Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    वोटर लिस्ट पर विवाद के बीच हरियाणा में सियासी संग्राम शुरू, इन आठ सीटों पर BJP की जीत पर कांग्रेस ने उठाए सवाल

    Updated: Sat, 09 Aug 2025 12:40 PM (IST)

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी के वोटर लिस्ट में हेराफेरी के आरोपों के बाद हरियाणा की राजनीति गरमा गई है। भाजपा ने पलटवार करते हुए कांग्रेस के आरोपों को निराधार बताया है। 9 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस 23 हजार से ज्यादा वोटों से हारी जबकि भाजपा 7 सीटों पर 12 हजार से ज्यादा वोटों से पीछे रही। भाजपा ने कहा कि राहुल गांधी संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं।

    Hero Image
    मतदाता सूची पर विवाद से बढ़ा हरियाणा में राजनीतिक संग्राम

    अनुराग अग्रवाल, चंडीगढ़। कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा वोटों की हेराफेरी के आरोप लगाने के बाद हरियाणा में भी राजनीतिक बहस छिड़ गई है। राहुल गांधी ने वोटों की हेराफेरी होने वाले राज्यों में हरियाणा का नाम भी लिया है, जिसके बाद भाजपा आक्रामक हो गई है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हरियाणा में नौ विधानसभा सीटें राई, खरखौदा, दादरी, उचाना, डबवाली, असंध, अटेली, होडल और महेंद्रगढ़ ऐसी हैं, जहां पर कांग्रेस कुल मिलाकर 23 हजार 441 मतों के अंतर से चुनाव हारी है। इसी तरह, सात विधानसभा सीटें लोहारू, आदमपुर, पंचकूला, सढ़ोरा, रोहतक, थानेसर और फतेहाबाद ऐसी हैं, जहां पर भाजपा 12 हजार 614 मतों के अंतर से चुनाव हारी है।

    बीजेपी ने 48 सीटें जीती थीं

    भाजपा ने अक्टूबर 2024 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान 55 लाख वोट हासिल कर 48 विधानसभा सीटें जीती हैं, जबकि कांग्रेस ने 54 लाख वोट प्राप्त करते हुए 37 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की है। हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा में 47 सीटें जीतने वाली पार्टी को बहुमत से सरकार बनाने का मौका मिलता है।

    राज्य में भाजपा ने लगातार तीसरी बार सरकार बनाई है और इस बार वह बहुमत से सत्ता में है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को नई दिल्ली में अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा है कि कांग्रेस आठ सीटों पर 22 हजार 779 वोट के अंतर से पूरा राज्य हार गई।

    महज छह-छह हजार वोटों से मिली शिकस्त

    राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जो दस्तावेज सार्वजनिक किया था, उसके मुताबिक जींद जिले की उचाना कलां, चरखी दादरी, होडल, सफीदो, घरौंडा, असंध, राई और खरखौदा विधानसभा सीटों में कांग्रेस छह-छह हजार से भी कम वोटों से चुनाव हारी है।

    उचाना कलां विधानसभा सीट पर कांग्रेस की हार सिर्फ 32 वोटों से हुई है, जहां से हिसार के पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह चुनाव लड़े थे। बृजेंद्र सिंह पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह के बेटे हैं।

    दूसरी तरफ भाजपा सात सीटें लोहारू, आदमपुर, रोहतक, सढ़ोरा, पंचकूला, फतेहाबाद और थानेसर साढ़े तीन-तीन हजार से भी कम वोटों से हारी है, जिससे कांग्रेस के वोटों की हेराफेरी के आरोपों को खारिज करने में मदद मिल रही है।

    लोकसभा चुनाव में मिली पांच-पांच सीटें

    लोकसभा चुनाव में भाजपा व कांग्रेस दोनों को पांच-पांच सीटें मिली हैं। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कहना है कि राहुल गांधी जो कह रहे हैं, वह बिल्कुल सही और रिकॉर्ड की बात है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आरोपों पर भाजपा ने शुक्रवार को तीखा पलटवार किया है।

