3 महीने पहले हिमानी नरवाल का हुआ था मर्डर, अब कांग्रेस ने दे दिया प्रदेश महासचिव का पद; ये है पूरा मामला
हरियाणा युवक कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव के नतीजे घोषित हो गए हैं। नतीजों में दिवंगत नेता हिमानी नरवाल का नाम भी शामिल था जिसकी हत्या हो गई थी। भाजपा ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। करीब छह माह की चुनाव प्रक्रिया के बाद हरियाणा में युवक कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। अब युवक कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व द्वारा इंटरव्यू के आधार पर प्रदेश अध्यक्ष का फैसला होगा। खास बात यह कि घोषित नतीजों की सूची में रोहतक की उस दिवंगत नेता हिमानी नरवाल का भी नाम था जिसकी हत्या हो गई थी।
इस सूची पर कांग्रेस और भाजपा पोस्ट के जरिये एक-दूसरे को आड़े हाथों लेती रही। हिमानी नरवाल की नियुक्ति प्रदेश महासचिव के पद पर दिखाई गई, लेकिन युवक कांग्रेस की ओर से जारी अधिकृत सूची से बाद में हिमानी नरवाल का नाम हटा दिया गया।
हरियाणा भाजपा की ओर से हिमानी नरवाल और रघुबीर सैनी के नामों का जिक्र करते हुए इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट की गई है कि कांग्रेस को अपनी पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं की कोई जानकारी नहीं है। पहले स्वर्गवासी रघुबीर सैनी को रोहतक की बैठक में बुलाया गया और अब मृतक हिमानी नरवाल को प्रदेश महासचिव घोषित किया गया है। हिमानी भी रोहतक जिले की रहने वाली थी।
हरियाणा कांग्रेस के मीडिया प्रभारी चांदवीर हुड्डा ने भाजपा की इस पोस्ट पर पलटवार करते हुए कहा कि पिछले साल दिसंबर माह में युवक कांग्रेस के चुनाव की प्रक्रिया आरंभ हुई थी। अब रिजल्ट आया है तो भले ही हिमानी नरवाल इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उन्हें कितने वोट मिले, इसका उल्लेख सूची में करना न्यायसंगत रहा है। यह कोई राजनीति का विषय नहीं है। इस मुद्दे पर राजनीति करते हुए संवेदनहीन तो भाजपा हुई है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।