Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    आटा, चावल व दूध... दिल खोलकर पंजाब की मदद कर रहा हरियाणा; CM नायब ने कही दिल छू लेने वाली बात

    Updated: Sat, 13 Sep 2025 09:56 PM (IST)

    पंजाब में बाढ़ से मची तबाही के बाद हरियाणा ने मदद का हाथ बढ़ाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अपील पर प्रदेशवासियों ने बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री भेजी। आटे चावल दाल कपड़े और दवाइयों से भरे ट्रक पंजाब रवाना किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट के समय में इंसानियत ही सबसे बड़ा धर्म है।

    Hero Image
    पंजाब की मदद को हरियाणा ने बढ़ाया हाथ। फाइल फोटो

    राज्य ब्यूरो,  चंडीगढ़। पंजाब में आई भयंकर बाढ़ की त्रासदी ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। खेत पानी में डूब गए और लोगों को अपने घरों को छोड़ राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी। ऐसे कठिन समय में हरियाणा ने इंसानियत दिखाते हुए पड़ोसी राज्य पंजाब की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विशेष अपील जारी कर प्रदेशवासियों से बाढ़ पीड़ितों की मदद करने का आह्वान किया। इसका असर भी दिखाई दिया और देखते ही देखते अलग-अलग जिलों से राहत सामग्री पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों की ओर रवाना होने लगी।

    ट्रकों में भरकर भेजी जा रही इस सामग्री में आटा, चावल, दाल, दूध पाउडर, दवाइयां, कपड़े, कंबल और पीने का साफ पानी शामिल है। राहत के इस अभियान में सिर्फ सरकारी स्तर पर ही नहीं, बल्कि सामाजिक संस्थाओं और आम लोगों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया है। कोई अपने घर से राशन निकालकर दे रहा है तो कोई कपड़े और दवाइयां लेकर राहत शिविरों तक पहुंच रहा है।

    युवाओं ने खुद आगे आकर पैकेट तैयार किए और उन्हें बाढ़ पीड़ितों तक पहुंचाने के लिए ट्रकों में लादा। यह दृश्य अपने आपमें दर्शाता है कि जब इंसानियत की बात आती है तो सीमाएं और सरहदें छोटी हो जाती हैं। बाढ़ से प्रभावित पंजाब के लोगों ने हरियाणा से मिली इस मदद को राहत की बड़ी किरण बताया। उनके चेहरे पर मुस्कान ला दी।

    कई बुजुर्गों ने आंसू भरी आंखों से कहा कि “यह सिर्फ मदद नहीं, भाईचारे की सच्ची मिसाल है।” हरियाणा के अनेक सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत सामग्री पहुंचाने का काम कर रहे हैं। वहीं, नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का लगातार दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित लोगों की समस्याओं को नजदीक से समझा।

    प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राहत और बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सुनिश्चित किया कि हर जरूरतमंद परिवार तक समय पर सहायता सामग्री, चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

    इंसानियत से बढ़कर कोई धर्म नहीं: नायब

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कहते हैं कि संकट की घड़ी में इंसानियत से बढ़कर कोई धर्म नहीं होता। हरियाणा और पंजाब सिर्फ पड़ोसी राज्य नहीं, बल्कि भाई हैं। जब एक प्रदेश आपदा रूपी संकट से जूझ रहा हो तो दूसरा प्रदेश कैसे चुप बैठ सकता हैं।

    हमारे गुरुओं ने हमे सिखाया है कि किरत करो, वंड छको । हमने गुरुओं की इसी भावना को अपनाया। हरियाणा से पहुंची मदद ने बाढ़ प्रभावित लोगों को यह भरोसा दिलाया है कि वे अकेले नहीं हैं।

    इंसानियत की इस डोर ने दोनों राज्यों को और मजबूती से जोड़ दिया है। यह सिर्फ राहत सामग्री नहीं, बल्कि उम्मीद, भरोसे और भाईचारे का पैगाम है जो आने वाली पीढ़ियों तक मिसाल बनेगा।