पूरी रकम लेने के बाद भी नहीं कराई जमीन की रजिस्ट्री, पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट ने खारिज की विक्रेता के वारिसों की अपील
पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने पानीपत के 25 साल पुराने जमीन विवाद में विक्रेता के कानूनी वारिसों की दूसरी अपील खारिज कर दी है। कोर्ट ने निचली अदालतों का फैसला बरकरार रखते हुए खरीदारों को ब्याज सहित 3,23,850 रुपये लौटाने का आदेश दिया।

पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट (जागरण ग्राफिक्स)
HighLights
पानीपत के 25 साल पुराने जमीन विवाद में फैसला
हाई कोर्ट ने विक्रेता के वारिसों की अपील खारिज की
खरीदारों को ब्याज सहित 3,23,850 रुपये लौटाने का आदेश
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने पानीपत जिले की जमीन से जुड़े करीब 25 साल पुराने विवाद में विक्रेता वेद मलिक के कानूनी वारिसों की दूसरी अपील खारिज कर दी।
जस्टिस हर्ष बुंगर की पीठ ने निचली अदालतों का फैसला बरकरार रखा, जिसके तहत खरीदारों ओम प्रकाश और रामफल को 3,23,850 रुपये की बिक्री राशि 12 प्रतिशत सालाना ब्याज सहित लौटाने का आदेश दिया गया था।
मामला पानीपत की बापौली उपतहसील के गांव उझा की 40 कनाल छह मरला जमीन का है। खरीदारों के अनुसार, 16 अगस्त 2001 को वेद मलिक के साथ जमीन का इकरारनामा हुआ और उन्होंने पूरी रकम चुका दी। उनका दावा था कि उन्हें जमीन का कब्जा भी दिया गया और रजिस्ट्री के लिए पावर आफ अटार्नी बनवाई गई।
विवाद तब शुरू हुआ, जब 21 अगस्त 2001 को वेद मलिक ने जमीन का 17/806 हिस्सा रोशन के नाम रजिस्टर्ड बिक्री विलेख से कर दिया। खरीदारों ने इसे अदालत में चुनौती दी। वेद मलिक ने दावा किया था कि जमीन का सौदा पहले ही दूसरे पक्ष से हो चुका था। हालांकि, इकरारनामे और गवाहों के बयानों के आधार पर अदालत ने माना कि खरीदारों ने पूरी रकम अदा की थी।
ट्रायल कोर्ट ने 20 मार्च 2014 को खरीदारों के पक्ष में फैसला दिया। इसके खिलाफ विक्रेता के वारिसों की अपील 9 अगस्त 2021 को अतिरिक्त जिला न्यायाधीश ने खारिज कर दी।
यह भी पढ़ें- 5 साल से कम सेवा पर भी मिलेगी ग्रेच्युटी, पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट का बड़ा फैसला
यह भी पढ़ें- पटियाला निगम चुनाव: अकाली दल के हलका इंचार्ज पर केस दर्ज, भड़काऊ भाषण का वीडियो वायरल होने पर कार्रवाई
हाई कोर्ट ने कहा कि अपीलकर्ता निचली अदालतों के निष्कर्षों में कोई कानूनी त्रुटि या ऐसा महत्वपूर्ण कानूनी प्रश्न नहीं दिखा सके, जिसके आधार पर दूसरी अपील में हस्तक्षेप किया जाए। अदालत ने स्पष्ट किया कि केवल तथ्यों की दोबारा समीक्षा कर निचली अदालतों के निष्कर्ष नहीं बदले जा सकते।ट