Updated: Sat, 26 Jul 2025 07:54 PM (IST)
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अब हरियाणा के सभी 22 जिलों का दौरा करेंगे। भाजपा की छोटी टोली की बैठक में इस दौरे की रणनीति तय की गई। मुख्यमंत्री जिलों में सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से मिलेंगे विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा करेंगे। लोगों की शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया जाएगा।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अब फील्ड में और अधिक सक्रिय होंगे। विधानसभा चुनावों के नतीजों और प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनने के बाद हलकों में चल रही ‘धन्यवादी जनसभाओं’ के साथ अब मुख्यमंत्री का जिलों में भी प्रवास होगा।
विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी 22 जिलों में चरणबद्ध तरीके से प्रवास करने का निर्णय लिया है। भाजपा ने सीएम के इस प्रवास कार्यक्रम की रणनीति भी तय कर ली है। शनिवार को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री आवास संत कबीर कुटीर पर हुई भाजपा की ‘छोटी टोली’ की बैठक में जिलों के प्रवास कार्यक्रम का खाका तैयार किया गया।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, हरियाणा मामलों के प्रभारी डा. सतीश पूनिया, प्रदेश संगठन मंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा, कैबिनेट मंत्री व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार बेदी, प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता व सुरेंद्र पूनिया शामिल थे।
इस दौरान सरकार और संगठन के समन्वय से नानस्टाप सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की योजना, रचना व संगठन को और अधिक सशक्त बनाने जैसे अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बताते हैं कि मुख्यमंत्री जिलों में प्रवास के दौरान केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं को लेकर सीधे लाभार्थियों से फीडबैक लेंगे। वे सरकार को लेकर आम लोगों से भी बातचीत करेंगे ताकि ग्राउंड से सही सुझाव उन्हें मिल सकें।
जिलों में चल रही विकास परियोजनाओं के अलावा नए प्रोजेक्ट्स को लेकर अधिकारियों के साथ बैठकें भी होंगी। इसी तरह से पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ भी बैठकें होंगी ताकि प्रदेश व केंद्र की नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जा सके।
मुख्यमंत्री सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ भी संवाद करेंगे ताकि उनसे भी सरकार की नीतियों पर फीडबैक जुटाया जा सके। साथ ही पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा होगी। जिलों में प्रवास का फाइनल कार्यक्रम पार्टी द्वारा जल्द ही घोषित भी किया जाएगा।
शिकायतें भी सुनेंगे सीएम, मौके पर समाधान
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्रदेश के हर जिले में प्रवास करेंगे। इस दौरान लोगों की शिकायतें भी सुनेंगे, जिनका मौके पर ही समाधान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री प्रवास के दौरान कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों के लोगों से भी मिलेंगे तथा जिला व प्रदेश के विकास को लेकर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि छोटी टोली की बैठक हर माह होती है। बैठक में संगठन द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही, आगामी कार्यक्रमों की योजना तैयार की गई।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।