हरियाणा करेगा 'एक देश एक चुनाव' की हिमायत', मनोहर सरकार पूरी तरह तैयार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की समूचे देश में एकसाथ चुनाव कराने की रणनीति में हरियाणा अग्रणी भूमिका निभा सकता है। हरियाणा सरकार ने इसका समर्थन किया है।
जेएनएन, चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की समूचे देश में एकसाथ चुनाव कराने की रणनीति में हरियाणा अग्रणी भूमिका निभा सकता है। हरियाणा पहला ऐसा राज्य है, जिसने सभी राज्यों में एक साथ चुनाव के प्रस्ताव का खुलकर समर्थन किया है। अब 28 फरवरी को नई दिल्ली स्थित भाजपा के नए पार्टी मुख्यालय में एक देश-एक चुनाव एजेंडे पर होने वाली अहम बैठक में प्रदेश के मुख्मयंत्री मनोहर लाल खट्टर फिर से एक साथ चुनाव की पेशकश कर सकते हैं।
28 को नई दिल्ली में होने वाली भाजपा शासित राज्यों के सीएम की बैठक में भागीदारी करेंगे मनोहर
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने 28 फरवरी को उन राज्यों के मुख्यमंत्रियों को बैठक के लिए दिल्ली बुलाया है, जहां भाजपा की सरकारें हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत तमाम शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में होने वाली इस बैठक एक देश-एक चुनाव पर मंथन होगा। होली के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्षों की भी बैठक बुलाई जाएगी। पार्टी देश में सभी राज्यों और लोकसभा के चुनाव एक साथ कराए जाने का माहौल तैयार कर रही है। इस कड़ी में मोदी और शाह की यह बैठक काफी अहम हो गई है।
हरियाणा की मनोहर सरकार का कार्यकाल अक्टूबर 2019 में पूरा होगा। इससे पहले अप्रैल 2019 में ही लोकसभा चुनाव होने हैं। देश में फिलहाल मध्यप्रदेश, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ और राजस्थान समेत कई राज्यों के विधानसभा चुनाव इसी साल के अंत में प्रस्तावित हैं। ऐसे में बैठक के दौरान यदि एक साथ चुनाव कराने की सहमति बनती है तो हरियाणा के चुनाव भी एक साल पहले हो सकते हैं। इसके लिए न केवल भाजपा बल्कि हरियाणा के दूसरे राजनीतिक दल भी तैयार हैं।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के एक देश एक चुनाव के नारे से काफी हद तक सहमत हैं। उन्होंने सार्वजनिक तौर पर कहा कि हरियाणा इस प्रस्ताव का समर्थन करेगा। इसलिए स्पष्ट तौर पर कहा जा सकता है कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल दिल्ली बैठक में मोदी व शाह के एक साथ चुनाव के प्रस्ताव पर फिर से सहमति दे सकते हैं।
------
'' पूरे देश में एक चुनाव प्रणाली से समस्त देशवासियों को फायदा होगा। इससे न केवल खर्चा बचेगा, बल्कि बार-बार के चुनाव की प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा। देश में यदि ऐसा कोई प्रस्ताव आता है तो हरियाणा उसके पक्ष में हैं।
- मनोहर लाल, मुख्यमंत्री, हरियाणा।
------
'' इंतजार न किया जाए। अभी चुनाव का एलान किया जाए। कांग्रेस चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है। होडल में 25 फरवरी को शुरू होने वाली जनक्रांति रथयात्रा से ही आभास हो जाएगा कि प्रदेश की जनता क्या चाहती है।
- भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व सीएम, हरियाणा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।