International Womens Day 2025: शांता रंगा को सुषमा स्वराज अवॉर्ड, 50 से अधिक महिलाएं होंगी सम्मानित; किन्हें मिलेगा कौन सा पुरस्कार?
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हरियाणा सरकार महिलाओं के संघर्ष उपलब्धियों और समाज में उनके योगदान को सम्मानित करेगी। करनाल की शांता रंगा को श्रीमती सुषमा स्वराज अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। इस पुरस्कार के तहत उन्हें 5 लाख रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सैनी और महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी शामिल होंगी।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आठ मार्च यानी शुक्रवार को पंचकूला में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में महिलाओं के संघर्ष, उपलब्धियों और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को सम्मानित किया जाएगा।
इस दिन का मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देना, लैंगिक समानता सुनिश्चित करना और समाज में महिलाओं की भूमिका को अधिक मजबूत करना है। कार्यक्रम में प्रदेश भर की महिलाएं शिरकत करेंगी। पंचकूला के रेड बिशन होटल में समारोह का आयोजन होगा, जिसके लिए सरकार ने राज्य स्तरीय पुरस्कारों की घोषणा कर दी है।
मुख्यमंत्री नायब सैनी एवं महिला व बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी राज्य की महिलाओं को सम्मानित करेंगे। करनाल की शांता रंगा को श्रीमती सुषमा स्वराज अवार्ड प्रदान करने का फैसला किया गया है। इस पुरस्कार के तहत पांच लाख रुपये की राशि दी जाएगी।
इंदिरा गांधी महिला शक्ति अवार्ड हिसार की बाला वर्मा और जींद की रेखा रानी धीमान को संयुक्त रूप से मिलेगा।कल्पना चावला शौर्य पुरस्कार हांसी की मीनू देवी को दिया जाएगा, जबकि लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड अंबाला की कमलेश अरोड़ा को प्रदान किया जाएगा।
मनु भाकर और विनेश फोगाट होंगी सम्मानित
खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर भिवानी की सोनिका, जींद की कुसुम, झज्जर से मनु भाकर, फरीदाबाद से रिदम सांगवान, कुरुक्षेत्र से रमिता जिंदल, हिसार से अंतिम पंघाल, भिवानी से प्रीति पंवार, सिरसा से भजन कौर, चरखी दादरी से विनेश फोगाट, जींद से अंशु मलिक को सम्मानित किया जाएगा।
रोहतक से रितिका हुड्डा, पानीपत से निशा दहिया, भिवानी से जैसमीन लंबोरिया, झज्जर से दीक्षा डागर, सोनीपत से किरण पहल, पंचकूला से रैजा ढिल्लो को सम्मानित किया जाएगा। विनेश फोगाट जींद जिले की जुलाना विधानसभा सीट से कांग्रेस की विधायक हैं।
सामाजिक और उद्यम के क्षेत्र में भी मिलेगा सम्मान
सामाजिक क्षेत्र में कार्य करने पर रीता धीमान, बनारसी देवी, पूनम व डा. विनिता तोमर को सम्मानित किया जाएगा। महिला उद्यमी श्रेणी में जींद की पिंकी देवी और गुरुग्राम से साक्षी को सम्मानित किया। आंगनबाड़ी वर्कर्स और राष्ट्रीय बालिका दिवस पर सम्मानित होने वाली बच्चियों को भी महिला दिवस पर सम्मानित किया जाएगा।
नारी शक्ति रक्तदान शिविर रचेगा इतिहास
हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर राज्य की महिलाएं एक नया इतिहास बनाने जा रही हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा पंचकूला में आठ मार्च को नारी शक्ति रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा।
इस शिविर में केवल महिलाएं रक्तदान करेंगी। केवल महिलाओं द्वारा किसी रक्तदान शिविर में रक्तदान करने का प्रदेश में पहला मौका है। इस कार्यक्रम में भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शामिल होंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।