट, रहीमपुर, राजूपुर खादर, गुरवाड़ी, प्रहलादपुर, सुल्तानपुर, माहोली, सतुआगढ़ी, मोहबलीपुर और काशीपुर समेत 15 से अधिक गांवों में अवैध खनन की शिकायतें सामने आती रही हैं। उत्तर प्रदेश के ग्रामीण भी यहां आकर अवैध खनन करते हैं। देर रात होते ही ट्रैक्टरों के जरिए रेती निकालने का काम शुरू हो जाता है।

कुछ स्थानों पर रेती का अवैध स्टाक किया जाता है, जबकि कई जगह नदी का पानी खेतों में उतरने के बाद जमा हुई रेती को वाहनों में भरकर बेचा जाता है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब खनन विभाग को संवेदनशील गांवों और अवैध खनन के संभावित ठिकानों की जानकारी है, तो वहां नियमित निगरानी और प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हो पा रही?

क्या कहते हैं खनन विभाग के आंकड़े?

खनन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इसी महीने करीब 20 वाहनों पर कार्रवाई की गई है। पूरे वर्ष में विभाग 200 से अधिक वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करता है। वाहनों को जब्त करने के साथ जुर्माना भी लगाया जाता है। इसके बावजूद अवैध खनन का सिलसिला जारी रहना कार्रवाई की प्रभावशीलता पर सवाल खड़ा करता है।

लगातार हो रहे हमले

बीते सोमवार रात लीखी गांव के समीप रेती से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़े जाने पर खनन विभाग की टीम पर हमला किया गया। आरोप है कि माफिया ने साथियों के साथ मिलकर सरकारी कर्मचारियों के साथ मारपीट की और ट्रैक्टर के नीचे कुचलने का प्रयास किया।

ट्रॉली में भरी रेती सड़क पर खाली कर दी गई। घटना में टीम के दो कर्मचारी घायल हुए। पुलिस ने खनन निरीक्षक की शिकायत पर सात नामजद सहित अन्य आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। यह घटना पहली नहीं है, जब अवैध खनन रोकने पहुंची टीम को हमले का सामना करना पड़ा हो।

15 फरवरी 2025 को बामनीखेड़ा गांव के पास यमुना से अवैध रेत ले जा रहे हाईवा ट्रक को रोकने पर हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो और खनन विभाग की संयुक्त टीम पर थार सवारों ने हमला किया था।

28 जनवरी 2026 को चांदहट के समीप हाईवा ट्रक सीज करने पर खनन विभाग और स्टेट एनफोर्समेंट ब्यूरो की टीम पर कुल्हाड़ी और पत्थरों से हमला किया गया था।

28 अक्टूबर 2026 को पलवल शहर के समीप रसूलपुर रोड पर अधिकारियों के सामने ही डंपर से रेती सड़क पर गिराकर आरोपी भाग गए थे। भागते समय कई वाहनों को टक्कर मारने की घटना भी सामने आई थी।

सड़कें टूट रहीं, ग्रामीणों की जान पर खतरा

अवैध खनन माफिया सरकारी राजस्व को चूना लगाने के साथ ग्रामीणों के लिए भी परेशानी खड़ी कर रहे हैं। रेती से लदे ओवरलोड वाहन गांवों की सड़कों को क्षतिग्रस्त कर रहे हैं। प्रशासनिक कार्रवाई से बचने के लिए चालक भारी वाहनों को गांवों की संकरी गलियों से निकालते हैं।

इससे सड़कें टूट रही हैं और राहगीरों, बच्चों तथा ग्रामीणों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। जून 2024 में सुल्तानपुर गांव में रेत से भरे ट्रैक्टर की टक्कर से एक बच्चे की मौत हो गई थी।

जुलाई 2024 में अवैध खनन का विरोध करने पर गांव के सरपंच मुकेश पर हमला किया गया था। सरपंच का आरोप था कि खनन माफिया के वाहन गांव के रास्ते से गुजरते हैं, जिससे सड़क पूरी तरह टूट गई है। विरोध करने पर उन पर हमला किया गया।

वन विभाग की जमीन पर भी उठ चुके हैं सवाल

यमुना किनारे अवैध खनन का मुद्दा राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर भी उठता रहा है। वर्ष 2025 में पूर्व मंत्री करण दलाल ने ग्रामीणों के साथ सुल्तानपुर गांव में वन विभाग की करीब 343 एकड़ भूमि पर अवैध खनन किए जाने का गंभीर आरोप लगाया था। इस मामले ने भी संबंधित विभागों की निगरानी और कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े किए थे।

खनन विभाग का दावा, सूचना मिलने पर कार्रवाई

खान एवं भू-विज्ञान विभाग फरीदाबाद व पलवल के खनन निरीक्षक कोमल कुमार ने बताया कि जिले में सुल्तानपुर में खनन की एक वैध साइट है। जहां भी अवैध खनन की सूचना मिलती है, वहां विभाग की टीम कार्रवाई करती है।

इसी माह करीब 20 वाहनों पर कार्रवाई कर उन्हें जब्त किया गया है और जुर्माना लगाया गया है। कार्रवाई के दौरान सरकारी कार्य में बाधा डालने या टीम पर हमला करने वालों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया जाता है।

यह भी पढ़ें- पलवल में खनन माफिया का दुस्साहस, अवैध खनन रोकने गई टीम पर हमला कर ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश; 7 पर केस

यह भी पढ़ें- पलवल में दिल्ली-आगरा हाईवे पर हर एक किलोमीटर पर लग रहे AI कैमरे, नियम तोड़ने वालों पर कसेगा शिकंजा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।