सोमवार को शपथ लेंगे हरियाणा के नए राज्यपाल असीम घोष, बोले- गरीब और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए करेंगे काम
हरियाणा के मनोनीत राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने कहा कि वे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की विकास पहलों का समर्थन करने आए हैं। वे सरकार के साथ मिलकर गरीब और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए काम करेंगे। राज्यपाल घोष ने विपक्ष के विचारों को सुनने और मुख्यमंत्री को अवगत कराने की बात कही। उन्होंने बंडारू दत्तात्रेय का स्थान लिया है।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के मनोनीत राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने कहा कि वे पश्चिम बंगाल से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की प्रगतिशील पहलों को समर्थन और प्रोत्साहन देने आए हैं। वे सरकार के साथ मिलकर प्रदेश में समाज के गरीब और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए काम करेंगे।
नए राज्यपाल शनिवार को धर्मपत्नी मित्रा घोष के साथ हरियाणा राजभवन पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण, मंत्रियों कृष्ण लाल पंवार, महीपाल ढांडा, विपुल गोयल, श्याम सिंह राणा, रणबीर गंगवा, गौरव गौतम, राजेश नागर और मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने उनका स्वागत किया। असीम घोष सोमवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे।
उन्होंने कहा कि विपक्ष को धैर्यपूर्वक सुनने और उनके विचारों और दृष्टिकोणों को समझने की उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। वे सुनिश्चित करेंगे कि मुख्यमंत्री को विपक्ष के विचारों से अवगत कराया जाए। केंद्र सरकार ने हाल ही में बंडारू दत्तात्रेय का कार्यकाल पूरा होने के बाद प्रो. असीम कुमार घोष को हरियाणा का राज्यपाल नियुक्त किया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।