पलवल में पैसों के लेनदेन में दो गुटों के बीच फायरिंग, बाप-बेटे को लगी गोली; 7 साल का मासूम भी जख्मी
पलवल के चांदहट गांव में पैसों के लेनदेन को लेकर दो गुटों के बीच हुए खूनी संघर्ष में गोली लगने से झगड़ा देख रहे पिता-पुत्र घायल हो गए।

प्रतीकात्मक तस्वीर। (AI-Generated Image)
जागरण संवाददाता, पलवल। चांदहट गांव में रविवार रात पैसों के लेनदेन को लेकर दो गुटों के बीच चल रहा विवाद अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में झगड़ा देख रहे पिता-पुत्र गोली लगने से घायल हो गए, जबकि पास में खड़ा एक सात वर्षीय मासूम बच्चा भी सिर में चोट लगने से जख्मी हो गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार रात गांव के ही रहने वाले शेखर, सौरभ, जसविंद्र और बिरम का पैसों के लेनदेन को लेकर दूसरे गुट के सरजीत, पाली और उनके अन्य साथियों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते कहासुनी गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इस दौरान करीब 10 से 15 राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग की गई।
तमाशबीन बने पिता-पुत्र और मासूम आए चपेट में
गांव में हो रहे इस झगड़े और शोर-शराबे को सुनकर सुखबीर, उनका बेटा हरेंद्र और पास में ही मौजूद सात वर्षीय बच्चा हिमांशु वहां खड़े होकर झगड़ा देख रहे थे। इसी बीच अचानक चली गोलियां सुखबीर और उनके बेटे के पैरों में जा लगीं, जिससे दोनों लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। वहीं, पड़ोस में ही रहने वाले सात वर्षीय हिमांशु के सिर में भी पत्थर लगने से गंभीर चोट लग गई।
अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी
गोलीबारी की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में घायल सुखबीर, उनके बेटे और मासूम हिमांशु को इलाज के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।