Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हरियाणा में युवक कांग्रेस के चुनाव में दीपेंद्र हुड्डा खेमा भारी, दिव्‍यांशु बुद्धिराजा का प्रदेश प्रधान बनना तय

    By Sunil Kumar JhaEdited By:
    Updated: Thu, 11 Nov 2021 08:05 AM (IST)

    हरियाणा में युवक कांग्रेस के आनलाइन चुनाव के नतीजे सामने आ गए हैं। इसमें दीपेंद्र सिंह हुड्डा का खेमा विरोधी गुटों पर भारी पड़ा है। चुनाव नतीजों को देखते हुए दिव्‍यांशु बुद्धिराजा का युवक कांग्रेस का प्रदेश प्रधान बनना तय है।

    Hero Image
    हरियाणा युवक कांग्रेस के चुनाव के नतीजे के बाद दिव्‍यांशु बुद्धिराजा का प्रदेश अध्‍यक्ष बनना तय है । (जागरण)

    राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में आनलाइन तरीके से हुए युवक कांग्रेस के पदाधिकारियों के चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनके सांसद बेटे दीपेंद्र सिंह हुड्डा समर्थक उम्मीदवारों ने अधिकतर पदों पर जीत का परचम लहराया है। इस चुनाव में हुड्डा समर्थक उम्मीदवार कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा, रणदीप सुरजेवाला, किरण चौधरी और कुलदीप बिश्नोई समर्थक उम्मीदवारों पर भारी पड़े हैं। प्रदेश अध्यक्ष पद पर दिव्यांशु बुद्धिराजा सबसे अधिक वोट लेकर आगे रहे, जबकि कृष्ण सातरोड दूसरे और मयंक चौधरी तीसरे स्थान पर रहे हैं। इन तीनों को अब इंटरव्यू प्रक्रिया से गुजरना होगा। दिव्यांशु बुद्धिराजा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा और कृष्ण सातरोड प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा व रणदीप सिंह सुरजेवाला के समर्थक हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दीपेंद्र समर्थक दिव्यांशु बुद्धिराजा का प्रदेशाध्यक्ष बनना तय, सबसे ज्यादा चार लाख 90 हजार वोट मिले

    इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिव्यांशु बुद्धिराजा का युवक कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनना तय है। दिव्यांशु एनएसयूआइ के प्रदेश अध्यक्ष हैं तथा हुड्डा के कहने पर विभिन्न आंदोलन व प्रदर्शनों में बढ़ चढ़कर भागीदारी करते रहे हैं। युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद पर आज तक निर्वाचन प्रक्रिया से जितनी बार भी चुनाव हुए, उनमें दिव्यांशु बुद्धिराजा ने सबसे अधिक मत हासिल करने का रिकार्ड बनाया है। दूसरे व तीसरे नंबर पर रहने की वजह से कृष्ण सातरोड व मयंक चौधरी का उपाध्यक्ष बनना तय है।

    सैलजा समर्थक कृष्ण सातरोड को तीन लाख व मयंक चौधरी को मात्र 40 हजार मतों में करना पड़ा संतोष

    युवक कांग्रेस के पदाधिकारियों के चुनाव में हुड्डा खेमे के अधिक उम्मीदवारों की जीत से सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा राजनीतिक रूप से मजबूत हुए हैं। युवक कांग्रेस की वेबसाइट पर बुधवार शाम को प्रदेश अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, जिलाध्यक्ष व हलका प्रधानों के लिए हुए चुनाव के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। प्रदेश अध्यक्ष के अलावा 26 महासचिव में से 21 हुड्डा खेमे के हैं, जबकि पांच उपाध्यक्ष में से चार दीपेंद्र व हुड्डा समर्थक हैं।

    31 जिलाध्यक्षों में से 24 जिलाध्यक्ष भी हुड्डा खेमे के चुनाव जीते हैं। 90 विधानसभा अध्यक्षों में से 77 पर हुड्डा समर्थकों का कब्जा रहा है। दक्षिण हरियाणा में दीपेंद्र समर्थक उम्मीदवारों ने क्लीन स्विप किया है। अंबाला, जींद, भिवानी व हिसार में जिला तथा विधानसभा अध्यक्ष के पदों पर दीपेंद्र समर्थकों ने क्लीन स्विप किया है। अंबाला शहरी व ग्रामीण, कालका, तोशाम, आदमपुर और यमुनानगर में हुड्डा समर्थक हलका अध्यक्ष चुनाव जीते हैं।

