विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पलवल कोर्ट का बेलिफ 50 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, मकान का कब्जा दिलाने के लिए मांगे थे 70 हजार

Published: Mon, 23 Nov 2026 07:15 PM (IST)

पलवल में विजिलेंस टीम ने एक न्यायिक कर्मचारी (बेलिफ) श्याम सुंदर को मकान का कब्जा दिलाने के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। 

पलवल कोर्ट का बेलिफ घूस लेते गिरफ्तार। फोटो: एसीबी

पलवल कोर्ट का बेलिफ घूस लेते गिरफ्तार। फोटो: एसीबी

जागरण संवाददाता, पलवल। मकान का कब्जा दिलाने की एवज में 70 हजार रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में विजिलेंस की फरीदाबाद यूनिट के उपकेंद्र पलवल की टीम ने सोमवार को जिला न्यायालय में तैनात न्यायिक कर्मचारी (बेलिफ) श्याम सुंदर को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

ब्यूरो ने रिश्वत की राशि बरामद कर आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कब्जा दिलाने के लिए मांगी थी 70 हजार रिश्वत

इस मामले में शिकायतकर्ता ने वर्ष 2019 में रामपुर खोर निवासी हरिप्रमोद उर्फ प्रमोद दीक्षित से शहर की आईटीआई के नजदीक राधा कॉलोनी स्थित 287 वर्ग गज के दो मंजिला मकान की खरीद को लेकर एग्रीमेंट किया था।

मकान को लेकर उपजे विवाद के बाद मामला अदालत में चला, जिसके आदेश पर मकान की रजिस्ट्री शिकायतकर्ता के नाम हुई और कब्जा दिलाने के आदेश जारी किए गए।

अदालत के आदेश पर कब्जा दिलाने के लिए बेलिफ श्याम सुंदर को नियुक्त किया गया था।

आरोप है कि बेलिफ ने कब्जा दिलाने का आश्वासन देकर शिकायतकर्ता से 70 हजार रुपये की रिश्वत मांगी, जिसमें से 20 हजार रुपये पहले ही लिए जा चुके थे और शेष 50 हजार रुपये के लिए दबाव बनाया जा रहा था।

50 हजार रुपये लेते रंगे हाथों पकड़ा

शिकायत का सत्यापन होने के बाद विजिलेंस पलवल यूनिट के प्रभारी इंस्पेक्टर राजकुमार के नेतृत्व में टीम ने शहर के महर्षि दयानंद आगरा चौक पर जाल बिछाया।

यहां श्याम सुंदर को अपनी कार में बैठकर शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया गया। ब्यूरो की टीम पहले लिए गए 20 हजार रुपये की बरामदगी के प्रयास कर रही है।

यह भी पढ़ें- पलवल में पैसों के लेनदेन में दो गुटों के बीच फायरिंग, बाप-बेटे को लगी गोली; 7 साल का मासूम भी जख्मी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।