लोगों का भरोसा जीतेगी हरियाणा पुलिस, सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए करेगी ये सहारनीय कार्य
हरियाणा पुलिस 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाएगी। इसके तहत सड़क सुरक्षा प्राथमिक चिकित्सा और यातायात नियमों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए शिविर लगाए जाएंगे। पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने बताया कि महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा और जनता के साथ संवाद बढ़ाने के लिए शिविर लगाए जाएंगे। यातायात नियमों का पालन कराने के लिए भी अभियान चलाया जाएगा।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा पुलिस जनता के साथ सीधा संवाद बढ़ाएगी। पुलिस अधिकारी लोगों की परेशानी के बारे में जानेंगे और समाधान कराएंगे। 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक सेवा पखवाड़े के अंतर्गत विशेष शिविरों के माध्यम से जनता के साथ संवाद बढ़ाया जाएगा। नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात नियमों का पालन और पराली जलाने की रोकथाम जैसे मुद्दों पर लोगों को जागरूक किया जाएगा।
पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने बताया कि प्रदेश के सभी पुलिस आयुक्त कार्यालयों, रेंज और जिलों में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। महिला सुरक्षा को लेकर भी विशेष अभियान चलाने की योजना है। महिलाओं की सुरक्षा को पुलिस की प्राथमिकता बताते हुए कपूर ने कहा कि यह पहल समाज में आत्मविश्वास और सुरक्षित माहौल पैदा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। संवाद शिविर नागरिकों को सीधे पुलिस अधिकारियों से संवाद करने और सुझाव देने का अवसर प्रदान करेंगे।
पुलिस महानिदेशक के अनुसार यातायात नियमों के पालन और पौधे लगाने को लेकर भी विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन सभी अभियानों की निगरानी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी करेंगे। प्रत्येक इकाई द्वारा आयोजित कार्यक्रमों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर पुलिस मुख्यालय को भेजी जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।