विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पलवल में खनन माफिया का दुस्साहस, अवैध खनन रोकने गई टीम पर हमला कर ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश; 7 पर केस

Published: Tue, 24 Nov 2026 08:47 PM (IST)

पलवल के हसनपुर थाना क्षेत्र में यमुना रेत के अवैध खनन को रोकने गई टीम पर हमला हुआ। हमलावरों ने सरकारी कर्मचारियों से मारपीट की और वरिष्ठ खनन रक्षक को ट्रैक्टर के नीचे धकेलने का प्रयास किया।

पुलिसकर्मी को ट्रैक्टर से घसीटकर कुचलने की कोशिश। फोटो: वीडियो ग्रैब

पुलिसकर्मी को ट्रैक्टर से घसीटकर कुचलने की कोशिश। फोटो: वीडियो ग्रैब

HighLights

  1. खनन टीम पर अवैध रेत खनन रोकने के दौरान हमला।

  2. हमलावरों ने सरकारी कर्मचारियों से मारपीट की, सड़क पर रेत पलटी।

  3. सात नामजद सहित अज्ञात पर हत्या के प्रयास का केस।

जागरण संवाददाता, पलवल। हसनपुर थाना क्षेत्र में यमुना रेत के अवैध खनन को रोकने गई टीम पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने रेती से भरी ट्रैक्टर-ट्राली को खनन विभाग द्वारा कब्जे में लेने पर सरकारी कर्मचारियों से मारपीट की।

वरिष्ठ खनन रक्षक को ट्रैक्टर के टायर के नीचे धकेलने का प्रयास किया और बीच सड़क पर रेती खाली कर यातायात बाधित कर दिया।

शिकायत के आधार पर हसनपुर पुलिस ने सात नामजद आरोपियों सहित अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ई-रवाना बिल नहीं दिखा सका चालक

खान एवं भू-विज्ञान विभाग फरीदाबाद व पलवल के खनन निरीक्षक कोमल कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 24 नवंबर को वे विभागीय टीम के साथ अवैध खनन और खनिज के अवैध परिवहन की जांच कर रहे थे।

टीम में वरिष्ठ खनन रक्षक अर्जुन सिंह, खनन रक्षक सुधीर और हरियाणा पुलिस के हेड कांस्टेबल गोरा सिंह शामिल थे। जांच के दौरान यमुना रेती से लदी एक ट्रैक्टर-ट्राली को रोका गया, जिसका चालक मौके पर खनिज का ई-रवाना बिल प्रस्तुत नहीं कर सका।

नियमानुसार वाहन को जब्त करने के लिए नजदीकी थाने ले जाया जा रहा था।

लीखी गांव के पास टीम पर हमला

शिकायत के मुताबिक, वाहन को ले जाते समय लीखी गांव के पास लगभग आठ से नौ लोगों ने कपड़े से चेहरे ढककर अचानक ट्रैक्टर-ट्राली का रास्ता रोक लिया और कर्मचारियों पर हमला बोल दिया।

आरोप है कि हमलावरों ने वरिष्ठ खनन रक्षक अर्जुन सिंह और हेड कांस्टेबल गोरा सिंह को ट्रैक्टर से जबरदस्ती नीचे उतारकर सड़क पर घसीटा तथा मारपीट की।

इस दौरान आरोपियों ने अर्जुन सिंह को ट्रैक्टर के टायर के नीचे धकेलने की भी कोशिश की और ट्राली में भरी यमुना रेती को जबरन सड़क पर पलट दिया। इससे सड़क पर आवागमन बाधित हुआ। हमले में घायल अर्जुन सिंह और गोरा सिंह को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पलवल में भर्ती कराया गया।

सात लोगों की हुई पहचान, केस दर्ज

हसनपुर थाना प्रभारी विजयपाल के अनुसार, इस मामले में काशीपुर निवासी बबलू, मनजे, अनिल, नरेश, राजेश, कुलदीप और रिंकल को नामजद किया गया है, जबकि अज्ञात व्यक्तियों को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- पलवल में दिल्ली-आगरा हाईवे पर हर एक किलोमीटर पर लग रहे AI कैमरे, नियम तोड़ने वालों पर कसेगा शिकंजा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।