Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हरियाणा को मिले छह नए आइएएस, राज्य के सिविल सेवा में चयनित सात युवा दूसरे राज्यों में सेवाएं देंगे

    By Jagran NewsEdited By: Kamlesh Bhatt
    Updated: Wed, 16 Nov 2022 05:34 PM (IST)

    हरियाणा को सात नए आइएएस मिल गए हैं। केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने 2022 बैच के आइएएस को कैडर अलाट कर दिए हैं। राज्य में आइएएस अधिकारियों के 205 पद हैं जिनमें 40 अधिकारियों के पद चल रिक्त हैं।

    Hero Image
    हरियाणा को मिले सात नए आइएएस। सांकेतिक फोटो

    राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग से हरियाणा सरकार को छह नए आइएएस अधिकारी मिले हैं। इसके अलावा, आइएएस सेवाओं के लिए चयनित हुए हरियाणा के रहने वाले सात आइएएस अधिकारियों को दूसरे राज्यों में सेवा करने का मौका मिला है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग की ओर से 2022 बैच के आइएएस अधिकारियों को काडर अलाट कर उनके राज्य तय किए गए हैं। अब संबंधित राज्य सरकारों द्वारा इन अधिकारियों की पोस्टिंग की जाएगी। हरियाणा में नए आइएएस अधिकारियों के आने से काफी हद तक अधिकारियों की कमी दूर होगी।

    नई दिल्ली के सास्वत सांगवान को हरियाणा काडर मिला है। मध्य प्रदेश की अंजलि श्रोत्रिया, नई दिल्ली के अर्पित सांगल तथा मध्य प्रदेश के अंकित कुमार चौकसे भी अब आइएएस के रूप में हरियाणा में सेवाएं देंगे। केंद्र ने हरियाणा मूल के ही दो अधिकारियों को हरियाणा काडर अलाट किया है। एससी कैटेगरी के राजेश कुमार मौर्य और ज्योति को अब अपने ही प्रदेश में सेवा करने का मौका मिलेगा। इसी तरह से सात आइएएस अधिकारी ऐसे हैं, जो मूल रूप से हरियाणा के हैं, लेकिन अब सेवाएं दूसरे राज्यों में देंगे।

    हरियाणा की महक जैन को गुजरात सरकार में सेवा करने का मौका मिलेगा। इसी तरह प्रतिभा दहिया को भी गुजरात काडर मिला है। कनिका को असम-मेघालय काडर अलाट हुआ है तो पुलकित को सिक्किम में सेवाएं करने का मौका मिलेगा। आनंद मल्होत्रा को केंद्र ने असम-मेघालय काडर दिया गया है। हरियाणा के सचिन शर्मा को हिमाचल प्रदेश और आशिमा गोयल को केरल सरकार में आइएएस के तौर पर सर्विस करने का मौका मिलेगा।

    हरियाणा में आइएएस अधिकारियों की कमी पहले से ही चल आ रही है। इस साल में अभी तक 10 आइएएस रिटायर हो चुके हैं और 2023 के आखिर तक नौ और आइएएस सेवानिवृत्त होंगे। प्रदेश में आइएएस अधिकारियों के कुल 205 पद हैं। इनमें से 40 पद खाली हैं। आइएएस की कमी की वजह से सरकार को कई विभागों में अतिरिक्त मुख्य सचिव या प्रधान सचिव के बजाय आयुक्त एवं सचिव की नियुक्ति की है। प्रदेश सरकार को एक अधिकारी को कई-कई विभागों की जिम्मेदारी तक देनी पड़ रही है।

    हरियाणा के कई आइएएस अधिकारी प्रतिनियुक्ति पर केंद्र सरकार और दूसरे राज्यों में सर्विस कर रहे हैं। सीएम के प्रधान सचिव रहे राजेश खुल्लर विश्व बैंक में कार्यकारी निदेशक के पद पर हैं और वे वाशिंगटन डीसी में कार्यरत हैं। उनकी पत्नी सोनिया त्रिखा हाल ही में स्वास्थ्य सेवाएं हरियाणा की महानिदेशक बनी हैं। विवेक जोशी 15 अप्रैल, 2014 से केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर हैं।

