राहुल गांधी के 'वोट चोरी' के आरोपों के बीच हरियाणा में सियासी संग्राम, BJP की जीत पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
राहुल गांधी के वोटों में गड़बड़ी के आरोपों के बाद हरियाणा की राजनीति गरमा गई है। कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को सही बताया और कांग्रेस पर झूठे आरोप लगाने का आरोप लगाया। वहीं सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने पलटवार करते हुए कहा कि वोटों की चोरी से भाजपा जीती है और मत प्रतिशत में बदलाव किया गया।

राज्य ब्यूरो, पंचकूला। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा वोटों में फर्जीवाड़े का आरोप लगाने के बाद हरियाणा में भी राजनीति तेज हो गई है। साल 2024 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 37 सीटों पर जीत हासिल की थी और भाजपा ने 48 सीटें जीतकर तीसरी बार सरकार बनाई थी।
कांग्रेस और भाजपा की सीटों का अंतर भले ही बहुत ज्यादा रहा, लेकिन मतों का अंतर सिर्फ एक लाख था। भाजपा ने करीब 55 लाख और कांग्रेस ने 54 लाख मत हासिल किए थे।
राहुल गांधी ने वोटों की गड़बड़ी वाले राज्यों में हरियाणा का नाम भी लिया है, जिसके बाद भाजपा सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कांग्रेस पर झूठे और मनगढ़ंत एजेंडे सेट करने के आरोप लगाए हैं। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने अरविंद शर्मा को उनके दावों का जवाब दिया है।
अरविंद शर्मा रोहतक से हारे थे चुनाव
हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा इस बार कांग्रेस के दीपेंद्र सिंह हुड्डा से रोहतक लोकसभा सीट का चुनाव हार गए थे, जबकि 2019 में उन्होंने दीपेंद्र सिंह हुड्डा को हराकर जीत हासिल की थी। अरविंद शर्मा एक समय कांग्रेस में हुआ करते थे। वह करनाल और सोनीपत से भी सांसद रहे हैं।
फिलहाल सोनीपत जिले की गोहाना विधानसभा सीट से भाजपा के विधायक और हरियाणा सरकार में मंत्री हैं। उन्होंने राहुल गांधी के आरोपों पर कहा कि कहीं-कहीं चार-चार वोट बनी हुई हैं, लेकिन चुनाव आयोग उन्हें खत्म कर रहा है। ऐसे में इसे वोट चोरी नहीं कहा जा सकता।
रोहतक के कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने मंत्री अरविंद शर्मा को उन्हीं के बयानों में उलझाते हुए कहा कि अब समझ में आया कि 2019 में अरविंद शर्मा रोहतक में कैसे लोकसभा का चुनाव जीते थे।
आइये जानते हैं कि राहुल गांधी के बयान और चुनाव आयोग की कार्य प्रणाली को लेकर दोनों राजनीतिक विरोधियों ने क्या-क्या सफाई दी।
चार वोटों को खत्म कर एक वोट रहने देना वोटों की चोरी कैसे हुई: अरविंद शर्मा
अरविंद शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का काम ऐसे नेरेटिव (नकारात्मक बातें) सेट करना है, जिनका कोई सिर-पैर नहीं होता। पहले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने यह नेरेटिव सेट करने की कोशिश की कि भाजपा की सरकार आएगी तो संविधान बदल देंगे, गरीबों का हक छीन लेंगे। भाजपा की सरकार आई, मगर कोई संविधान नहीं बदला।
कांग्रेस लोगों को कन्फ्यूज करने के लिए झूठे प्रचार करती है। चुनाव आयोग अपना काम कर रहा है। आप हरियाणा में देख लो। रोहतक लोकसभा क्षेत्र में देख लो, सर्वे करवा लो। कितने ही लोग ऐसे मिलेंगे, जिनकी तीन-तीन, चार-चार वोट बनी हुई हैं। किसी की बहादुरगढ़ में वोट है, उसी आदमी की गांव में भी वोट है और वही वोट रोहतक में भी है।
अगर आप इसको रेक्टिफाई (सुधार) करो तो क्या यह वोट चोरी हो गई। हम तो यही कह रहे हैं कि पूरे देश में एक नागरिक की एक वोट होनी चाहिए। अगर उसकी दो जगह वोट है, उसमें से एक जगह कट गई तो यह वोट चोरी कैसे हुई। फर्जी वोट काटकर इलेक्शन कमीशन कौन सी वोट चोरी कर रहा है।
जिस नागरिक की पूरे देश में एक वोट होनी चाहिए, अगर उसकी दो वोट हैं, किसी की तीन हैं, किसी की चार हैं, कटने के बाद उसकी एक रह जाती है तो यह वोट चोरी नहीं है, यह इलेक्शन कमीशन का साफ सुथरा काम है। इसकी सराहना की जानी चाहिए। - डॉ. अरविंद शर्मा, सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री, हरियाणा सरकार
चार-चार वोट बीजेपी वालों की ही हैं, ये लोग अभी तक चुप थे- दीपेंद्र हुड्डा
राहुल गांधी का जब से वोटों की चोरी होने का बयान आया है, तभी से भाजपा को पूरे देश और हरियाणा में तिलमिलाहट हो रही है। हरियाणा सरकार के मंत्री अरविंद शर्मा कह रहे हैं कि राहुल गांधी ने कोई नई बात नहीं बताई।
रोहतक में एक-एक आदमी की चार-चार वोट बनी हुई हैं। अरविंद शर्मा के बयान से अब मैं समझा हूं कि साल 2019 में अरविंद शर्मा रोहतक से कैसे लोकसभा का चुनाव जीते थे, क्योंकि अगर किसी आदमी का आपको नाम पता है तो उसका नाम बताओ, जिसकी चार वोट हैं।
अगर पार्टी पता है तो पार्टी बताओ। यह चार वोट कांग्रेस के किसी आदमी की होती तो अभी तक बहुत शोर मचा देते। रोहतक लोकसभा क्षेत्र से इस बार लोगों ने मुझे पौने चार लाख मतों से जिताया यानी अरविंद शर्मा को इतने वोटों से हराया। अगर इन लोगों को किसी एक आदमी की चार वोट मिल जाती तो यह चुप नहीं बैठते। अरविंद शर्मा के बयान से साबित होता है कि चार-चार वोट बीजेपी वालों की ही हैं। ये लोग अभी तक चुप थे। अब असली सच्चाई इनकी जुबान पर आ गई है। यह हर किसी को पता है कि हरियाणा में कांग्रेस चुनाव जीत रही थी, मगर वोटों की चोरी से भाजपा चुनाव जीत गई, क्योंकि कई बार मत प्रतिशत बदल-बदल कर सार्वजनिक किए गए। - दीपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस सांसद, रोहतक
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।