PM मोदी के बाद दिल्ली की CM रेखा गुप्ता और जेपी नड्डा से मिले नायब सैनी, सरकार और संगठन पर हुई चर्चा
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी दिल्ली में सक्रिय हैं। उन्होंने पीएम मोदी मनोहर लाल और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात की। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ संगठनात्मक कार्यों और सरकार की योजनाओं पर चर्चा की। नायब सैनी ने भाजपा विधायक दल की बैठक की जानकारी दी और घोषणा पत्र को लागू करने पर जोर दिया।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पिछले पिछले दो दिनों से दिल्ली में सक्रिय हैं। बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल से मुलाकात करने के बाद बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री नायब सैनी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से शिष्टाचार भेंट की। शाम के समय मुख्यमंत्री भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मिले और उनके साथ सरकार व संगठन के विषयों पर बातचीत की।
मुख्यमंत्री शुक्रवार और शनिवार को भी दिल्ली में रहने वाले हैं तथा केंद्रीय नेताओं से मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री नायब सैनी नई दिल्ली के भारत मंडप में वैश्य समाज के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। रास्ते में दिल्ली सरकार का सचिवालय पड़ता है।
वहां उन्होंने करीब आधे घंटे रुककर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात की। दिल्ली के उद्योग मंत्री मनिंदरजीत सिंह सिरसा भी इस मुलाकात के दौरान मौजूद रहे। बाद में नायब सैनी और रेखा गुप्ता अलग-अलग वैश्य समाज के कार्यक्रम में शामिल होने गए।
सरकार की प्रमुख योजनाओं की जानकारी दी
शाम को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से हुई मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य में चल रहे संगठनात्मक कार्यों व सरकार की प्रमुख योजनाओं की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हाल ही में हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में हुई चर्चा से भी पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा को अवगत कराया। भाजपा बड़ी तेजी के साथ अपनी पार्टी के चुनाव घोषणा पत्र को लोगों में लागू करने पर आगे बढ़ रही है।
ऐसी सभी योजनाओं व घोषणाओं पर चर्चा हुई, जिन्हें निकट भविष्य में लागू किया जाना है। राज्य सरकार के मंत्रियों को इन योजनाओं की रूपरेखा तैयार करने के लिए निर्देशित किया गया है।
इससे पहले नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलकर मुख्यमंत्री ने उन्हें राज्य में संचालित प्रमुख योजनाओं तथा सुरक्षा के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी थी। साथ ही ब्रिक्स देशों के ऊर्जा मंत्रियों के सम्मेलन में भागीदारी कर लौटे केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का अभिनंदन किया था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।