यमुनानगर से कुरुक्षेत्र तक बाढ़ का तांडव, HSDRF ने बचाई 125 से ज्यादा लोगों की जान
हरियाणा राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (HSDRF) ने फरीदाबाद झज्जर कुरुक्षेत्र अंबाला और यमुनानगर जैसे जिलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए बाढ़ में फंसे सैकड़ों लोगों की जान बचाई। यमुनानगर में नदी के कटाव को रोका गया कुरुक्षेत्र में 125-170 लोगों को सुरक्षित निकाला गया। प्रभावित लोगों को भोजन पानी और चिकित्सा सहायता प्रदान की गई।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। हरियाणा स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (HSDRF) ने आज एक बार फिर अपनी त्वरित कार्यवाही, टीम वर्क और साहस का परिचय देते हुए राज्य के कई जिलों में बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकाला।
फरीदाबाद, झज्जर, कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर और बहादुरगढ़ में अलग-अलग स्थानों पर राहत एवं बचाव अभियान चलाए गए।
यमुनानगर जिले के गाँव कमलपुर टापू में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से कई घरों में पानी घुस गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए QRT-1 टीम को रवाना किया गया।
इंस्पेक्टर सतीश कुमार और एएसआई राजेश के नेतृत्व में SDRF टीम ने तेजी से ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों तक पहुँचाया और नदी के कटाव को रोकने के लिए पेड़ काटकर व सैंड बैग्स से अवरोध बनाए। त्वरित कार्रवाई से गाँव को बड़े नुकसान से बचा लिया गया।
इसी प्रकार, शाहाबाद की बाजीगर कॉलोनी, मार्कंडा क्षेत्र में सफल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। ऑपरेशन का नेतृत्व SI संजीव कुमार ने किया, जिनके साथ 10 जवान शामिल थे।
अभियान के दौरान लगभग 125 से 170 लोगों को सुरक्षित निकाला गया, जिनमें बच्चे, महिलाएं, वृद्धजन और बीमार लोग भी शामिल थे।
सभी को सुरक्षित रूप से बाबा मार्कंडेश्वर मंदिर पहुँचाया गया, जहाँ भोजन, पानी, चिकित्सा और ठहरने की समुचित व्यवस्था की गई है।
फरीदाबाद जिले में नीचले इलाकों में पानी भर जाने से कई परिवार प्रभावित हुए। SDRF टीम ने तुरंत पहुँचकर लोगों को उनके घरों से सुरक्षित निकाला और ऊँचे स्थानों पर पहुँचाया। इस दौरान बच्चों और बुजुर्गों को प्राथमिकता दी गई।
झज्जर जिले में जलभराव के चलते ग्रामीणों का जीवन कठिन हो गया था। यहाँ SDRF ने त्वरित राहत अभियान चलाया और प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुँचाया।
विशेष रूप से ग्रामीणों की दैनिक जरूरतों जैसे पीने के पानी और प्राथमिक चिकित्सा पर ध्यान दिया गया।
बहादुरगढ़ में SDRF और स्थानीय पुलिस टीमों ने समन्वय के साथ तेज़ी से काम किया। बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाने के साथ ही उन्हें अस्थायी आश्रयों में ठहराया गया, जहाँ भोजन और चिकित्सा की व्यवस्था की गई। यहाँ पर एमआई ड्रेन टूटने से कई क्षेत्रों में पानी घुस गया जिससे काफी लोग प्रभावित हुए।
अंबाला जिले में SDRF टीम ने उन गाँवों में बचाव अभियान चलाया जहाँ पानी का स्तर अचानक बढ़ गया था और कई परिवार फँस गए थे।
टीम ने नावों और अन्य संसाधनों की मदद से लोगों को निकाला और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया।
हर जिले में SDRF टीमों के साथ स्थानीय पुलिस व प्रशासन ने मिलकर राहत कार्य किया। त्वरित समन्वय, बेहतर रणनीति और चौबीसों घंटे निगरानी के कारण जनहानि को रोका जा सका।
आज के दिन चलाए गए इन बचाव अभियानों ने न केवल सैकड़ों लोगों की जान बचाई बल्कि प्रभावित परिवारों में भरोसा और सुरक्षा की भावना भी पैदा की। SDRF की त्वरित कार्रवाई की पूरे राज्य में सराहना की जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।