Lok Sabha Election 2024: सभी 10 सीटों पर चुनाव लड़ेगी दुष्यंत की जेजेपी, बैठक में चंडीगढ़ में चुनाव को लेकर भी हुई चर्चा
Lok Sabha Election 2024 दिल्ली में हुई राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक के बाद जननायक जनता पार्टी ने सभी 10 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला लिया है। लोकसभा और जिला प्रभारियों से 10 सीटों पर इच्छुक उम्मीदवारों के पैनल पर विस्तृत चर्चा हुई। राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक में चंडीगढ़ सीट पर भी लड़ने का भी सुझाव आया है।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली/चंडीगढ़। साढ़े चार साल के बाद भाजपा के साथ गठबंधन से अलग हुई जननायक जनता पार्टी ने तय किया है कि पार्टी राज्य की सभी 10 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। दिल्ली में हुई पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) की बैठक में लोकसभा चुनाव से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। बैठक में सुझाव आया कि पार्टी को हरियाणा के अलावा राजधानी चंडीगढ़ की लोकसभा सीट पर भी चुनाव लड़ने की संभावना तलाशनी चाहिए।
10 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी जजपा
इस पर वरिष्ठ नेताओं ने सहमति जताई। जजपा की पीएसी ने प्रदेश की सभी दस लोकसभा सीटों पर लोकसभा प्रभारी व जिला प्रभारियों की तरफ से आए उम्मीदवारों के पैनल नामों पर चर्चा की और विभिन्न पैमानों पर उनका मूल्यांकन किया। जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉक्टर अजय सिंह चौटाला की अध्यक्षता में हुई बैठक में सामाजिक और राजनीतिक महत्व के आधार पर संभावित उम्मीदवारों पर चर्चा हुई। फिलहाल पार्टी ने प्रत्येक सीट से एक-एक नाम तय कर लिया है। कांग्रेस के टिकट घोषित होने के बाद जजपा अपने प्रत्याशियों की घोषणा करेगी।
बैठक में ये रहे मौजूद
जजपा पीएसी की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के अलावा पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, प्रदेश अध्यक्ष सरदार निशान सिंह, वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनंत राम तंवर, राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष पृथ्वी मील, पूर्व मंत्री अनूप धानक, विधायक रामकरण काला, मास्टर राजकुमार सैनी, कुसुम शेरवाल, सुरेश मित्तल, बचन सिंह गुर्जर समेत वरिष्ठ नेताओं ने शिरकत की।