बच्ची का सिर बेंच पर पटका, बालों से घसीटा; ईंट से 12 बार किया हमला... हरियाणा में तीसरी कक्षा का छात्र बना हैवान
पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित एक सरकारी स्कूल में तीसरी कक्षा के छात्र ने नर्सरी की बच्ची पर ईंट से बेरहमी ...और पढ़ें

घटना की प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
पंचकूला स्कूल में तीसरी कक्षा के छात्र ने नर्सरी की बच्ची पर हमला
बच्ची गंभीर रूप से घायल, PGI चंडीगढ़ में चल रहा इलाज
स्कूल प्रशासन और पुलिस ने दो दिन तक घटना को दबाया
जागरण संवाददाता, पंचकूला। पंचकूला सेक्टर-20 के सरकारी स्कूल में दिल दहला देने वाली घटना हुई है। क्लास रूम के अंदर तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले बच्चे ने नर्सरी में पढ़ने वाली बच्ची पर बेरहमी से हमला किया। छात्र इतने गुस्से में था कि उसने ईंट से छह साल की मासूम बच्ची के चेहरे पर एक के बाद एक कई वार किए।
हमले में बच्ची गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई, लेकिन हमला कर रहे बच्चे का गुस्सा शांत नहीं हुआ। बच्ची की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और उसका पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज चल रहा है।
डॉक्टरों का कहना है कि बच्ची के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। घटना 28 अक्टूबर की शाम की बताई जा रही है। स्कूल में उस समय इवनिंग क्लास चल रही थी। शिक्षकों की कमी के चलते दोनों बच्चे एक ही कक्षा में बैठते थे। कक्षा पहली मंजिल पर है। किसी बात को लेकर दोनों बच्चों में झगड़ा हो गया और उसने बच्ची पर हमला कर दिया।
छुट्टी के समय तक स्कूल को इस बात की भनक तक नहीं लगी। इसका पता तब चला जब छुट्टी होने पर ऑटो चालक बच्ची को लेने आया। वह नहीं मिली तो चालक ने बच्ची के पिता को फोन पर सूचित किया। इसके बाद पिता स्कूल पहुंचे। उसी दौरान पिता ने हमलावर बच्चे से ही पूछा तो उसने बताया कि उनकी बेटी घायल हालत में क्लास में ही पड़ी है।
पुलिस ने दो दिन तक दबाए रखा मामला
वे तुरंत बच्ची को पंचकूला के सेक्टर-6 में प्राइवेट अस्पताल में लेकर पहुंचे। वहां से उसे पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। इस मामले को स्कूल प्रशासन और पुलिस ने दो दिन तक दबाए रखा।
पुलिस तर्क दे रही है कि वह दो दिन मामले की जांच कर रहे थे। घटना का वीडियो भी वायरल है। घटना के समय क्लास खाली थी। वीडियो में हमलावर छात्र पहले बच्ची को थप्पड़ और फिर किक मारते दिख रहा है।
उसने बच्ची का सिर बैंच पर पटका व जमीन पर गिराकर उसके चेहरे पर किक मारीं। बच्चा कहीं से ईंट लेकर आया और बच्ची के सिर पर मार दी। उसने बच्ची को फर्श पर घसीटा और उस पर वार भी करता रहा।
ईंट से 12 वार किए वार
सूत्रों के मुताबिक छात्र ने बच्ची के सिर व चेहरे पर ईंट से कम से कम 12 वार किए। बच्ची ट्रामा सेंटर की इमरजेंसी में उपचाराधीन है। सेक्टर-20 थाना प्रभारी यशदीप ने स्कूल प्रबंधन से फुटेज की जानकारी मांगी है। हमला करने वाला बच्चा नौ से 10 साल का है और घायल बच्ची की उम्र छह साल है।
यह भी पढ़ें- प्रिंस हत्याकांड की सुनवाई को मिलेगी रफ्तार, गुरुग्राम कोर्ट को 6 महीने में पूरा करना होगा ट्रायल; HC का आदेश
फुटेज देखकर निकली चीखें
बच्ची पर बर्बरता से किए गए हमले का वीडियो क्लासरूम में लगे सीसीटीवी में कैद हुआ है। घटना की वीडियो इतना भयानक था कि फुटेज को देखने समय स्टाफ और परिवार वालों की चीखें निकल गई। घटना के बाद स्टाफ व परिवार के लोगों ने हमला करने वाले बच्चे से भी पूछताछ की, लेकिन वह अभी तक बच्ची पर हमला करने की वजह नहीं बता पाया है।
अनसुलझे सवाल
- जिस समय घटना हुई स्कूल स्टाफ कहां था?
- क्लासरूम में बच्चा ईंट लेकर कैसे पहुंचा?
- क्या किसी ने उसे ईंट लेकर आते हुए नहीं देखा?
- क्या किसी ने बच्ची के चिखने-चिल्लाने की आवाज नहीं सुनी?
हमने दोनों बच्चों के परिवारों के बयान दर्ज कर लिए हैं। मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल बच्ची का इलाज चल रहा है। दोनों बच्चे छोटे हैं इसलिए अब तक इस मामले में कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। हमलावर बच्चे की दीमागी जांच करवाई जाएगी। -भविंदर, एसीपी, पंचकूला
मामले को लेकर क्लीनिकल साइकोलाजिस्ट डॉ. भाविंदर सिंह कहते हैं, असामाजिक और हिंसक व्यवहार के पीछे आनुवंशिक कारण, एडीएचडी (अटेंशन डेफिसिट हाइपरएक्टिविटी डिसआर्डर) और पारिवारिक माहौल जैसे कारक हो सकते हैं। जरूरत से ज्यादा छूट मिलने और व्यवहार की समस्याएं हो सकती हैं। ऑनलाइन गेमिंग व हिंसक सामग्री का प्रभाव संभावित कारण हो सकता है।
बच्चों में आक्रामक व्यवहार के पीछे घर का माहौल और पारिवारिक परिस्थितियां अहम भूमिका निभा सकती हैं। यह देखना जरूरी है कि बच्चे के घर में क्या चल रहा है। कई बार घर में होने वाले झगड़े और तनाव का असर बच्चे के मन पर पड़ता है, जिसे वह अपने व्यवहार में जाहिर करता है। -डॉ. रचना त्यागी, मेंटल हेल्थ एक्सपर्ट
यह भी पढ़ें- 2022 में दिल का दौरा पड़ने से हुई थी पिता की मौत, 4 साल बाद विश्व चैंपियन बनकर मनीषा ने पूरा किया उनका सपना
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।