लोगों को इलाज में अब नहीं होगी दिक्कत, 705 महिला समेत हरियाणा को मिले 1090 डॉक्टर; CM नायब ने सौंपे नियुक्ति पत्र
हरियाणा में अब लोगों को इलाज कराने में दिक्कत नहीं होगी। सीएम नायब सैनी ने 1090 डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र सौंपा है। इनमें स्वास्थ्य विभाग के 561 डॉक्टर्स और आयुष विभाग के 529 आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी शामिल हैं। हरियाणा में अब डॉक्टरों की कमी पूरी की जाएगी। महिला दिवस पर सीएम नायब ने 705 महिला डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र सौंपा है।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश में नवचयनित 705 महिला चिकित्सा अधिकारियों सहित कुल 1090 चिकित्सा अधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमें स्वास्थ्य विभाग के 561 डॉक्टर्स और आयुष विभाग के 529 आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी शामिल हैं।
पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय अभिसंस्करण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज नियुक्त हुए डॉक्टर्स की सेवा में आने से प्रदेश में डॉक्टरों की कमी पूरी होगी। वर्तमान में 777 चिकित्सा अधिकारियों के नियमित पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। प्रदेश में डॉक्टरों की कमी को पूरा करने के लिए वर्तमान सरकार ने अथक प्रयास किए हैं।
2014 से अब तक 2807 चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती
सरकार ने प्रदेश में एमबीबीएस की सीटें बढ़ाकर 2,185 कर दी हैं, जबकि वर्ष 2014 में केवल 700 एमबीबीएस सीटें थीं। इसके अलावा, पीजी की सीटें भी 289 से बढ़ाकर 1006 की गई हैं। राज्य सरकार ने वर्ष 2014 से अब तक 2807 चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती की है।
हरियाणा को देश में मिला पहला स्थान
डॉक्टरों की कड़ी मेहनत से ही एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम के तहत आज हरियाणा को देश में प्रथम स्थान मिला है। स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव ने कहा कि प्रदेश का स्वास्थ्य विभाग लगातार इंफ्रास्ट्रक्चर, मैनपावर, उपकरणों व दवाइयों आदि के मामले में अपग्रेड हो रहा है।
पंचकूला, पानीपत, फरीदाबाद, सोनीपत, पलवल, सिरसा, कैथल, महेंद्रगढ़ और मेडिकल कालेज नूंह में 9 स्पेशलिस्ट एमसीएच विंग स्थापित किए जाएंगे। हरियाणा सरकार 17 अक्टूबर 2024 से किडनी के मरीजों को मुफ्त डायलिसिस सेवाएं प्रदान कर रही है। स्टेज-3 व स्टेज-4 के कैंसर मरीजों को 3000 रुपये प्रतिमाह की सहायता दी जा रही है।
महिला दिवस पर सीएम ने इनको किया सम्मानित
मुख्यमंत्री ने लिंगानुपात में सुधार हेतु जिलों को राज्य स्तरीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया। करनाल और यमुनानगर जिले को संयुक्त रूप से पहला पुरस्कार प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने करनाल के उपायुक्त उत्तम सिंह और यमुनानगर के उपायुक्त पार्थ गुप्ता को 2.50-2.50 लाख रुपये की राशि देकर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने जिला करनाल की शांता रंगा को 5 लाख रुपये की राशि का सुषमा स्वराज पुरस्कार, जिला हिसार की कुमारी बाला वर्मा और जिला जींद की रेखा रानी धीमान को 1.50-1.50 लाख रुपये की राशि के इंदिरा गांधी महिला शक्ति पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।