Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री पर बढ़ा सरकार का पहरा, 100 गानों की लिस्ट तैयार; पांच पर आज फिर लगा बैन

    Updated: Sat, 29 Mar 2025 07:30 PM (IST)

    हरियाणा सरकार ने गानों में अपराध और अपराधियों को बढ़ावा देने पर रोक लगाई है। साइबर क्राइम पुलिस ने अब तक 15 गानों को इंटरनेट मीडिया (Haryana Songs Ban ...और पढ़ें

    Hero Image
    हरियाणा म्यूजिक इंडस्ट्री पर बढ़ा सरकार का पहरा (जागरण फोटो)

    राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा की म्यूजिक इंडस्ट्री का कभी यह ट्रेंड नहीं रहा कि गानों में अपराध और अपराधियों को बढ़ावा दिया जाए। पंजाब की म्यूजिक इंडस्ट्री में जरूर यह ट्रेंड देखा गया। धीरे-धीरे हरियाणा के गायकों ने पंजाब की म्यूजिक इंडस्ट्री के इस ट्रेंड को अपने गानों में शामिल कर लिया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इसका नतीजा यह हुआ कि धीरे-धीरे युवा पीढ़ी इन गायकों के गानों को सुन और देखकर दिशाभ्रमित होने लगी। प्रदेश सरकार ने हरियाणा के युवाओं की इस समस्या को समझा और ऐसे तमाम गानों को सोशल मीडिया से हटाने का निर्णय लिया, जिसमें गन कल्चर को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

    100 गानों की लिस्ट तैयार

    हरियाणा की साइबर क्राइम पुलिस ने करीब 100 गानों की ऐसी लिस्ट तैयार की है, जिन्हें धीरे-धीरे इंटरनेट मीडिया से हटाया जाना है। शुक्रवार और शनिवार को साइबर क्राइम पुलिस ने पांच नये गानों को इंटरनेट मीडिया से हटा दिया है। इससे पहले 10 गानों को इंटरनेट मीडिया से हटाया जा चुका है, जिसके बाद राज्य की म्यूजिक म्यूजिक इंडस्ट्री में हड़कंप मचा हुआ है।

    साइबर क्राइम पुलिस ने इन पांचों गानों का हटाने की कार्रवाई उस स्थिति में अंजाम दी है, जब मुख्यमंत्री नायब सिंह के मंत्रिमंडल में शामिल पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा और सामाजिक न्याय मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने ऐसे गानों को इंटरनेट मीडिया से नहीं हटाए जाने का अनुरोध विधानसभा में किया था।

    मासूम शर्मा के हटाए गए गाने

    साइबर क्राइम पुलिस ने सबसे अधिक गाने जींद जिले के ब्राह्मणवास गांव के रहने वाले मासूम शर्मा (Masoom Sharma Songs) के हटाए हैं, जिसके बाद सिंगर ने तीन दिन पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की थी। तब मासूम शर्मा को न्याय का भरोसा मिला था, लेकिन सरकार राज्य के किसी भी ऐसे गायक के दबाव में नहीं है, जिसके गानों में गन कल्चर और क्राइम को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

    मासूम शर्मा ने सरकार की इस कार्रवाई पर कहा है कि यदि ऐसा ही रवैया चलता रहा तो एक दिन युवा अश्लीलता से भरपूर दूसरे राज्यों के गानों को सुनने की तरफ मुड़ जाएंगे। उनका इशारा भोजपुरी गानों की तरफ था। मासूम शर्मा का यह भी कहना है कि हजारों गानें ऐसे हैं, जिनमें हरियाणवी कल्चर को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

    यह भी पढ़ें- गाने डिलीट होने पर सिंगर मासूम शर्मा ने CM सैनी से की मुलाकात, कहा- कानून सबके लिए बने एक आदमी टारगेट क्यों?

    बजट सत्र में गूंजा मुद्दा

    हरियाणा विधानसभा में बजट सत्र के अंतिम दिन शुक्रवार को बादली के कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स ने हरियाणवी गीतों को इंटरनेट मीडिया से हटाने का विरोध किया था। जिन कलाकारों के गीतों को यूट्यूब (इंटरनेट मीडिया) से हटाया गया है, उनमें मासूम शर्मा, सुमित पारता, अमित सैनी रोहतकिया, हर्ष संधु और राज मावर के गाने शामिल हैं।

    दो गीतों में हरियाणवी कलाकार प्रांजल दहिया ने एक्टिंग कर रखी है। साइबर क्राइम पुलिस ने अमित सैनी रोहतकिया का एफिडेविट, मासूम शर्मा का दो बंदे, सुमित पारता का पिस्तौल, हर्ष संधु का बंदूक और राज मावर व मनीषा शर्मा के बदमाशी गाने को इंटरनेट मीडिया से हटा दिया है। राज मावर के गानों में प्रांजल दहिया ने एक्टिंग की है।

    सिंगर सुमित पारता क्या बोले?

    सुमित पारता के पिस्तौल गाने को जैसे ही सरकार की पॉलिसी का हवाला देते हुए हटाने का ऑप्शन आया, तभी सिंगर ने अपनी टेक्निकल टीम की मदद से उस गाने की जगह दूसरे गाने को रिप्लेस कर दिया।

    अब सुमित का पिस्तौल गाना सर्च करने पर उसकी जगह दूसरा गाना आ रहा है। यह पूरा विवाद लोक गायक मासूम शर्मा तथा सीएम के प्रचार ओएसडी गजेंद्र फोगाट की बयानबाजी के बाद शुरू हुआ था।

    मासूम शर्मा ने दो बंदे गाने को दो माह पहले ही अपने आधिकारिक चैनल पर अपलोड किया था। दो माह में ही इस गाने पर 48 लाख 81 हजार 94 व्यूज आ चुके थे।

    मासूम के 9 गाने बैन

    अब इस गाने को पॉलिसी का हवाला देते हुए इंडिया डोमेन पर बैन कर दिया गया है। अब तक हुए 15 गानों में सबसे ज्यादा नौ गाने मासूम शर्मा के बैन हुए हैं। मासूम शर्मा को शक है कि उनके यह गाने गजेंद्र फोगाट हटवा रहे हैं, जबकि गजेंद्र फोगाट का कहना है कि यह सरकार का पालिसी के आधार पर लिया गया निर्णय लिया है।

    हरियाणवी कलाकारों को राज्य की संस्कृति, खानपान और पहनावे के साथ लोकाचार बढ़ाने वाले गाने लिखने, गाने और फिल्माने चाहिएं। गन कल्चर को गानों में दिखाकर कोई कलाकार समाज का भला कैसे कर सकता है।

    यह भी पढ़ें- हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा में शो में हुई चाकूबाजी, एक युवक की गई जान; पंजाब यूनिवर्सिटी में हुआ था शो