विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंचकूला स्कूल अटैक: 25 दिन बाद भी खौफ के साये में 6 साल की मासूम, रात में अचानक जागकर पूछती है- 'उसने मुझे क्यों मारा?'

By Ankesh ThakurEdited By: Prince Sharma
Published: Mon, 23 Nov 2026 01:22 PM (IST)

पंचकूला के एक स्कूल में हुए हमले के 25 दिन बाद भी 6 साल की बच्ची गहरे सदमे में है, शारीरिक चोटें ठीक होने के बावजूद मानसिक रूप से वह अभी भी डरी हुई है। 

पंचकूला के एक स्कूल में मासूम पर छात्र ने किया था हमला (जागरण आर्काइव)

पंचकूला के एक स्कूल में मासूम पर छात्र ने किया था हमला (जागरण आर्काइव)

HighLights

  1. स्कूल हमले के 25 दिन बाद भी बच्ची सदमे में

  2. मानसिक स्थिति ठीक नहीं, रात में डरकर उठ जाती है

  3. परिवार को इलाज के लिए आर्थिक मदद का इंतजार

अंकेश ठाकुर, पंचकूला। शरीर पर लगी चोटें धीरे-धीरे भर रही हैं, लेकिन छह साल की मासूम के मन में 25 दिन पहले हुई घटना का डर अब भी गहरा बैठा है।

परिवार उसे समझाने और संभालने की कोशिश करता है, लेकिन बच्ची के चेहरे पर अब भी खौफ साफ दिखाई देता है। सेक्टर-20 स्थित सरकारी स्कूल में 28 अक्टूबर को हुई घटना ने मासूम की जिंदगी बदल दी है। स्कूल में तीसरी कक्षा के छात्र ने छह वर्षीय बच्ची के साथ बेरहमी से मारपीट की थी।

सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आने के बाद बच्ची को पीजीआइ चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया था। कई दिनों तक उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी मिल गई, लेकिन मानसिक रूप से वह अब भी उस घटना से उबर नहीं पाई है। बच्ची के पिता ने दैनिक जागरण से बातचीत में बताया कि बेटी पहले की तरह सामान्य नहीं हो पाई है।

वह सहमी-सहमी रहती है। रात में नींद में अचानक डरकर उठ जाती है और बार-बार उस घटना के बारे में पूछती है। परिवार के सदस्य उसे प्यार से समझाते हैं कि अब वह सुरक्षित है, लेकिन बच्ची के मन से उस दिन का डर निकल नहीं पा रहा।

500 से एक हजार रुपये हो रहा प्रतिदिन का खर्च

परिवार के लिए बच्ची का इलाज आर्थिक रूप से भी बड़ी चुनौती बन गया है। पिता के अनुसार, अब तक उपचार पर करीब डेढ़ लाख रुपये खर्च हो चुके हैं। इसके अलावा दवाओं और अन्य जरूरतों पर रोजाना 500 से एक हजार रुपये तक खर्च हो रहे हैं।

घटना के बाद बच्ची के इलाज और परिवार की मदद के लिए कई आश्वासन दिए गए, लेकिन परिवार को कहीं से भी आर्थिक मदद नहीं मिली है। परिजनों का कहना है कि बच्ची की शारीरिक चोटों के साथ-साथ मानसिक स्थिति पर भी ध्यान देने की जरूरत है।

वह अभी स्कूल जाने और सामान्य दिनचर्या में लौटने की स्थिति में नहीं है। घर पर ऊंची आवाज में बात करने पर भी बच्ची डर जाती है। परिवार चाहता है कि बच्ची को ऐसा माहौल मिले, जहां वह खुद को सुरक्षित महसूस कर सके और धीरे-धीरे इस सदमे से बाहर निकल पाए।

परिवार को आर्थिक मदद का इंतजार

बच्ची के उपचार और परिवार की सहायता के लिए कई स्तरों पर आवाज उठी थी। परिवार का कहना है कि इलाज का खर्च लगातार बढ़ रहा है। पिता काम पर नहीं जा पा रहे हैं।

यहां तक कि कमरे का किराया तक नहीं दे पाए हैं। उनका कहना है कि उन्हें न सरकार और न ही प्रशासन की तरफ से कोई आर्थिक मदद मिली है। बच्ची अभी भी अपने चाचा के घर पर है। उसकी बड़ी बहन भी सेक्टर-20 के उस स्कूल में नहीं जा रही, जहां बच्ची के साथ यह घटना घटी थी।

यह भी पढ़ें- हरियाणा: खून से लिखे पत्र को मुख्यमंत्री ने बताया ड्रामा, कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया बोले- जनता हर बात का हिसाब करेगी

यह भी पढ़ें- गड़बड़ियों पर हरियाणा सीएम सैनी सख्त, ठेकेदार पर FIR; एक्सईएन, जेई और एमई को निलंबित करने के आदेश

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।