Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Chandigarh News: बजट सत्र से पहले विधानसभा में होगी अभेद्य सुरक्षा, सदन में बनेगी सुरक्षा दीवार

    Updated: Sat, 03 Feb 2024 07:29 PM (IST)

    बजट सत्र शुरू होने से पहले विधानसभा में सदन की सुरक्षा अभेद्य होगी। इसके लिए दीर्घा और प्रेस दीर्घा के सामने सिक्योरिटी ग्लास लगाए जाएंगे। विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने वास्तुकला विभाग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की है। एसएस के ब्लॉकों का साइज तीन गुना डेढ़ इंच रहेगा तथा इसमें 304 ग्रेड के स्टेनलेस स्टील का प्रयोग किया जाएगा।

    Hero Image
    बजट सत्र से पहले विधानसभा में होगी अभेद्य सुरक्षा (फाइल फोटो)।

    राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। विधानसभा में सदन की सुरक्षा अभेद्य होगी। बजट सत्र शुरू होने से पहले सदन में दर्शक दीर्घा और प्रेस दीर्घा के सामने सिक्योरिटी ग्लास लगाए जाएंगे, जो मंत्रियों और विधायकों की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे।

    13 दिसंबर को संसद की सुरक्षा में हुई चूक से सबक लेते हुए विधानसभा सचिवालय की ओर से सदन की सुरक्षा को अभेद्य बनाया जा रहा है। इसको लेकर विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने वास्तुकला विभाग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बैठक में तय हुआ कि सदन की दर्शक दीर्घा और प्रेस दीर्घा के सामने सिक्योरिटी ग्लास स्थापित किया जाएगा। फर्श से सिक्योरिटी ग्लास की ऊंचाई करीब साढ़े आठ फीट रहेगी। यहां बनने वाली दीवार पूरी तरह से अभेद्य होगी।

    बजट सत्र से पहले तैयार होगी सुरक्षा दीवार

    दीवार को बनाने के लिए 13.5 मिलीमीटर की मोटाई वाले सिक्योरिटी ग्लास का प्रयोग होगा। इसके लिए दो टफन्ड शीशों को आपस में जोड़ा जाएगा। इसकी बनावट इस प्रकार से होगी कि छह एमएम की मोटाई वाले दो टफन्ड शीशों के बीचोंबीच 1.5 एमएम का केमिकल रहेगा। बीच में केमिकल की परत इसलिए लगाई जाएगी कि अगर किसी बहुत भारी वस्तु से उस पर प्रहार भी किया जाएगा तो भी ग्लास के टुकड़े नीचे नहीं गिरेंगे।

    ये भी पढ़ें: Ambala News: ओलावृष्टि से परेशान किसानों को मुआवजा दे सरकार, विशाल जन आक्रोश रैली में जमकर बरसे भूपेंद्र सिंह हुड्डा

    विशेषज्ञों का कहना है कि टफन्ड ग्लास सामान्य शीशे से पांच गुणा ज्यादा मजबूत होता है। इस ग्लास को नौ-नौ फीट की दूरी पर स्टेनलेस स्टील के ब्लॉकों से स्थापित किया जाएगा। एसएस के ब्लॉकों का साइज तीन गुना डेढ़ इंच रहेगा तथा इसमें 304 ग्रेड के स्टेनलेस स्टील का प्रयोग किया जाएगा।

    गोलाई में करीब 80 फीट लंबा दर्शक दीर्घा

    दर्शक दीर्घा के सामने का हिस्सा गोलाई में करीब 80 फीट लंबा है, जबकि प्रेस दीर्घा के सामने 60 फीट की लंबाई बनती है। यहां नौ-नौ फीट की दूरी पर एसएस ब्लॉकों में तीन फीट की चौड़ाई वाले ग्लास लगेंगे। सिरे वाले ग्लास को एसएस ब्लॉक से, जबकि बीच वाले ग्लास को आस-पास के ग्लास के सहारे स्पाइडर फिटिंग के साथ जोड़ा जाएगा।

    18 फरवरी तक सदन में बना दी जाएगी सुरक्षा दीवार

    विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को निर्देश दिए कि 20 फरवरी से विधानसभा का बजट सत्र शुरू होगा। इसलिए यह कार्य 18 फरवरी से पहले पूरा करना होगा। उन्होंने कहा कि विधान भवन लोकतंत्र का मंदिर है, इसलिए इसकी सुरक्षा के लिए हर प्रकार के एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।

    ये भी पढ़ें: Haryana: 'भाजपा सरकार की एक ही नीति, कर्जा लो और घी पीओ', बजट के सवाल पर बिफरे भूपेंद्र सिंह हुड्डा