    प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए दिव्यांशु, कृष्ण और मयंक को गुजरना होगा इंटरव्यू प्रक्रिया से

    दीपेंद्र सिंह हुड्डा के नजदीकी दिव्यांशु बुद्धिराजा ने प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव में सैलजा व सुरजेवाला समर्थक कृष्ण सातरोड़ को करीब दो लाख मतों के अंतर से शिकस्त दी है। कुल नौ लाख 24 हजार 273 युवाओं ने यूथ कांग्रेस के चुनावों में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। पूरी चुनाव प्रक्रिया आनलाइन रही। वोटिंग भी आनलाइन हुई।

    प्रदेशाध्यक्ष पद के लिए एक दर्जन से अधिक उम्मीदवार मैदान में थे। दिव्यांशु बुद्धिराजा ने चार लाख 90 हजार 755 वोट हासिल किए हैं, जबकि कृष्ण सातरोड़ को दो लाख 94 हजार 99 वोट हासिल हुए। प्रदेशाध्यक्ष पद के लिए 40 हजार 862 वोट लेकर मयंक चौधरी तीसरे नंबर पर रहे हैं। युवक कांग्रेस के पीआरओ मनोज सहारण के अनुसार सप्ताह भर में इंडियन यूथ कांग्रेस द्वारा इंटरव्यू का शेड्यूल जारी होगा। इंटरव्यू होने के बाद हरियाणा के नए प्रदेशाध्यक्ष के नाम का ऐलान हो जाएगा।

    यूथ कांग्रेस के उपाध्यक्ष पद पर इन्होंने मारी बाजी

    अनुसूचित जाति कोटे से उपप्रधान पद के लिए सात हजार 220 वोट लेकर अमनदीप सिंह चुनाव जीते हैं। महिला उपाध्यक्ष पद पर पराग शर्मा का चयन हुआ है। पराग को 15 हजार 933 वोट मिले। पिछड़ा वर्ग कैटेगरी से कृष्ण यादव प्रदेश उपाध्यक्ष चुने गए हैं। उन्हें 17 हजार 507 मत हासिल हुए। ।

    महासचिव पद के लिए ये रहे विजयी

    प्रदेश महासचिव के चुनाव में सिरसा के मोहित शर्मा ने 87 हजार वोट लेकर नंबर वन का स्थान बनाया है। 53 हजार 972 मतों के साथ अभय दहिया दूसरे नंबर पर रहे। समालखा के कांग्रेस विधायक धर्म सिंह छोक्कर के बेटे विकास छोक्कर ने 43 हजार 114 वोट हासिल कर प्रदेश महासचिव पद को हासिल किया है।

    महासचिव पद के लिए सामान्य कैटेगरी में अमनदीप शर्मा (41405 वोट), प्रदीप कुमार (23866 वोट), अंकुर मेहता (36741 वोट), विशाल सैनी (24234 वोट), इंद्रपाल सिंह (30539 वोट), दुष्यंत यादव (24500 वोट), अमन कुमार (25359 वोट), मनप्रीप सिंह चीमा (26220 वोट), हरमनदीप सिंह विर्क (45101 वोट), जसवीर सिंह (38463 वोट) तथा दिनेश पूनिया (29754 वोट) ने चुनाव जीता है।

    महिला कोटे से ये बनीं प्रदेश महासचिव

    महिला कैटेगरी में प्रदेश महासचिव पद के लिए सरला देवी, पूजा पटेल, साक्षी डागर, रेखा, ओमल कुमारी, खुशबू सिंगला, नेहा मंगला तथा मनीष धनखड़ ने चुनाव जीता है। इसी तरह से ओबीसी कैटेगरी से मनोज टाक माही प्रदेश महासचिव बने हैं। अल्पसंख्यक कोटे से महबूब खान, अनुसूचित जाति से देवेंद्र लक्की तथा अनुसूचित जाति महिला वर्ग से पूजा इंदौरा ने प्रदेश महासचिव का चुनाव जीता है।

    चुनाव परिणाम एक नजर में -

    - 26 महासचिव में से 21 हुड्डा खेमे के।

    - 5 उपाध्यक्ष में से 4 दीपेंद्र समर्थक।

    - 31 जिलाध्यक्षों में से 24 हुड्डा समर्थक।

    - 90 हलका अध्यक्षों में 77 हुड्डा के समर्थक।

    comedy show banner