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जहां कहा है कि राहुल गांधी अब तक के सबसे असफल नेता हैं और वे सफल होने की हरसंभव कोशिश कर रहे हैं, वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने दावा किया कि चुनाव में एक-एक वोट से हार-जीत होती है। अगर भाजपा को 22 हजार वोट और मिलते तो हम 22 सीटें और जीत जाते। राहुल गांधी संवैधानिक संस्थाओं की साख पर सवाल उठाकर लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं।

    मोहन लाल बडौली ने यह आंकड़े किए पेश

    मोहन लाल बड़ौली ने आंकड़ों के साथ कांग्रेस के आरोपों को चुनौती दी। उनके मुताबिक, लोकसभा और विधानसभा चुनाव के बीच मात्र पांच महीने में हरियाणा में 4 लाख 16 हजार 103 मतदाता बढ़े। मई 2024 में लोकसभा चुनाव में मतदाता संख्या 1 करोड़ 99 लाख 38 हजार 247 थी, जो विधानसभा चुनाव में 2 करोड़ 3 लाख 54 हजार 350 हो गई।

    औसतन हर विधानसभा क्षेत्र में 4,623 मतदाता जुड़े। इन नए आंकड़ों का राजनीतिक महत्व इसलिए है, क्योंकि 12 विधानसभा सीटों पर जीत-हार का अंतर 4,623 वोट से कम रहा है। इसलिए राहुल गांधी के आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद हैं।

    मामूली मतों के अंतर से हारी-जीती हुई सीटें

    • उचाना में भाजपा के देवेंद्र अत्री ने कांग्रेस के बृजेंद्र सिंह को 32 वोटों से हराया
    • इनेलो के आदित्य देवीलाल ने डबवाली सीट पर कांग्रेस के अमित सिहाग को 610 मतों से हराया
    • लोहारू में कांग्रेस के राजबीर फरटिया ने भाजपा के जय प्रकाश दलाल को 792 वोटों से हराया
    • आदमपुर में कांग्रेस के चंदर प्रकाश ने भाजपा के भव्य बिश्नोई को 1,268 मतों के अंतर से हराया
    • दादरी में भाजपा के सुनील सतपाल सांगवान ने कांग्रेस की मनीषा सांगवान को 1,957 मतों से हराया
    • पंचकूला में कांग्रेस के चंद्र मोहन बिश्नोई ने भाजपा के ज्ञान चंद गुप्ता को 1,997 मतों के अंतर से हराया
    • सढ़ोरा में कांग्रेस की रेणुबाला ने भाजपा के बलवंत सिंह सढ़ोरा को 1699 मतों के अंतर से हराया
    • रोहतक में कांग्रेस के बीबी बत्रा ने भाजपा के मनीष ग्रोवर को 1341 मतों से हराया
    • असंध में कांग्रेस के शमशेर गोगी को भाजपा के योगेंद्र राणा ने 2306 मतों से हराया
    •  थानेसर में कांग्रेस के अशोक अरोड़ा ने भाजपा के सुभाष सुधा को 3243 मतों से हराया
    • अटेली में भाजपा की आरती राव ने कांग्रेस के अतरलाल को 3085 मतों से हराया
    • फतेहाबाद में कांग्रेस के बलवान सिंह दौलतपुरिया ने भाजपा के चौधरी दूड़ाराम को 2252 मतों के अंतर से हराया
    •  होडल में हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष उदयभान भाजपा के हरजिंदर सिंह से 2595 मतों से चुनाव हार गए
    •  महेंद्रगढ़ में कांग्रेस के राव दान सिंह भाजपा के कंवर सिंह से 2648 मतों के अंतर से चुनाव हारे
    •  राई में भाजपा की कृष्णा गहलावत ने कांग्रेस के जयभगवान अंतिल को 4673 मतों से हराया
    • खरखौदा में भाजपा के पवन खरखौदा ने कांग्रेस के जयवीर वाल्मीकि को 5635 मतों के अंतर से हराया।