    श्रीकांत वालगद तीन अप्रैल, 2019 से भारत इलेक्ट्रानिक्स लिमिटेड, बेंगलुरु में मुख्य सतर्कता अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। अभिलक्ष लिखी 17 सितंबर, 2018 से केंद्र में कृषि मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव हैं। वहीं दीप्ति उमाशंकर 31 मई, 2021 से कार्मिक एवं प्रशिक्षण की अतिरिक्त सचिव हैं। उनके पति वी़ उमाशंकर हरियाणा सीएम के प्रधान सचिव के पद पर कार्यरत हैं।

    सुकृति लिखी 17 सितंबर, 2018 से अतिरिक्त सचिव के तौर पर भारी उद्योग मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। नीरजा शेखर चार मार्च, 2020 से केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव हैं। श्यामल मिश्रा भी 11 अगस्त, 2017 से केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर हैं। वे गृह मंत्रालय में ज्वाइंट सेक्रेटरी हैं। सीएम के अतिरिक्त प्रधान सचिव रहे डा. राकेश गुप्ता अब केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय में ज्वाइंट सेक्रेटरी के पद पर बतौर प्रतिनियुक्ति कार्यरत हैं।

    सीजी रजनीकांथन सात नवंबर, 2016 से निदेशक, जनगणना कार्य एवं नागरिक पंजीकरण तमिलनाडु, पुंडुचेरी में कार्यरत हैं। ए़ मोना श्रनिवास केंद्रीय चुनाव आयोग में प्रतिनियुक्ति पर रही हैं। वे 15 जून को यहां से रिलीव हो चुकी हैं और वर्तमान में हायर एजुकेशन के लिए अवकाश पर हैं। निखिल गजराज दो सितंबर, 2021 से केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री महेंद्रनाथ पांडेय के साथ उनके सचिव के रूप में कार्यरत हैं। विजय कुमार अगस्त-2019 से कर्नाटक में निदेशक (जनगणना) का काम देख रहे हैं। पंकज यादव भी अब केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर हैं।

    नजदीक है इन अधिकारियों की रिटायरमेंट

    प्रदेश के नौ आइएएसअ अधिकारियों की रिटायरमेंट होने वाली है। इनमें से कुछ की इसी साल और बाकियों की अगले साल के आखिर तक रिटायरमेंट होगी। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं एफसीआर वीएस कुंडू 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त होंगे।

    केंद्र के रेवन्यू डिपार्टमेंट में बतौर सचिव कार्यरत तरुण बजाज 30 नवंबर को रिटायर हो रहे हैं। वर्ल्ड बैंक के कार्यकारी निदेशक राजेश खुल्लर अगले साल 31 अगस्त को रिटायर होंगे। शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव महावीर सिंह 28 फरवरी, 2023 को सेवानिवृत्त होंगे। इसी दिन केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर चल रहे और नागरिक उड्डयन मंत्रालय के महानिदेशक अरुण कुमार भी रिटायर होंगे।

    चार प्रमोटी अफसर भी होंगे सेवानिवृत्त

    चार आइएएस अधिकारी ऐसे हैं, जो प्रमोटी हैं और उनकी रिटायरमेंट भी अब नजदीक है। फरीदाबाद मंडल के मंडलायुक्त विकास यादव 30 सितंबर, 2023 को व गृह विभाग-। में सचिव पद पर कार्यरत विनय सिंह 28 फरवरी को रिटायर होंगे। रोहतक मंडल के आयुक्त जगदीप सिंह भी 30 अप्रैल को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। वे खेल एवं युवा मामले विभाग के महानिदेशक भी रहे हैं। कृषि विभाग के महानिदेशक पद पर कार्यरत हरदीप सिंह की रिटायरमेंट 30 नवंबर को ही होनी है।