विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 15, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

सामूहिक दुष्कर्म और हत्याओं से डिगा सरकार पर भरोसा, सीएम ने दी सफाई

By Kamlesh BhattEdited By:
Published: Mon, 15 Jan 2018 05:30 PM (IST)Updated: Tue, 16 Jan 2018 11:17 AM (IST)

चार दुष्कर्मों के बाद हरियाणा हिल उठा। वहशियों ने लड़कियों के साथ एेसी हैवानियत दिखाई कि सुनकर रोंगटे खड़े हो गए।

सामूहिक दुष्कर्म और हत्याओं से डिगा सरकार पर भरोसा, सीएम ने दी सफाई
सामूहिक दुष्कर्म और हत्याओं से डिगा सरकार पर भरोसा, सीएम ने दी सफाई

जेएनएन, चंडीगढ़। गैंगरेप की चार घटनाओं से हरियाणा दहल उठा है। जींद-पानीपत में नाबालिग लड़कियों की सामूहिक दुष्कर्म के बाद जघन्य हत्या और फरीदाबाद व पिंजौर में हैवानियत की हदें पार करने वाले दुष्कर्म के मामलों ने पूरे प्रदेश को हिलाकर रख दिया है। दो दिन के अंतराल में रोंगटे खड़े कर देने वाली चार वारदातों से कानून व्यवस्था पर सवाल उठ खड़े हुए हैं। लोगों का गुस्सा देख जहां मुख्यमंत्री मनोहर लाल को सफाई देने के लिए मैदान में उतरना पड़ा, वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा बुधवार को राजभवन मेें दस्तक देंगे। इस बीच आइजी ममता सिंह ने कहा कि जींद और कुरुक्षेत्र रेप मामलों में एसआइटी का गठन किया गया है। कुरुक्षेत्र गैंगरेप मामले में कुछ संदिग्ध लोगों के नाम सामने आए हैं

पानीपत के मतलौडा में अपने ननिहाल में रह रही 11 वर्षीय बच्ची के साथ ननिहाल गांव के ही दो युवकों ने पहले दुष्कर्म किया, फिर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद उसका नग्न शव वाल्मीकि चौपाल के पीछे पानी से भरे गड्ढे में फेंक दिया। उसके कपड़ों को पराली में डालने के बाद जला दिया। दोनों वहशी प्रदीप रिश्ते में छात्रा का नाना और सावन मामा लगता है। आरोपियों ने उसके शव के साथ दुष्कर्म किया।

पुलिस ने प्रदीप के साथ लगते उसके भाई के बंद मकान की रसोई से चप्पल और छात्रा के जले हुए कपड़े के टुकड़े बरामद कर प्रदीप व सावन को गिरफ्तार किया। दोपहर बाद पुलिस के पहरे में छात्रा के शव का संस्कार कर दिया गया। डीएसपी संदीप मलिक का कहना है कि छात्रा के मामा के बयान पर प्रदीप व सावन के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

सफीदों में सामूहिक दुष्कर्म के बाद नाबालिग छात्रा से दरिंदगी

सफीदों के बुढाखेड़ा गांव में वहशियों ने झांसा गांव की दसवीं की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी थी। दरिंदों ने छात्रा के जननांगों को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त किया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने गत दिवस जमकर रोष प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी न होने तक शव लेने से इन्कार कर दिया। हालांकि बाद में समझाने पर उन्होंने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इस बीच, करनाल में पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि मामले के एक एक आरोपी की पहचान हो गई  है। उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

कार में अपहरण कर युवती से सामूहिक दुष्कर्म

फरीदाबाद में ड्यूटी से छुट्टी होने पर घर लौट रही 22 वर्षीय युवती का शनिवार देर शाम ओल्ड फरीदाबाद राजीव चौक पुलिस चौकी से महज सौ मीटर दूर चार युवकों ने स्कॉर्पियो कार में अपहरण कर लिया। इसके बाद पलवल ले जाकर सुनसान जगह तीन युवकों ने कार में उससे दुष्कर्म किया और फिर उसे सीकरी में पेट्रोल पंप के पास छोड़कर फरार हो गए। एनआइटी क्षेत्र निवासी युवती सेक्टर-16 स्थित एक कार्यालय में कार्यरत है।

अधेड़ ने की नाबालिग लड़की से दरिंदगी, दुष्कर्म के बाद गुप्तांग में डाली लकड़ी

पंचकूला के पिंजौर स्थित गांव रामपुर सियूड़ी में एक अधेड़ ने नाबालिग लड़की से दुष्कर्म किया और इसके बाद उसके गुप्तांग में कड़ी डाल दी। बच्ची के चिल्लाने की आवाज सुनकर मां ने उसे बचाया और मामले की शिकायत पुलिस को दी। जिसके बाद 48 वर्षीय आरोपी को दबोच लिया गया। चिकित्सकों के मुताबिक बच्ची से दुष्कर्म की पुष्टि हो गई है। पिंजौर पुलिस ने आरोपी दुकीराम के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया और बाद में उसे काबू कर लिया। अमरावती चौकी इंचार्ज बृजपाल ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

यह भी पढ़ेंः पति का आरोप, प्रेम विवाह से नाराज ससुरालियों ने नवविवाहिता व बहन को उठाया

राज्यपाल से बिगड़ी कानून व्यवस्था की शिकायत करेंगे हुड्डा

बिगड़ी कानून व्यवस्था को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा कांग्रेसी विधायकों को साथ लेकर बुधवार को राजभवन का दरवाजा खटखटाएंगे। हाल ही में घटित वारदातों को ब्योरा देते हुए उन्हें बताया जाएगा कि कैसे प्रदेश में आज दहशत का माहौल है। इसके अलावा राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो की रिपोर्ट का हवाला देते हुए उनसे तुरंत इस दिशा में कोई ठोस कदम उठाने की मांग की जाएगी।

पानीपत के आरोपी पकड़े, दूसरों की गिरफ्तारी जल्द : सीएम

सामूहिक दुष्कर्म के मामलों में पानीपत के आरोपियों को पकड़ा जा चुका, जबकि जींद के दोषी भी जल्द गिरफ्त में होंगे। महिलाओं की सुरक्षा के लिए सरकार गंभीर है। सभी जिलों में महिला थाने खोलने के बाद वारदात कम हुई हैं। मनचलों पर शिकंजा कसने के लिए जल्द ही 1091 नंबर चालू किया जाएगा जिस पर काल करते ही पता चल जाएगा कि अपराधी किस स्थान पर है। इससे प्रदेश अपराध मुक्त होगा। आपराधिक वारदात इसलिए बढ़ी प्रतीत हो रही हैं क्योंकि अब सभी केस दर्ज होते हैं। पहले की सरकारों में आधे से अधिक मामले बगैर एफआइआर के दबा दिए जाते थे।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।