Updated: Sat, 26 Jul 2025 08:06 PM (IST)
हरियाणा सरकार ने खेल परिसरों की मरम्मत के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। अब खेल विभाग अपनी इंजीनियरिंग विंग बनाएगा जिससे परिसरों की मरम्मत का काम तेजी से होगा। पंचकूला में मुख्यालय होगा और स्टाफ की भर्ती कौशल विकास निगम के माध्यम से की जाएगी। पहले चरण में 98 खेल परिसरों को सुधारा जाएगा जिससे खेल सुविधाओं में सुधार होगा।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में खेल परिसरों की मरम्मत के लिए अब खेल विभाग लोकनिर्माण विभाग पर निर्भर नहीं रहेगा। विभाग की खुद की इंजीनियरिंग विंग होगी, जिसमें ग्राउंड पर काम करने वाले टेक्निकल स्टाफ से लेकर सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर रैंक तक के अधिकारी शामिल होंगे।
विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
विंग का मुख्यालय पंचकूला में रहेगा और जरूरत पड़ी तो क्षेत्रीय कार्यालय भी स्थापित किए जाएंगे। खेल परिसरों की दयनीय स्थिति को सुधारने के लिए अलग इंजीनियरिंग विंग बनाने की खातिर खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से बात कर चुके हैं। विंग के लिए लोकनिर्माण विभाग तथा हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण से प्रतिनियुक्ति पर स्टाफ की मांग की गई है।
तकनीकी पदों के लिए फाइल अब वित्त विभाग में जाएगी। वित्त विभाग की मंजूरी के बाद ही यह तय होगा कि फील्ड में एसडीओ, जेई व अन्य टेक्निकल स्टाफ के लिए कितने पदों की मंजूरी मिलती है। टेक्निकल स्टाफ खेल विभाग द्वारा हरियाणा राज्य कौशल विकास निगम के माध्यम से रखा जाएगा।
पहले चरण में जिला मुख्यालय व उपमंडल स्तर पर मौजूद खेल स्टेडियम में काम शुरू होगा। इसके बाद गांवों के खेल परिसर सुधारे जाएंगे। कुल 98 खेल परिसर चिह्नित किए हैं, जिनमें काम किए जाने हैं। इनमें से 38 खेल परिसरों को सुधारने के लिए टेंडर जारी करने की तैयारी हो चुकी है।
इतना ही नहीं, खेल परिसरों में चौकीदार, सफाई कर्मचारी, ग्राउंडमैन और माली सहित दूसरे स्टाफ की कमी को भी पूरा करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सभी जिलों के खेल अधिकारियों से खाली पदों का ब्योरा मांगा गया है। वांछित जानकारी मिलते ही खेल विभाग स्टाफ की भर्ती करेगा ताकि खेल परिसरों की सही से देखरेख हो सके।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।