विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पलवल में दिल्ली-आगरा हाईवे पर हर एक किलोमीटर पर लग रहे AI कैमरे, नियम तोड़ने वालों पर कसेगा शिकंजा

Published: Tue, 24 Nov 2026 07:22 PM (GMT+05:30)

दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर सफर को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) एआई आधारित पीटीजी सीसीटीवी कैमरे लगा रहा है। 

पलवल के बामनीखेड़ा गांव में लगाया जा रहा कैमरा। फोटो: जागरण

पलवल के बामनीखेड़ा गांव में लगाया जा रहा कैमरा। फोटो: जागरण 

HighLights

  1. एनएच-19 पर एआइ आधारित पीटीजी सीसीटीवी कैमरे लग रहे हैं।

  2. करमन टोल प्लाजा पर केंद्रीय नियंत्रण कक्ष से होगी निगरानी।

  3. जाम और सड़क हादसों में कमी लाने में मिलेगी मदद।

कुलवीर चौहान, पलवल। दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर सफर को सुरक्षित, सुगम और दुर्घटना-मुक्त बनाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने एक महत्वाकांक्षी हाईटेक परियोजना पर काम तेज कर दिया है।

इसके तहत पूरे राजमार्ग पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित आधुनिक पीटीजेड (पैन-टिल्ट-जूम) सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं।

जिले की सीमा में इस कार्य की शुरुआत हो चुकी है और मितरोल, औरंगाबाद तथा बामनीखेड़ा जैसे प्रमुख क्षेत्रों में कैमरे स्थापित करने का काम पूरा भी कर लिया गया है।

जिले की संपूर्ण सीमा में इन कैमरों के माध्यम से यातायात पर पैनी नजर रखने के लिए हरियाणा-उत्तर प्रदेश सीमा पर स्थित करमन टोल प्लाजा पर एक अत्याधुनिक नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित किया जाएगा। यहां तैनात विशेषज्ञों की टीम चौबीसों घंटे हाईवे की लाइव फीड पर निगरानी रखेगी।

हर किलोमीटर पर लगेंगे हाईटेक कैमरे

बता दें कि जिले में गदपुरी से लेकर होडल तक राष्ट्रीय राजमार्ग की परिधि 45 किलोमीटर के करीब पड़ती है। NHAI जिले में करीब 45 कैमरे लगा रहा है।

NHAI की इस योजना को इस तरह बनाया गया है कि दिल्ली से आगरा के बीच (पलवल व होडल होते हुए) राजमार्ग का कोई भी हिस्सा कैमरों की नजर से ओझल न रहे।

इसके लिए हर एक किलोमीटर की दूरी पर एक हाई-रिजॉल्यूशन 360-डिग्री एआई कैमरा लगाया जा रहा है।

प्रत्येक कैमरा अपने दोनों ओर आधा-आधा किलोमीटर (कुल एक किलोमीटर) के दायरे को स्पष्ट रूप से कवर करेगा। रात के अंधेरे और घने कोहरे में भी ये कैमरे वाहनों की गतिविधियों को साफ तौर पर रिकॉर्ड करने में सक्षम होंगे।

नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर नजर

सामान्य निगरानी के साथ-साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नकेल कसने के लिए हाईवे पर हर 10 किलोमीटर की दूरी पर ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (एएनपीआर) तकनीक से लैस विशेष कैमरे लगाए जा रहे हैं।

ये कैमरे तेज रफ्तार (ओवरस्पीडिंग) से दौड़ने वाले, गलत दिशा या गलत लेन में वाहन चलाने वाले और अन्य यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों की नंबर प्लेट को पलक झपकते ही रीड कर लेंगे।

इससे नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ त्वरित और सटीक कार्रवाई सुनिश्चित हो सकेगी।

जाम से मिलेगी निजात

NHAI के अनुसार, राजमार्ग के किनारे चिह्नित स्थानों पर मजबूत पोल खड़े करने के साथ ही उन पर ये आधुनिक कैमरे लगाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

त्योहारों, वीकेंड या पीक आवर्स के दौरान हाईवे पर वाहनों का भारी दबाव रहता है। नई प्रणाली शुरू होने के बाद यदि कहीं भी वाहन खराब होता है, जाम लगता है या यातायात बाधित होता है, तो करमन टोल प्लाजा स्थित कंट्रोल रूम को तुरंत अलर्ट मिल जाएगा।

इससे पेट्रोलिंग टीम को मौके पर भेजकर तुरंत रास्ता साफ कराया जा सकेगा, जिससे यात्रियों को घंटों जाम में फंसने से राहत मिलेगी।

गोल्डन आवर में मिलेगी मदद

सड़क हादसों के दौरान घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाना सबसे बड़ी चुनौती होती है। इस एआई आधारित निगरानी तंत्र के सक्रिय होने के बाद किसी भी दुर्घटना की स्थिति में कंट्रोल रूम को सेकंडों में सटीक लोकेशन की जानकारी मिल जाएगी।

इससे नजदीकी पुलिस चौकी, एंबुलेंस, क्रेन और अन्य राहत एवं बचाव एजेंसियों को बिना किसी देरी के घटनास्थल पर रवाना किया जा सकेगा।

आपातकालीन सेवाओं का रिस्पॉन्स टाइम कम होने से घायलों को गोल्डन आवर में इलाज मिल सकेगा और सड़क हादसों में होने वाली जनहानि में बड़ी कमी आएगी।

प्रोजेक्ट को लेकर NHAI के परियोजना निदेशक धीरज सिंह ने बताया कि इन कैमरों के इस्तेमाल से न केवल हादसों और अपराधों पर अंकुश लगेगा, बल्कि वाहन चालकों में भी यातायात नियमों के पालन को लेकर जागरूकता और अनुशासन बढ़ेगा।

उन्होंने उम्मीद जताई कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कैमरों का इंस्टालेशन और टेस्टिंग पूरी कर संचालन शुरू कर दिया जाएगा, जिसके बाद दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रियों को विश्वस्तरीय, सुरक्षित और सुगम सफर का अनुभव मिलेगा।

यह भी पढ़ें- पलवल कोर्ट का बेलिफ 50 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, मकान का कब्जा दिलाने के लिए मांगे थे 70 हजार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।